राहुल बताएं थाइलैंड में वो क्या पहन कर घूमे: परिकर
राहुल गांधी द्वारा मोदी सरकार के एक साल पूरे होने पर सूट बूट की सरकार को एक साल की बधाई वाले तंज पर रक्षामंत्री मनोहर परिकर ने पलटवार किया है।
रांची में एक कार्यक्रम के दौरान रक्षामंत्री परिकर ने कहा कि जो लोग किसी सरकार की गतिविधियों का मूल्यांकन उनके कपडों से करते हैं उन्हें पहले ये बताना चाहिए कि अपने अज्ञातवास के दौरान उन्होंने क्या किया। राहुल का नाम लेते हुए परिकर ने कहा कि पहले राहुल ये बताएं थाइलैंड में 56 दिन रहने के दौरान उन्होंने क्या पहना।
वो वहां क्या पहन कर घूमे और इतने दिन क्या किया। तुम दूसरों पर सवाल करते हो पहले तुम्हे इन सवालों के जवाब देने चाहिएं। गौरतलब है की कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी लगातार मोदी सरकार पर सूटबूट की सरकार कहकर हमला कर रहे हैं। जबकि राहुल के इस वार से भन्नाए भाजपाई उन्हें उनके अज्ञातवास को लेकर निशाना बनाए हुए हैं।
नक्सल विरोधी अभियान में सेना की तैनाती नहीं
वहीं रक्षा मंत्री ने नक्सल विरोधी अभियान में सेना की तैनाती की संभावना से इनकार किया है। परिकर के मुताबिक, अगर मांग की गई तो तो इस समस्या के समाधान के लिए साजोसामान की मदद के साथ ही पुलिस को प्रशिक्षण मुहैया कराया जाएगा।
पत्रकारों से बातचीत में रक्षा मंत्री ने बुधवार को साफ किया कि नक्सल आंदोलन में विदेशी हाथ नहीं है। बकौल परिकर, हम सेना का इस्तेमाल वहीं करते हैं जहां बाहरी फौजें शामिल होती हैं। हम कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ सेना का इस्तेमाल करते हैं।
रक्षा मंत्री एक सवाल का जवाब दे रहे थे, जिसमें उनसे छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के बढ़ते दखल के चलते सेना की तैनाती की बाबत पूछा गया था। जन कल्याण मेले का उद्घाटन करने के लिए परिकर रायपुर पहुंचे थे।
परिकर ने कहा कि उनकी सरकार ने वन रैंक वन पेंशन मामले में भी एक मसौदा तैयार किया है और यह जल्द ही सबके सामने होगा। एक दिन पहले मंगलवार को रक्षा मंत्री परिकर ने साफ किया था कि देश के हमलावरों को उन्हीं की शैली में जवाब दिया जाएगा।