{"_id":"616a6c30bad0db4a5f5202fa","slug":"financial-assistance-of-rs-50-lakhs-will-be-provided-to-the-family-members-of-the-deceased-in-the-jashpur-incident","type":"story","status":"publish","title_hn":"छत्तीसगढ़: जशपुर कांड में मृतकों के परिजनों को 50 लाख रुपये का मुआवजा, सीएम बघेल ने की घोषणा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
छत्तीसगढ़: जशपुर कांड में मृतकों के परिजनों को 50 लाख रुपये का मुआवजा, सीएम बघेल ने की घोषणा
Sat, 16 Oct 2021 11:37 AM IST
संजीव कुमार झा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जशपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जशपुर
Published by: संजीव कुमार झा
Updated Sat, 16 Oct 2021 11:37 AM IST
सार
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जशपुर कांड में मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा कर दी है।
विज्ञापन
भूपेश बघेल
- फोटो : एएनआई
विस्तार
छत्तीसगढ़ के जशपुर में शुक्रवार को बेकाबू कार चालक ने मूर्ति विसर्जन करने जा रहे लोगों को बेरहमी से कुचल दिया था। इसकी चपेट में आने से पत्थलगांव निवासी गौरव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोगों ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। इस घटना पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जहां दुख व्यक्त किया वहीं आज उन्होंने मृतकों के परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा कर दी है।
विज्ञापन
कैसे घटी घटना
यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। जशपुर के पत्थसगांव में कुछ लोग दुर्गा पंडालों की मूर्ति का विसर्जन करने के लिए नदी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार इन लोगों को कुचलते हुए निकल गई। जानकारी के अनुसार, वहां मौजूद अन्य लोगों ने कार का पीछा किया और करीब पांच किमी दूर सुखरापारा में पकड़ लिया। लोगों ने कार चालक की जमकर पिटाई की और गांजे से भरी कार को आग के हवाले कर दिया।
विज्ञापन
आक्रोशित लोगों ने पत्थलगांव थाने का घेराव और गुमला-कटनी नेशनल हाईवे पर मृतक का शव रख चक्काजाम कर दिया। हालात देखते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार लोगों का कहना है कि एक एएसआई गांजा तस्करी में संलिप्त है। कार चालक एएसआई के साथ मिलकर तस्करी करने वाला था। कार में कितना गांजा था ये पता नहीं चल पाया। लोगों ने एएसआई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
बेकाबू कार की चपेट में आने से चार की मौत और 16 घायल
बेकाबू कार की चपेट में आने से पत्थलगांव निवासी गौरव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोगों ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे में 16 लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दु:ख व्यक्त करते हुए मामले के जांच के निर्देश दिए हैं
सीएम बघेल बोले- दोषियों को बख्शेंगे नहीं
जशपुर की घटना को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बहुत दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने कहा कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रथमदृष्टया दोषी दिख रहे पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई हुई है। जांच के आदेश दिए गए हैं। कोई भी बख्शा नहीं जाएगा। सबके साथ न्याय होगा। ईश्वर दिवंगतजनों की आत्मा को शांति दे।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
मामले में जशपुर एसपी का कहना है कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनकी पहचान बबलू विश्वकर्मा और शिशुपाल साहू के रूप में हुई है। दोनों मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं और वे छत्तीसगढ़ से गुजर रहे थे। उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने बताया कि पत्थलगांव में हुए हादसे में एसएचओ पत्थलगांव लाइन अटैच किया गया है। एएसआई को भी निलंबित कर दिया गया है। उन पर धारा 302 और 304 के तहत प्राथमिकी दर्ज होगी।