कलाकेन्द्र मैदान ऑडियो विवाद: कांग्रेस ने एसआईटी जांच की मांग, एसपी को सौंपा ज्ञापन
कलाकेन्द्र मैदान के आबंटन से जुड़े कथित ऑडियो वायरल प्रकरण में जिला कांग्रेस कमेटी ने रविवार को पुलिस अधीक्षक सरगुजा को ज्ञापन सौंपकर विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
विस्तार
अंबिकापुर कलाकेन्द्र मैदान के आबंटन से जुड़े कथित ऑडियो वायरल प्रकरण में जिला कांग्रेस कमेटी ने रविवार को पुलिस अधीक्षक सरगुजा को ज्ञापन सौंपकर विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने किया। कांग्रेस का आरोप है कि वायरल ऑडियो में कलाकेन्द्र मैदान में मीना बाजार लगाने के एवज में लाखों रुपये के लेन-देन की बातचीत सुनाई दे रही है। दावा किया जा रहा है कि ऑडियो में मौजूद आवाजें महापौर मंजूषा भगत और भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की हैं। हालांकि महापौर ने पहले ही इस ऑडियो को एआई से तैयार किया गया बताते हुए आदिम जाति कल्याण थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
कांग्रेस ने बताया कि इससे पहले 22 जून को भी कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने की मांग की गई थी। वहीं 27 जून को कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल आजाक थाना पहुंचकर शिकायत पर हुई कार्रवाई की जानकारी लेने गया था। वहां पुलिस ने बताया कि मामला थाना क्षेत्राधिकार में नहीं होने के कारण न तो एफआईआर दर्ज की गई है और न ही जांच शुरू की गई है।
पुलिस अधीक्षक से मुलाकात के दौरान नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि महापौर की शिकायत के बाद मामला बहुआयामी हो गया है। एक ओर शिकायत में ऑडियो को एआई जनरेटेड बताया गया है, वहीं दूसरी ओर वायरल बातचीत भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों की ओर संकेत करती है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच के लिए एसआईटी का गठन आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि संबंधित लोगों के वॉयस सैंपल, फोरेंसिक जांच और कॉल रिकॉर्ड की जांच से पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि यदि संबंधित पक्ष अपने कॉल रिकॉर्ड सार्वजनिक नहीं करते हैं तो इससे संदेह और गहरा होगा।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर एसआईटी का गठन कर जांच शुरू नहीं की जाती है तो पार्टी व्यापक आंदोलन करेगी और न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाएगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मो. इस्लाम, हेमंत तिवारी, नुरुल अमीन सिद्दीकी, मदन जायसवाल, संजय सिंह, जमील खान, लोकेश कुमार, जीवन यादव, विनय गुप्ता, लुकस एक्का, नरेंद्र विश्वकर्मा, शुभम जायसवाल, अमित तिवारी राजा, सोहन जायसवाल, अमित सिन्हा, मिथुन सिंह, काजू खान, तीरथ चौधरी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।