एम्स के डॉक्टर को मंत्री के गनरों ने बंधक बनाकर पी
- दिल्ली एम्स के ऑर्थोपैडिक विभाग में कार्यरत डॉ. विशाल शर्मा
- मंत्री के गनरों ने बंधक बनाकर पीटा
- सर्वोदयनगर में मंत्री के आवास पर ले जाकर बंधक बना लिया
विस्तार
गोमतीनगर में शनिवार रात लघु सिंचाई व पशुधन मंत्री राजकिशोर सिंह के दो गनर ने दबंगई दिखाते हुए एम्स के डॉक्टर को पीट दिया।
अपनी लग्जरी गाड़ी में लादकर सर्वोदयनगर में मंत्री के आवास पर ले जाकर बंधक बना लिया और जमकर पिटाई की। डॉक्टर ने किसी तरह पुलिस और अपने दोस्तों को फोन करके बुलाया। दोस्तों की मध्यस्थता पर करीब डेढ़ घंटे बाद डॉक्टर को छोड़ा गया।
दिल्ली एम्स के ऑर्थोपैडिक विभाग में कार्यरत डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि वे 10 दिन की छुट्टी पर इंदिरानगर के सेक्टर-14 स्थित अपने घर आए हैं। किसी काम से रात को फन मॉल की तरफ जा रहे थे।
मंत्री के गनरों ने डॉक्टर को कारबाइन से पीटा
चौराहे के पास पीछे से आई लग्जरी गाड़ी ने उनकी कार को ओवरटेक करके रोका। गाड़ी से दो गनर समेत तीन लोग उतरे और गाड़ी को टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए पीटने लगे।
डॉ. विशाल ने बताया कि उन्हें कारबाइन से भी पीटा गया। फिर अपनी गाड़ी में जबरदस्ती बैठा लिया। एक साथी ने उनकी कार कब्जे में ले ली और सर्वोदयनगर में मंत्री राजकिशोर के आवास पर ले जाकर बंधक बना लिया।
डॉ. विशाल ने कहा कि वे गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन हमलावरों ने एक न सुनी। मौका पाकर पुलिस को कॉल की और अपने दोस्तों को फोन करके बुलाया। मंत्री के आवास पर पहुंचे दोस्तों ने हर्जाना देने का वादा करके डॉक्टर को चंगुल से छुड़ाया।
पिटाई से घायल डॉ. विशाल ने प्राथमिक उपचार कराया और अपने परिचित पुलिस अधिकारियों को फोन करके कार्रवाई में मदद मांगी।