{"_id":"6a08360c6a36ad647f0f4e60","slug":"102-mahtari-express-and-muktanjali-ambulance-services-hit-by-diesel-petrol-shortage-camp-writes-to-health-department-and-collector-korba-news-c-1-1-noi1487-4288576-2026-05-16","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"छत्तीसगढ़ में तेल संकट का असर: कोरबा समेत कई जिलों में 102 महतारी एक्सप्रेस और 1099 एंबुलेंस सेवाएं प्रभावित","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
छत्तीसगढ़ में तेल संकट का असर: कोरबा समेत कई जिलों में 102 महतारी एक्सप्रेस और 1099 एंबुलेंस सेवाएं प्रभावित
Sat, 16 May 2026 03:23 PM IST
कोरबा ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा
अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा
Published by: कोरबा ब्यूरो
Updated Sat, 16 May 2026 03:23 PM IST
सार
छत्तीसगढ़ में डीजल-पेट्रोल की कमी से 102 महतारी एक्सप्रेस और 1099 मुक्तांजलि एंबुलेंस सेवाओं के संचालन में बाधा आ रही है। 'कम्युनिटी एक्शन थ्रू मोटिवेशन प्रोग्राम – कैम्प' ने स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय को पत्र लिखकर सभी जिला कलेक्टरों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है।
विज्ञापन
korba
विस्तार
छत्तीसगढ़ में डीजल-पेट्रोल की कमी के कारण 102 महतारी एक्सप्रेस और 1099 मुक्तांजलि एंबुलेंस सेवा के संचालन में गंभीर दिक्कतें आ रही हैं। ‘कम्युनिटी एक्शन थ्रू मोटिवेशन प्रोग्राम – कैंप’ ने इस संबंध में स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय को पत्र लिखा है। कैंप ने सभी जिला कलेक्टरों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है ताकि इन महत्वपूर्ण सेवाओं का निर्बाध संचालन सुनिश्चित हो सके।
विज्ञापन
कैंप ने स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय, नवा रायपुर को लिखे पत्र में बताया कि उनकी फर्म प्रदेश में इन निशुल्क वाहन सेवाओं का संचालन कर रही है। वर्तमान में बस्तर के दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर और कोरिया जैसे जिलों में ईंधन की गंभीर किल्लत है। कई ईंधन पंप संचालक सीमित मात्रा में ही डीजल दे रहे हैं, जिससे वाहनों को लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ रही है।
विज्ञापन
कोरबा में भी ऐसी समस्याओं से बचने के लिए स्वास्थ्य अधिकारी को पत्र लिखा गया है। 102 सेवा गर्भवती माताओं और नवजात शिशुओं को समय पर अस्पताल पहुंचाती है, जबकि 1099 मुक्तांजलि सेवा मृत व्यक्तियों के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक घर तक पहुंचाती है। ये दोनों सेवाएं ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लिए बेहद संवेदनशील हैं। ईंधन की कमी से एंबुलेंस के प्रतिक्रिया समय में बढ़ोतरी हो रही है, जिससे मरीजों और आम नागरिकों को समय पर सेवा नहीं मिल पा रही है।
विज्ञापन
कैंप ने जनहित में मांग की है कि सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी किए जाएं। इन निर्देशों के तहत 102 और 1099 एंबुलेंस वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर निर्बाध डीजल-पेट्रोल मिल सके। साथ ही, जिला प्रशासन और ईंधन पंप संचालकों के बीच समन्वय स्थापित कर स्वास्थ्य आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए जाएं। पत्र में चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो प्रदेश की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होंगी और आमजन को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ेगा।
छत्तीसगढ़ के कई पेट्रोल पंपों में पेट्रोल और डीजल नहीं मिलने के कारण लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कोरबा से कई लोग पड़ोसी जिलों जैसे रायगढ़, शक्ति और जांजगीर की यात्रा करते समय ईंधन की कमी से जूझ रहे हैं। कोरबा का एक परिवार रायगढ़ में एक पारिवारिक कार्यक्रम में गया था। उन्हें शक्ति में दो से तीन पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल नहीं मिला, जिससे उन्हें काफी भटकना पड़ा। बड़ी मुश्किल से एक पेट्रोल पंप पर उन्हें पेट्रोल उपलब्ध हो पाया, जिसके बाद वे शक्ति से कोरबा वापस आ पाए।