{"_id":"6b0440b1094138126b0b4c9c","slug":"kondagaon-cm-vidhnu-deo-sai-launches-kondanar-premium-rice-2026-11-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"कोंडागांव: सीएम साय ने ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ किया लॉन्च; अब 730 किसानों की परंपरागत उपज को मिलेगी नई पहचान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कोंडागांव: सीएम साय ने ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ किया लॉन्च; अब 730 किसानों की परंपरागत उपज को मिलेगी नई पहचान
Mon, 23 Nov 2026 07:03 PM IST
Lalit Kumar Singh
अमर उजाला नेटवर्क, रायपुर
अमर उजाला नेटवर्क, रायपुर
Published by: Lalit Kumar Singh
Updated Mon, 23 Nov 2026 07:03 PM IST
सार
अब कोंडागांव जिला प्रशासन की पहल पर किसानों के धान का संग्रहण, प्रसंस्करण, ग्रेडिंग और आकर्षक पैकेजिंग कर उसे ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ के नाम से बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा। इससे स्थानीय धान को अलग पहचान मिलने के साथ किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करने के अवसर बढ़ेंगे।
विज्ञापन
सीएम विष्णुदेव साय का सम्मान करते बीजेपी कार्यकर्ता
- फोटो : Amar Ujala Digital
विस्तार
छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने आज सोमवार को कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने जिले में 132 करोड़ 69 लाख 43 हजार रुपये की लागत के 49 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया। सुदूर वनांचल के किसानों की उपज को नई बाजार पहचान दिलाने के लिए ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड लॉन्च किया।
विज्ञापन
अब कोंडागांव जिला प्रशासन की पहल पर किसानों के धान का संग्रहण, प्रसंस्करण, ग्रेडिंग और आकर्षक पैकेजिंग कर उसे ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ के नाम से बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा। इससे स्थानीय धान को अलग पहचान मिलने के साथ किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करने के अवसर बढ़ेंगे। बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी और मूल्य संवर्धन का लाभ भी किसानों तक पहुंच सकेगा।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य पेन खण्डा मुदिया के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की। साय ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे गांवों और वहां रहने वाले प्रत्येक परिवार तक पहुंचे। दूरस्थ वनांचलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही किसानों की मेहनत को उचित मूल्य और ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के नए अवसर देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों, परंपरागत कृषि पद्धतियों और ग्रामीण प्रतिभाओं को नए अवसरों से जोड़कर ही समृद्ध और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ का निर्माण किया जा सकता है।
विज्ञापन
56 गांवों के ग्रामीणों को मिलेगी राहत
सीएम साय ने धनोरा में 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया। इस स्वास्थ्य केंद्र से धनोरा सहित आसपास के 56 गांवों के लगभग 56 हजार ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। अब क्षेत्र के लोगों को सामान्य बीमारियों के उपचार, स्वास्थ्य जांच और अन्य आवश्यक चिकित्सा सेवाओं के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
किसानों की मेहनत को मिलेगी नई पहचान
उन्होंने इस अवसर पर ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड का शुभारंभ कर वनांचल के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की नई पहल की। इस ब्रांड के माध्यम से ग्राम बेचा, किलम, कड़ेनार और मंदोड़ा के लगभग 730 किसानों द्वारा परंपरागत तरीके से उत्पादित धान को संगठित बाजार से जोड़ा जाएगा। इन गांवों के किसान लंबे समय से बिना रासायनिक खाद के प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक कृषि पद्धतियों के आधार पर धान की खेती करते आ रहे हैं। उनकी उपज की अपनी विशिष्टता है, लेकिन बाजार तक सीमित पहुंच के कारण किसानों को इसका अपेक्षित मूल्य नहीं मिल पाता था।
