Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chhattisgarh ›   Uniform Civil Code will not impact on tribal community culture said CG cm vishnudeo sai

बीजेपी ने मनाया संविधान गौरव दिवस: सीएम साय बोले- आदिवासी समाज की संस्कृति पर नहीं पड़ेगा यूसीसी का प्रभाव

Thu, 26 Nov 2026 09:16 PM IST
Lalit Kumar Singh अमर उजाला नेटवर्क, रायपुर
अमर उजाला नेटवर्क, रायपुर Published by: Lalit Kumar Singh Updated Thu, 26 Nov 2026 09:16 PM IST
सार

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद ने लंबे समय तक बस्तर में लोकतांत्रिक व्यवस्था और विकास को चुनौती दी। नक्सली गणतंत्र के स्थान पर गनतंत्र स्थापित करना चाहते थे, लेकिन बस्तर की जनता ने लोकतंत्र के प्रति अपनी अटूट आस्था बनाए रखी। कठिन परिस्थितियों के बावजूद बड़ी संख्या में मतदान कर लोगों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास बनाये रखा।

विज्ञापन
Uniform Civil Code will not impact on tribal community culture said CG cm vishnudeo sai
ग्रॉफिक्स: अमर उजाला डिजिटल - फोटो : Amar Ujala Digital

विस्तार

छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के लिये समिति बनाई गई है। आदिवासी समाज को भरोसा दिलाते हुए और उनकी आशंकाओं को दूर करते हुए छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों का संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। यूसीसी के प्रावधानों से इन परंपराओं को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। ये बातें छत्तीसगढ़ के सीएम ने रायपुर के शहीद स्मारक भवन में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह में कहीं।

विज्ञापन




मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद ने लंबे समय तक बस्तर में लोकतांत्रिक व्यवस्था और विकास को चुनौती दी। नक्सली गणतंत्र के स्थान पर गनतंत्र स्थापित करना चाहते थे, लेकिन बस्तर की जनता ने लोकतंत्र के प्रति अपनी अटूट आस्था बनाए रखी। कठिन परिस्थितियों के बावजूद बड़ी संख्या में मतदान कर लोगों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास बनाये रखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई हुई है। सुरक्षाबलों के साहस और सुनियोजित रणनीति से बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास के नए अवसर निर्मित हो रहे हैं। अब दूरस्थ क्षेत्रों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
विज्ञापन



उन्होंने कहा कि हमारा संविधान केवल अधिकारों और कर्तव्यों का दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के आदर्शों पर आधारित सशक्त राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शक है। संविधान निर्माताओं ने ऐसे भारत की कल्पना की थी, जहां हर नागरिक को सम्मान, समान अवसर और विकास में भागीदारी मिले। हमारी सरकार इन्हीं संवैधानिक मूल्यों को सुशासन का आधार बनाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
विज्ञापन
विज्ञापन



'संविधान से सुशासन तक'  पुस्तक का विमोचन
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बाबा साहेब के जीवन, विचारों और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया। साथ ही 'संविधान से सुशासन तक : बाबा साहेब के सपनों का सशक्त छत्तीसगढ़' पुस्तक का विमोचन किया। सीएम साय ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत हमारा संविधान भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी की पहल पर वर्ष 2015 से संविधान दिवस का आयोजन प्रारंभ हुआ, जिससे नागरिकों, विशेषकर युवा पीढ़ी को संविधान के आदर्शों और अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को समझने का अवसर मिल रहा है। संविधान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि उसने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार, सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज से आने वाली राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का आसीन होना इसी भावना का सशक्त उदाहरण है। उनका जीवन संघर्ष, परिश्रम और लोकतंत्र में उपलब्ध समान अवसरों की प्रेरणादायी मिसाल है।


लोकतंत्र की रक्षा के लिए हुए संघर्षों को याद रखना जरूरी
मुख्यमंत्री  ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकार हमारे संविधान की अमूल्य देन हैं। उन्होंने वर्ष 1975 के आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में नागरिक स्वतंत्रता और प्रेस की आजादी पर प्रतिबंध लगाए गए। लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले हजारों लोगों को जेल जाना पड़ा।



मुख्यमंत्री ने अपने पारिवारिक अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके बड़े पिताजी नरहरि साय लोकतंत्र सेनानी थे और आपातकाल के विरोध में उन्हें 19 महीने जेल में रहना पड़ा। इस दौरान परिवार को भी अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों का त्याग और संघर्ष हमें संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के प्रति सदैव सजग रहने की प्रेरणा देता है। आने वाली पीढ़ियों को आपातकाल के इतिहास से परिचित कराने के उद्देश्य से 25 जून को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाया जाता है। राज्य सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में पूर्व में बंद की गई सम्मान राशि को पुनः प्रारंभ किया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed