छत्तीसगढ़: आईजीपी पर कांस्टेबल ने लगाया शोषण का आरोप, जांच के आदेश
छत्तीसगढ़ स्थित मुंगेली जिले की महिला कांस्टेबल ने बिलासपुर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) पर शोषण का आरोप लगाया है। इस मामले की जांच राज्य गृह मंत्री रामसेवक पैकरा ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
राज्य के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिलासपुर क्षेत्र के आईजीपी पवन देन के खिलाफ बगल के जिले मुंगेली में तैनात महिला कांस्टेबल ने शोषण की शिकायत दर्ज कराई है। महिला मुंगेली पुलिस लाइम में तैनात है और बिलासपुर के चकरभाटा थाने और बिलासपुर के एसपी के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आईजीपी पवन देव 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं।
कांस्टेबल ने अपनी शिकायत में लिखा है कि बिलासपुर के आईजीपी अक्सर आधी रात में फोन कर उसे अपने बंगले पर आने के लिए दबाव डालते थे। इतना ही नहीं महिला कांस्टेबल ने आईजीपी के साथ हुई उसकी बातचीत की ऑडियो क्लिपिंग भी उपलब्ध कराई है।
आईजीपी ने किया आरोपों से इंकार
कांस्टेबल के मुताबिक यह ऑडियो 17 जून का है जब केंद्रीय गृहमंत्री बिलासपुर के दौरे पर थे और उसकी ड्यूटी वहीं लगाई गई थी। कांस्टेबल द्वारा जारी किए गए ऑडियो क्लिप में यह सुना जा सकता है कि आईजीपी पवन देव ने शराब के नशे में उसे अपने घर आने के लिए कह रहे थे।
वहीं इस मामले में आईजीपी ने आरोपों से साफ इंकार किया और कहा कि यह उनके खिलाफ साजिश है। आईजी ने संवाददाताओं को बताया कि महिला कांस्टेबल , एक पुलिस इंस्पेक्टर के करीब थी, जिसे मैंने गुरूवार से ड्यूटी से डिसमिस कर दिया क्योंकि उसके खिलाफ कई शिकायते आ रही थीं। जिसके बाद इन दोनों ने मिलकर साजिश रची है।
मामले में राज्य के गृहमंत्री ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक अनु उपाध्याय को मालमे की जांच करने के लिए कहा है। वहीं राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय के मुताबिक आयोग ने डीजीपी को जांच कराने के लिए पत्र लिखा है।
Published By Rahul Sankrityayan