'अपराध करना पाप, कानून हमारा बाप': 72 घंटे में निकली हेकड़ी, सितम करने वाला रावण अब पकड़ रहा कान; देखें वीडियो
बंटी साहू उर्फ रावण के खिलाफ 28 से अधिक मामले दर्ज हैं। तीन मामलों में यह फरार था और लगातार इसकी खोजबीन की जा रही थी। बंटी के 9 साथियों को विशेष टीम बनाकर गिरफ्तार किया जा चुका था।
विस्तार
रायगढ़ जिला मुख्यालय में आज एक बार फिर से आदमन अपराधी बंटी का शहर की सड़कों में जुलस निकालकर पुलिस ने आम जनता को भय मुक्त वातावरण का संदेश दिया है। बीते चार दिनों के भीतर पुलिस ने अब तक रावण सहित 10 लोगों को अलग-अलग धाराओं में गिरफ्तार कर रिमांड में जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, डीएसपी अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में गठित स्पेशल टीम ने मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए लूटपाट मामलों में फरार शातिर बदमाश बंटी साहू उर्फ रावण (38 वर्ष) को कल कबीर चैक पर दबोच लिया। बंटी साहू पर मारपीट, लूटपाट और ठगी के तीन नये मामलों में एफआईआर दर्ज थी। वह रायपुर और दुर्ग में छिपकर लगातार लोकेशन बदल रहा था। रायगढ़ लौटते ही पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर कल उसे गिरफ्तार कर लिया।
इन तीनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज करते हुए दूसरे ही दिन नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया। बंटी साहू फरार था, जिसे कल ही पुलिस ने पकड़ लिया था और आज दोपहर जूटमिल थाना से उसका जुलूस निकाला गया। इस दौरान बंटी साहू से पुलिस ने कहलवाया कि 'अपराध करना पाप है, कानून हमारा बाप है।' बंटी साहू के खिलाफ पुलिस अधीक्षक ने जिला बदर की फाइल तैयार करने और उसकी आपराधिक गतिविधियों में शामिल अन्य लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
डीवीआर का डेटा डिलीट करने आया था
डीएसपी साइबर सेल अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में थाना चक्रधरनगर, जूटमिल पुलिस और साइबर सेल की टीम बंटी साहू की लोकेशन पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान बंटी साहू रायगढ़ में अपने घर के सीसीटीवी डीवीआर का डेटा डिलीट करने आया था, तब पुलिस ने उसे घेराबंदी कर कबीर चौक पर गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया है।
28 से अधिक मामले दर्ज
डीएसपी अभिनव उपाध्याय ने बताया कि बंटी साहू उर्फ रावण के खिलाफ 28 से अधिक मामले दर्ज हैं। तीन मामलों में यह फरार था और लगातार इसकी खोजबीन की जा रही थी। बंटी के 9 साथियों को विशेष टीम बनाकर गिरफ्तार किया जा चुका था।
गुंडों पर होती रहेगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने कहा कि पुलिस की यह कार्रवाई नामचीन गुंडो पर लगातार चलेगी और जो भी गंभीर कृत्यों में लिप्त पाया जाएगा। उनके साथ ठोस कार्रवाई के अलावा पुलिस सख्ती के साथ निपटेगी। उन्होंने कहा कि रायगढ़ में कहीं पर भी गुंडो के खिलाफ शिकायत आती है तब तत्काल हमारे द्वारा कार्रवाई की जाती है। इसी क्रम में बंटी साहू के खिलाफ शिकायत आई थी कि उसके और उनके कुछ साथियों के द्वारा मारपीट की गई थी। जिसका वीडियो भी सामने आया था, जिसे संज्ञान में लेते हुए तीन अलग-अलग मामलों में अपराध दर्ज करते हुए बंटी साहू समेत उसके 9 साथियों को गिरफ्तार किया गया।
इन तीन मामलों में थी तलाश
1. रोमेश साहू से मारपीट और लूटपाट का मामला (जूटमिल- धारा 127(2), 296,309(4), 351(2) बीएनएस)। बंटी साहू और उसके 11 साथियों ने रमेश साहू को बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट की थी। इस घटना का वीडियो वायरल हुआ, जिसके बाद पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई।
2. सागर साहू, मालीडीपा से गणेश विसर्जन दौरान लूट, मारपीट (जूटमिल- धारा 127(2), 296,309(4), 351(2) बीएनएस): बंटी और उसके साथियों ने सागर साहू से मारपीट और लूटपाट की।
3. महिला कंचनबाई, आईटीआई कालोनी (चक्रधरनगर- धारा 296, 351(2), 115(2),127(2),140(3),309(6),309(4),3(5) बीएनएस): महिला ने उसके बेटे मोहन बोहिदार के साथ बंटी और उसके दो साथियों पर लूटपाट और मारपीट का मामला दर्ज कराया। इन तीनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज के दूसरे ही दिन नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया।
बदमाश बंटी का आपराधिक इतिहास
1. बंटी साहू पर थाना जूटमिल में 2007 से ठगी, मारपीट और लूटपाट के 28 अपराधिक मामले और 08 प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं।
2. जिला बदर: जून 2023 में बंटी पर एक साल के लिए जिला बदर की कार्यवाही की गई थी।
3. जिला बदर अवधि समाप्त होने के बाद वह रायगढ़ लौटकर अपराध करने लगा।
दोबारा जिला बदर की तैयारी
बंटी साहू के खिलाफ पुलिस अधीक्षक ने जिला बदर की फाइल तैयार करने और उसकी आपराधिक गतिविधियों में शामिल अन्य लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.