{"_id":"69ee216e0d60c847de0c0f45","slug":"liquor-served-under-guise-of-dhaba-liquor-seized-two-days-ago-kanchan-dhaba-sealed-korba-news-c-1-1-noi1487-4213190-2026-04-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"Korba News: ढाबे की आड़ में शराबखोरी,दो दिन पहले ही हुई थी शराब जब्त,कंचन ढाबा सील","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Korba News: ढाबे की आड़ में शराबखोरी,दो दिन पहले ही हुई थी शराब जब्त,कंचन ढाबा सील
Sun, 26 Apr 2026 08:18 PM IST
कोरबा ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा
अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा
Published by: कोरबा ब्यूरो
Updated Sun, 26 Apr 2026 08:18 PM IST
सार
कोरबा 26 तारीख को कटघोरा पुलिस ने अवैध शराब खोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे पर संचालित कंचन ढाबा को सील कर दिया है।
विज्ञापन
korba
विस्तार
कोरबा 26 तारीख को कटघोरा पुलिस ने अवैध शराब खोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे पर संचालित कंचन ढाबा को सील कर दिया है। पुलिस प्रशासन के सख्त निर्देशों की अनदेखी और लगातार मिल रही शिकायतों के बाद राजस्व विभाग के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। ढाबे से दो दिन पहले ही भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की गई थी।
विज्ञापन
कटघोरा थाना क्षेत्र के तानाखार में नेशनल हाईवे-130 पर स्थित कंचन ढाबा में लंबे समय से अवैध रूप से शराब पिलाने की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने कई बार पुलिस को सूचना दी थी कि ढाबे में खुलेआम शराब खोरी कराई जा रही है। इससे हाईवे पर आए दिन विवाद और हंगामे की स्थिति बन रही थी।
विज्ञापन
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कटघोरा पुलिस ने दो दिन पहले ढाबे में छापेमारी की थी। इस दौरान ढाबे से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई थी। पुलिस ने मौके से शराब जब्त कर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। इसके बाद भी ढाबा संचालक द्वारा पुलिस के निर्देशों की अनदेखी की जा रही थी।
विज्ञापन
लगातार नियमों की अवहेलना और अवैध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने राजस्व विभाग को रिपोर्ट भेजी। राजस्व विभाग के निर्देश पर शनिवार को कटघोरा पुलिस ने ढाबे को सील करने की कार्रवाई की। इस दौरान भूमि स्वामी सुरेंद्र सिंह ने पुलिस की मौजूदगी में खुद ढाबे पर ताला लगाया।
कटघोरा थाना प्रभारी ने बताया कि जिले में सजग कोरबा – सतर्क कोरबा अभियान के तहत अवैध शराब बिक्री और शराब खोरी पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। हाईवे पर संचालित होटल-ढाबों की नियमित जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी ढाबा संचालक को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब खोरी कराने वाले ढाबा संचालकों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इससे हाईवे पर होने वाले अपराधों में कमी आएगी।

korba

korba