कुदरत का कहर: गाज गिरने की घटनाओं में दो भाइयों सहित तीन की मौत, दो अन्य युवक गंभीर रूप से झुलसे
दो स्थानों पर गाज गिरने की घटनाओं में दो भाइयों सहित तीन की मौत हो गई एवं दो अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गए।
विस्तार
उत्तर छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में शनिवार दोपहर दो स्थानों पर गाज गिरने की घटनाओं में दो भाइयों सहित तीन की मौत हो गई एवं दो अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गए। उत्तर छत्तीसगढ़ में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण शनिवार दोपहर आंधी चलने के साथ बारिश हुई और कई स्थानों पर गाज भी गिरी।
शनिवार को मौसम का मिजाज बदलने के साथ सरगुजा संभाग में दोपहर को कई स्थानों पर बारिश हुई एवं कुछ स्थानों पर छिटपुट ओले भी गिरे हैं। इस दौरान मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में गाज गिरने की दो घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। पहली घटना में नागपुर पुलिस चौकी अंतर्गत सोनवर्षा के कछार पारा में आशीष टोप्पो पिता स्व. जयपाल 18 वर्ष अपने चचेरे भाई सियोन टोप्पो पिता तेज नारायण 20 वर्ष के साथ घर के लिए मिट्टी लेकर लौट रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे अचानक तेज आंधी तूफान चलने व बारिश से बचने के लिए दोनों भाई महुआ पेड़ के नीचे खड़े हो गए।
इस बीच अचनाक गाज गिरने से दोनों भाई गाज की चपेट में आ गए एवं दोनों की मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना पर नागपुर पुलिस मौके पर पहुंची एवं दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक ही परिवार के दो युवकों की मौत से गांव में मातम पसर गया है। मृत युवक आशीष के पिता की भी कुछ वर्षों पूर्व करंट की चपेट में आने से मौत हो चुकी है।
वहीं गाज गिरने की दूसरी घटना जनकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रामगढ़ में हुई। शनिवार की दोपहर करीब 12.30 बजे ग्राम रामगढ़ निवासी शिवचरण पिता मंगल सिंह गोंड़ (55) अपने पुत्र अजीत कुमार (22) एवं भांजा संतोष कुमार (23) के साथ घर बनाने का काम कर रहे थे। इस बीच तेज आंधी तूफान के साथ गाज गिरने से तीनों गाज की चपेट में आ गए। घटना में शिवचरण की मौके पर मौत हो गई एवं दोनों युवक गंभीर रूप से झुलस गए। मृतक के पुत्र अजीत व भांजे संतोष को इलाज के लिए शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर में भर्ती कराया गया है।
विधायक ने व्यक्त की शोक-संवेदना
सविप्रा उपाध्यक्ष भरतपुर-सोनहत विधायक गुलाब कमरो ने घटना पर अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने से लोगों की जान जाने की घटनाओं के मद्देनजर बिजली चमकने के दौरान लोगों से वृक्ष के नीचे शरण नहीं लेने की अपील की है।