Chhattishgrh: घुनघुट्टा नदी में नहाने गए युवक की डूबने से मौत, सात घंटे बाद एनडीआरएफ की टीम को मिला शव
झारखंड के लातेहार जिले के निवासी सोनू अंसारी अंबिकापुर के नवागढ़ में किराए के मकान में रहता था और डेंटिंग का कार्य करता था। मंगलवार को दुकान बंद होने के कारण वह छह दोस्तों के साथ घुनघुट्टा बांध घूमने गया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सरगुजा जिले के दरिमा थानाक्षेत्र में दोस्तों के साथ घुनघुट्टा नदी में नहाने गए युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। युवक नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया था। करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद एनडीआरएफ की टीम ने युवक के शव को मंगलवार देर शाम बरामद किया। युवक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार झारखंड के लातेहार जिले के निवासी सोनू अंसारी अंबिकापुर के नवागढ़ में किराए के मकान में रहता था और डेंटिंग का कार्य करता था। मंगलवार को दुकान बंद होने के कारण वह छह दोस्तों के साथ घुनघुट्टा बांध घूमने गया था। सभी युवक करीब 11 बजे घुनघुट्टा नदी में नहाने के लिए उतरे थे। करीब 12 बजे नहाने के दौरान सोनू अंसारी गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ गए दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह गहरे पानी में डूब गया।
सात घंटे बाद निकाला जा सका शव
सोनू अंसारी के नदी में डूब जाने की सूचना दरिमा थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर दरिमा पुलिस ने एनडीआरएफ की टीम को सूचना दी और ग्रामीणों की मदद से सोनू अंसारी की खोजबीन शुरू की। एनडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सोनू अंसारी के शव को देर शाम बरामद किया। उसका शव पत्थरों के बीच फंसा मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों को दी गई सूचना
सोनू अंसारी यहां अकेले रहता था और उसके परिजन लातेहार जिले में निवासरत हैं। पुलिस ने परिजनों की जानकारी जुटाकर सोनू अंसारी के घर में उसके डूब जाने की सूचना दे दी है। परिजनों के आज अंबिकापुर पहुंच जाने की सूचना है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। घुनघुट्टा नदी पर जहां हादसा हुआ, वहां पूर्व में भी हादसे हो चुके हैं। नदी के कई स्थान डेंजर जोन हैं। जहां लोग नहाने पहुंच जाते हैं और हादसा हो जाता है।