104 साल की वृद्धा ने बकरियां बेच बनवाए शौचालय, मोदी ने छुए पैर
प्रधानमंत्री मोदी के महत्वाकांक्षी अभियान स्वच्छ भारत के प्रति लोगों की बदलती सोच अब गांवों तक असर डालने लगी है। इसकी बानगी दिखी छत्तीसगढ़ में जहां घोर नक्सल प्रभावित इलाके में एक बुजुर्ग महिला ने मोदी के अभियान से प्रेरित होकर घर में शौचालय बनवाने के लिए अपनी सभी बकरियां बेच डाली।
प्रधानमंत्री मोदी रविवार को छत्तीसगढ़ पहुंचे तो हजारों की भीड़ में मंच पर बुलाकर वृद्धा का सम्मान किया। प्रधानमंत्री ने अन्य लोगों को वृद्ध कुंअरबाई से सीख लेने की अपील की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को धमतरी जिले की 104 साल की वृद्ध महिला को गांव को खुले में शौचमुक्त करने के प्रयास के लिए सम्मानित किया। इस महिला ने अपने घर में शौचालय बनवाने के लिए अपनी बकरियां बेच दी थीं।
8-10 बकरियां बेचकर घर में बनवाए दो शौचालय
पीएम ने वृद्ध महिला की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह बदलते भारत का एक बड़ा संकेत है। कुंअरबाई ने अपनी 8-10 बकरियां बेचकर अपने घर में दो शौचालय बनवाए हैं। प्रधानमंत्री ने यह सम्मान नक्सल प्रभावित राजनांदगांव में रूर्बन मिशन के शुरूआत के मौके पर किया।
कार्यक्रम के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री रमन सिंह भी मोदी के साथ मंच पर ही मौजूद रहे। बाद में उन्होंने इस पूरे वाक्ये को अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट कर लोगों को इस बात की जानकारी दी।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान यहां दो ब्लॉक अंबागढ़ चौकी और चुरिया को खुले में शौचमुक्त घोषित किया गया। बता दें कि स्वच्छ भारत अभियान का ग्रामीण इलाकों में भी व्यापक असर देखने को मिल रहा है।