सोनी सोरी को हिंदी अकादमी ने दिया दो लाख का पुरस्कार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली सरकार के अंतर्गत आने वाली हिंदी अकादमी ने शनिवार को हिंदी लेखन में बेहतर काम करने वाले लेखकों को पुरस्कार देने की घोषणा की है। हिंदी अकादमी उपाध्यक्ष मैत्रेयी पुष्पा ने इसकी जानकारी दी। पंद्रह अलग-अलग कैटेगरी में पुरस्कार दिए जाएंगे।
इसमें सर्वोच्च शलाका सम्मान उपन्यासकार असगर वजाहत को दिया जा रहा है। खास बात ये है कि पहली बार दिया जा रहा संतोष कोली पुरस्कार आम आदमी पार्टी की कार्यकर्ता और छत्तीसगढ़ की एक्टिविस्ट सोनी सोरी को दिया जाएगा।
संतोष कोली भी आम आदमी पार्टी की कार्यकर्ता थी जिनकी एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी, उन्हीं की याद में आप सरकार ने यह पुरस्कार शुरू किया है। सोनी सोरी को पुरस्कार स्वरूप दो लाख रुपये की सम्मान राशि भी दी जाएगी। बता दें कि कुछ दिन पूर्व ही सोनी सोरी पर छत्तीसगढ़ में किसी रसायनिक पदार्थ से हमला हुआ था, जिसमें उनका चेहरा बुरी तरह झुलस गया था। उनका इलाज दिल्ली के अस्पताल में चला था।
कहानीकार राजी सेठ को दिल्ली शिखर सम्मान देने का ऐलान
इसके अलावा दिल्ली शिखर सम्मान महिला लेखक राजी सेठ को दिया जा रहा है। सभी पुरस्कार इस माह एक आयोजन के दौरान दिए जाएंगे। मैत्रेयी पुष्पा ने बताया कि यह पुरस्कार हिंदी लेखन के अलग-अलग कैटेगरी में दिया जाता है। पुरस्कार पाने वालों को सम्मान राशि भी दी जाएगी।
शलाका सम्मान पाने वाले उपन्यासकार असगर वजाहत को पांच लाख रुपये की सम्मान राशि मिलेगी। दिल्ली शिखर सम्मान पाने वाली हिंदी की कहानीकार राजी सेठ को भी दो लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। बाकी अन्य कैटेगरी में सभी पुरस्कार पाने वालों को एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जा रहा है।
इस कैटेगरी में हिंदी अकादमी का विशिष्ट योगदान पुरस्कार कंवल भारती, काव्य सम्मान असद जैदी, गद्य विधा सम्मान अनुपम मिश्र, ज्ञान प्रौद्योगिकी सम्मान देवेंद्र मेवाड़ी, बाल साहित्य सम्मान दीपचंद्र निर्मोही, नाटक सम्मान जयदेव तनेजा, हास्य व्यंग्य सम्मान अलका पाठक, अनुवाद सम्मान अमृता मेहता, हिंदी सेवा सम्मान विमल थोराट, सह भाषा सम्मान मालचंद तिवाड़ी और हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र मे प्रिंट मीडिया से ओम थानवी और टीवी मीडिया के प्रियदर्शन को पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।