छत्तीसगढ़: दवा कारोबारी से 15 करोड़ रुपये की फिरौती, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से धमकी
दवा कारोबारी शशांक चोपड़ा से 15 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और परिवार के सदस्य की हत्या की धमकी देने का मामला सामने आया है। कॉल करने वाले ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर डराने की कोशिश की।
विस्तार
कारोबारी की शिकायत मिलने के बाद दुर्ग पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कारोबारी के घर के बाहर तीन दिन से पुलिस टीम तैनात की गई है। पुलिस की विशेष टीम फोन करने वाले का मोबाइल नंबर, कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सूक्ष्म जांच कर रही है। हालांकि पुलिस ने शुरुआती जांच में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की सीधी संलिप्तता से इन्कार किया है। जांच अधिकारी इस पहलू की पड़ताल कर रहे हैं कि कॉल करने वाले का गिरोह से वास्तव में कोई संबंध है या उसने केवल खौफ पैदा करने के लिए नाम का इस्तेमाल किया है।
शशांक चोपड़ा की फर्म मेडिकल उपकरण, जांच में उपयोग होने वाली सामग्री और स्वास्थ्य संबंधी सामान की आपूर्ति करती है। उनका नाम राज्य में मेडिकल उपकरण तथा री-एजेंट की खरीदी से जुड़े कथित घोटाले में भी सामने आया था। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो और आर्थिक अपराध शाखा ने जनवरी, 2025 में केस दर्ज किया था। इसके बाद वित्तीय लेन-देन की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय ने भी मामले की पड़ताल शुरू कर दी थी। जांच एजेंसियों ने सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने तथा खरीदी में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। इस मामले में शशांक चोपड़ा को गिरफ्तार भी किया गया था, जिसके बाद उन्हें विभिन्न मामलों में अदालत से जमानत मिल गई थी।
