Korba: हाथियों के आतंक से सहमें ग्रामीण, मकानों को किया ध्वस्त, जानवरों को उतारा मौत के घाट
कोरबा के कटघोरा वनमंडल में हाथियों का उत्पात कम होने का नाम नहीं ले रहा। एक बार फिर झुंड से अलग हुए हाथियों ने गांव में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने दो मकानों को ध्वस्त कर तीन मवेशियों को मौत के घाट उतारा है।
विस्तार
कोरबा के कटघोरा वनमंडल में हाथियों का उत्पात कम होने का नाम नहीं ले रहा। एक बार फिर झुंड से अलग हुए हाथियों ने गांव में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने दो मकानों को ध्वस्त कर तीन मवेशियों को मौत के घाट उतारा है। मकान में रखे अनाज को अपना निवाला बनाया। घटना से सहमे ग्रामीणों ने जैसे-तैसे रात गुजारी।
घटना कटघोरा वनमंडल के पसान वन परिक्षेत्र के ग्राम हरदेवा की है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में 48 हाथियों का झुंड बीते कुछ दिनों से विचरण कर रहा है। इस दल में से 30 हाथी अलग हुए और रात में हरदेवा गांव में जा पहुंचे। जहां हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने यहां रहने वाले वीर सिंह के घर को तोड़ दिया। घर के बाहर बंधे तीन मवेशियों पर हमला करके मौत के घाट उतार दिया। मृत मवेशियों में एक बैल व दो बछड़े शामिल है। इसके बाद भी हाथियों का उत्पात नहीं थमा। हाथियों ने सहदेव के मकान को ध्वस्त करते हुए वहां रखे चावल व अन्य खाद्य सामग्री को बर्बाद कर दिया। हाथियों का झुंड उत्पात मचाने के बाद जंगल की ओर कुच कर गया। हाथियों के उत्पात की खबर पर वन अमला मौके पर पहुंचा। हाथियों की निगरानी की जा रही है।
ग्रामीणों ने भागकर बचाई जान
हाथियों ने अचानक गांव में घुसकर उत्पात मचाना शुरू कर दिया। रात 11 बजे ग्रामीण अपने-अपने घरों में सो चुके थे। अचानक मकान ध्वस्त किए जाने के बाद उनकी नींद खुली। किसी तरह भाग कर उन्होंने जान बचाई। नहीं तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
