{"_id":"6ab8023372bd7c8348035a30","slug":"janjgir-champa-74-year-old-man-dies-after-attack-during-ganesh-immersion-dispute-4-arrested-2026-09-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"जांजगीर में गणेश विसर्जन के दौरान खूनी झड़प: बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जांजगीर में गणेश विसर्जन के दौरान खूनी झड़प: बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया
Sat, 26 Sep 2026 11:05 PM IST
जांजगीर-चांपा ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जांजगीर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जांजगीर
Published by: जांजगीर-चांपा ब्यूरो
Updated Sat, 26 Sep 2026 11:05 PM IST
सार
गतवा गांव में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान शुरू हुआ विवाद हिंसा में बदल गया। रास्ते में हुए हमले में 74 वर्षीय जोतराम कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
विज्ञापन
पुलिस हिरासत में आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जिले के बलौदा थाना क्षेत्र की पंतोरा चौकी के ग्राम गतवा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए विवाद में कुछ बदमाशों ने एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मृतक की पहचान जोतराम कश्यप (74 वर्ष), निवासी गतवा के रूप में हुई है।
विज्ञापन
विसर्जन के दौरान शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार 25 सितंबर को ग्राम गतवा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान नारायण कश्यप और राहुल कश्यप के बीच गाली-गलौज और मारपीट हुई। राहुल ने घटना की जानकारी अपने पिता रोहित कश्यप को दी, जिसके बाद रोहित बीच-बचाव करने पहुंचे लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद रोहित, राहुल और जोतराम कश्यप मोटरसाइकिल से घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने पंतोरा चौकी जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम के हाईस्कूल के पास उन्हें शिव कश्यप, नारायण कश्यप, संजय कश्यप और सविता कश्यप मिले।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़: बच्ची से दुष्कर्म करने वाले 62 वर्षीय दोषी को बीस साल कैद, आरोप पत्र पेश होने के 23 दिन में फैसला
विज्ञापन
रास्ते में फिर हुआ हमला
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने तीनों को रास्ते में बातचीत करने के लिए रोका, ये लोग मोटर साइकिल से उतरकर बातचीत कर ही रहे थे कि आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि शिव कश्यप ने डंडे से, जबकि नारायण कश्यप और संजय कश्यप ने हाथ-मुक्के और पैर से रोहित, राहुल और जोतराम के साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान जोतराम कश्यप को जमीन पर पटक दिया गया, जिससे उनके सिर और छाती में गंभीर चोटें आईं। पुलिस के अनुसार इन चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। SDOP अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और विवेचना के बाद चारों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।