GPM: गुटखा और तम्बाकू की बड़ी खेप पर जीएसटी विभाग ने बड़ी कार्रवाई, 48 लाख 45 हजार 322 रुपये का लगाया जुर्माना
राज निवास गुटखा और तम्बाखू की 45 लाख रुपए की बड़ी खेप में जीएसटी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मामले में 48 लाख 45 हजार 322 रुपये का जुर्माना लगाया है।
विस्तार
गौरेला पेंड्रा मरवाही में तीन दिन पहले मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ अंतरराज्जीय सीमा पर निर्वाचन आयोग के बेरियर में जांच के दौरान तीन कन्टेनरों में बिना बिल के दिल्ली से बैंगलोर ले जाया जा रहा राज निवास गुटखा और तम्बाखू की 45 लाख रुपए की बड़ी खेप में जीएसटी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मामले में 48 लाख 45 हजार 322 रुपये का जुर्माना लगाया है।
दरअसल आगामी 17 नवंबर को छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होना है जिसको लेकर स्थानीय प्रशासन मुस्तैद है और बॉर्डर में लगातार निगरानी कर रहा है, साथ ही एफएसटी टीम भी लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। तीन दिन पहले मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ अंतरराज्जीय बॉर्डर कबीर चबूतरा में जांच के दौरान एफएससी की पेट्रोलिंग टीम ने तीन कंटेनर को जांच के लिए रोका।
तीनों में पान मसाला राज निवास था और ये पान मसाला और गुटखा दिल्ली से बैंगलोर जाने को निकाल था पर जांच में एफएसटी की टीम को पर्याप्त दस्तावेज नही मिलने के चलते तीनों कन्टेनरों को जब्त कर लिया गया जहां पर जांच के दौरान दस्तावेजों के आधार पर एक कंटेनर में लगभग 14 लाख रुपये से अधिक का माल था तीनो कंटेनर में मिलाकर लगभग 45 लाख रुपये का माल पुलिस ने 102 की कार्रवाई करते हुए जब्त किया और मामले को जीएसटी के अधिकारियों को सौप दिया गया। जिसके बाद जीएसटी अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की और जब्त माल के आधार पर पहले कंटेनर में 16 लाख 17 हजार 18 रुपये का जुर्माना, दूसरे कंटेनर में 16 लाख 14 हजार 152 रुपये का और तीसरे कंटेनर में 16 लाख 14 हजार 152 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पूरे मामले में ईवे बिल नहीं होने पर जीएसटी विभाग के द्वारा 48 लाख 45 हजार 322 रुपए का जुर्माना किया है।