फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chhattisgarh ›   Kanker News ›   Defense Minister Rajnath Singh's visit to chhattisgarh Kanker today

भूपेश पर रक्षा मंंत्री का हमला: राजनाथ बोले- कांग्रेस के हाथ-मुंह भ्रष्टाचार से काले; धर्मांतरण स्वीकार नहीं

Sat, 01 Jul 2023 01:56 PM IST
मोहनीश श्रीवास्तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कांकेर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कांकेर Published by: मोहनीश श्रीवास्तव Updated Sat, 01 Jul 2023 01:56 PM IST
सार

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। कांकेर में जनसभा के दौरान रक्षामंत्री ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस के भ्रष्टाचार से हाथ और मुंह दोनों काले हैं। मोदी सरकार के नौ साल में किसी ने भ्रष्टाचार को लेकर एक अंगुली नहीं उठाई। हमारे किसी मंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप लग जाए तो उसका स्थान घर नहीं, जेल होगा। 

विज्ञापन
Defense Minister Rajnath Singh's visit to chhattisgarh Kanker today
कांकेर में जनसभा को संबोधित करते रक्षामंत्री राजनाथ सिंह। - फोटो : संवाद

विस्तार

छत्तीसगढ़ के दौरे पर पहुंचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि, छत्तीसगढ़ में लगातार धर्मांतरण हो रहा है। आदिवासियों का धर्मांतरण किया जा रहा है। इसे स्वीकार नहीं कर सकते हैं। आदिवासियों की संस्कृति और उनके योगदान को भूल नहीं सकते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार इसे रोके, जो जरूरत होगी केंद्र मदद करेगी। रक्षामंत्री ने कहा कि, बस्तर की माटी वीरों की है, इसे नमन करता हूं। रक्षामंत्री सिंह शुक्रवार को कांकेर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। 

विज्ञापन

 

Defense Minister Rajnath Singh's visit to chhattisgarh Kanker today
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का रायपुर एयरपोर्ट पर पूर्व सीएम रमन सिंह सहित अन्य नेताओं ने स्वागत किया। - फोटो : Chhattisgarh Election 2023

छत्तीसगढ़ी अभिवादन से की भाषण की शुरुआत
नरहरदेव हाईस्कूल मैदान में हो रही जनसभा में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने अपने भाषण की शुरुआत छत्तीसगढ़ी अभिवादन 'आप सब मनले जोहार' से की। फिर मां दंतेश्वरी के सादर प्रणाम और वीर शहीदों को नमन किया। रक्षामंत्री ने कहा कि, इससे पहले दो बार आया हूं, पर इस बार बहुत देर में कांकेर आया हूं। आपका आशीर्वाद है कि दुरुस्त आया हूं। अपनी तरफ से शीश झुकाकर आप सभी का अभिनंदन और स्वागत। मां दंतेश्वरी की धरती को नमन करता हूं। 

विज्ञापन
विज्ञापन

Defense Minister Rajnath Singh's visit to chhattisgarh Kanker today
कांकेर पहुंचने पर स्थानीय नेताओं ने रक्षामंत्री का स्वागत किया। - फोटो : संवाद

कांग्रेस ने कभी आदिवासियों के लिए राज्य नहीं बनाया
रक्षामंत्री ने कहा कि, छत्तीसगढ़  बनाने की मंशा थी कि हमारे आदिवासी भाई जो सैकड़ों सालों से पीछे खड़े हैं, वो आगे आएं। अटल जी ने इसी भावना से छत्तीसगढ़ और झारखंड का गठन किया। 
कांग्रेस ने लंबे समय तक शासन किया, लेकिन कभी आदिवासियों के लिए राज्य नहीं बनाया। अटल जी चाहते थे कि, आदिवासी आगे बढ़ें। अगर देश में किसी सरकार ने आदिवासियों के लिए मंत्रालय बनाया तो अटल जी ने बनाया। 

विज्ञापन

Defense Minister Rajnath Singh's visit to chhattisgarh Kanker today
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आदिवासी जननायक वीर गुंडाधुर जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। - फोटो : संवाद

अटल जी के प्रयासों को पीएम मोदी आगे बढ़ा रहे
राजनाथ सिंह ने कहा कि, अब उनके ही प्रयासों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आगे बढ़ा रहे हैं। एक आदिवासी की बेटी को देश का प्रथम नागरिक बना दिया। आजादी के बाद ऐसा होगा, कभी किसी ने नहीं सोचा था। आदिवासियाों के कल्याण के लिए मोदी जी ने अलग से 99 हजार करोड़ का बजट आवंटित कर दिया है। ऐसा देश में कभी नहीं हुआ। आदिवासी कला संस्कृति और उनके योगदान को इतने सालों बाद याद कर उन्हें सम्मानित किया जा रहा है। 

आजादी में आदिवासियों के योगदान को भुला दिया
उन्होंने कहा कि, हमारे आदिवासी भाइयों ने इस देश को किस तरह आजादी दिलाई है, उसे प्रधानमंत्री मोदी लोगों के सामने ला रहे हैं। अगर हम आजादी के सेनानायकों की बात करते हैं तो गुंडाधुर जैसे नायकों का स्मरण स्वभाविक रूप से आता है। आदिवासी समाज के योगदान को कभी आजादी के बाद प्राथमिकता नहीं दी। इसके चलते लोगों को पता ही नहीं है या बहुत कम पता है। रक्षामंत्री ने कहा कि, आजादी के बाद सरकार बनाने वालों ने सिर्फ अपना ही हर जगह गुणगान किया। 

Defense Minister Rajnath Singh's visit to chhattisgarh Kanker today
कांकेर में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह। - फोटो : संवाद

भूपेश बघेल पर साधा निशाना
राजनाथ सिंह ने कहा कि, आपने पिछली बार सरकार बदल दी। कांग्रेस की गारंटियों पर भरोसा कर लिया। आपने सोचा था कि प्रदेश की सरकार बदलकर नई सरकार का भी स्वाद चख लें। इसका स्वाद कैसा है, बताने की जरूरत नहीं है। अब आप समझ गए हैं। भूपेश बघेल ने सारे प्रदेश की दिशा ही बदल दी। जबकि केंद्र ने कभी सौतेलापन नहीं किया। उन्होंने कहा कि, हमने कहा कि किसी की भी सरकार को वहां की जनता की दिल खोलकर मदद करेंगे। 

कांग्रेस का हाथ-मुंह दोनों भ्रष्टाचार से काला
उन्होंने कहा कि, यहां की सरकार ने कई घोटाले किए हैं। कोयला, गौठान घोटाला हुआ है। यहां राशन घोटाला हुआ। ये कांग्रेसी हर जगह कोयला घोटाला करते हैं। हाथ और मुंह दोनों भ्रष्टाचार से मुंह काला कर लेते हैं। केंद्र सरकार की कई योजनाएं हैं, लेकिन उन्हें लागू नहीं किया। शराब बंदी का वादा गंगाजल लेकर किया, लेकिन होम डिलीवरी शुरू कर दी। अब चुनाव नजदीक आते ही नया प्रयोग कर रहे हैं, तीन महीने के लिए डिप्टी सीएम बना दिया। 

अब बोलते हैं, तो दुनिया सुनती है
रक्षामंत्री सिंह ने कहा कि, मोदी जी ने क्रांतिकारी सुधारों की नींव रखी है। दुनिया के मंचों पर भारत का गौरव बढ़ा है। अब सारी दुनिया सुनती है कि भारत बोल क्या रहा है। पहले नहीं सुनती थी। रूस ने जब यूक्रेन में मिसाइल दागे तो जो भारतीय फंसे थे, उन्हें मोदी जी ने पहले वापस लाए। दुनिया का कोई प्रधानमंत्री ये नहीं कर पाया। पुतिन को कहकर हमले रुकवा दिए। चार घंटे हमले रुके रहे। भारत अब कमजोर भारत नहीं है। भारत अब ताकतवार है।

पाकिस्तान को भी चेतावनी
रक्षामंत्री ने पाकिस्तान को भी चेतावनी दी। कहा कि, पाकिस्तान ने भारत की सीमा में घुसकर हमारे सोते हुए जवानों पर हमला किया। हमारे जवान शहीद हुए। मुझे आज भी वो दिन याद है, बैठक में मोदी जी ने 10 मिनट में फैसला ले लिया, पाकिस्तान की धरती में जाकर हमारे जवानों ने आतंकवादियों को मार गिराया। पड़ोसी देशों को बता देना चाहता हूं, भारत बदल गया है। इस पार ही नहीं उस पार जाकर भी मारेंगे।

हमारे मंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा तो स्थान जेल होगा
उन्होंने कहा कि, अमेरिका के राष्ट्रपति बाइडेन ने हमारे प्रधानमंत्री की तारीफ की है, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री कहते हैं, मोदी जी बॉस हैं। एक देश के प्रधानमंत्री हमारे प्रधानमंत्री के पैर छूते हैं। इसे सम्मान कहा जाता है, ये पूरे भारत का सम्मान है। मोदी सरकार के नौ साल में किसी ने भ्रष्टाचार को लेकर एक अंगुली नहीं उठाई। हमारे किसी मंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप लग जाए तो उसका स्थान घर नहीं, जेल होगा। 

Defense Minister Rajnath Singh's visit to chhattisgarh Kanker today
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत करते भाजपा नेता। - फोटो : संवाद

भाजपा जो कहती है, वो करती है
राजनाथ सिंह ने कहा कि, भाजपा जो कहती है, वह करती है। हमने कहा था कि धारा 370 को समाप्त करेंगे, और चुटकी बजाकर कर दिया। हमने 1984 से अपने घोषणापत्र में कहा था कि सरकार दोनों सदनों में बना दीजिए राम मंदिर बना देंगे। अयोध्या में भव्य राम मंदिर खड़ा हो रहा है। उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ की जनता ने लंबे समय तक वामपंथी उग्रवाद से जूझती रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने इसके खिलाफ देश भर में सख्त कदम उठाए हैं। 

रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ का कायाकल्प किया
रक्षामंत्री ने मंच से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि, जब मैं पहली बार छत्तीसगढ़ आया तब केंद्र ने प्रभारी बनाकर भेजा था। उस समय कांग्रेस की हुकूमत में जनता जूझ रही थी। लोग कांग्रेस के खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं करते थे। भ्रष्टाचार चरम पर था। डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री के रूप में छत्तीसगढ़ का कायाकल्प किया है। उन्होंने नया रायपुर ही नहीं बनाया बल्कि नया बस्तर, नया छत्तीसगढ़ बनाया। 

रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ को प्रगतिशील बनाया
राजनाथ सिंह ने कहा कि, अकेले ही 15 सालों तक रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ाया और प्रगतिशील बनाया। कहा कि, आपके बस्तर सांसद भारतीय संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए बहुत कार्य कर रहे हैं। उनका साथ दीजिए। आपके हितों के लिए काम कर रहे हैं। संसद में बोलते हैं तो सीना 56 इंच चौड़ा करके अपनी बात कहते हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि, काश अगर 25 साल पहते ये सब होता तो भारत दुनिया में ताकतवर देश बन गया होता। इसे अब हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरा कर रहे हैं। 

Defense Minister Rajnath Singh's visit to chhattisgarh Kanker today
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कांकेर में पद्मश्री अजय मंडावी से मुलाकात की। - फोटो : Chhattisgarh Election 2023

पद्मश्री अजय मंडावी के घर पहुंचकर की मुलाकात
इससे पहले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह विशेष विमान से रायपुर से कांकेर पहुंचे और सबसे पहले मुलाकात के लिए पद्मश्री अजय मंडावी के घर गए। वहां पर उनसे चर्चा की। कहा कि, यह भाजपा की सरकार और मोदी जी का नेतृत्व है जो छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का काम कर रहा है। राजनाथ सिंह दूसरे बड़े भाजपा के नेता हैं, जो पद्मश्री सम्मानित व्यक्ति से मिलेंगे। इससे पहले गृहमंत्री अमित शाह ने दुर्ग में पद्मश्री गायिका उषा बारले के घर जाकर उनसे मुलाकात और चर्चा की थी। 

काष्ठ कलाकार हैं अजय मंडावीकांकेर के रहने वाले अजय मंडावी काष्ठ कलाकार हैं। वह  2005 से इस क्षेत्र में काम करते आ रहे हैं। वह जेल में बंद कैदियों को काष्ठ कला सिखाते आ रहे हैं। उन्होंने जिन कैदियों को कला सिखाई, उनमें से ज्यादातर नक्सल मामलों में बंद विचाराधीन कैदी थे। करीब 400 नक्सलियों ने बंदूक छोड़कर लकड़ी का हुनर हाथों में थामा और खुशहाल जिंदगी की शुरुआत की। इन्हीं कामों के लिए उन्हें पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

रायपुर पहुंचकर रात करेंगे विश्राम
राजनाथ सिंह दोपहर करीब 1.30 बजे दिल्ली से विशेष विमान में रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पहुंचे थे। यहां पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, सांसद सुनील सोनी, विधायक बृजभूषण अग्रवाल सहित अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। कांकेर में सभा के बाद रक्षामंत्री शाम को रायपुर के लिए रवाना होंगे। वहां भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर जाएंगे और नेताओं से मुलाकात हो सकती है। रात को रायपुर में ही रुकेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed