फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Amritsar News ›   Punjab News in Hindi: Covid-19 in Punjab, Corona in Punjab, new positive cases in Punjab

पंजाब में कोरोना से पांच की और मौत, 234 नए पॉजिटिव मिले, 117 मरीज ठीक भी हुए

Thu, 09 Jul 2020 11:02 PM IST
ajay kumar अमर उजाला/संवाद न्यूज एजेंसी, चंडीगढ़/पंजाब
अमर उजाला/संवाद न्यूज एजेंसी, चंडीगढ़/पंजाब Published by: ajay kumar Updated Thu, 09 Jul 2020 11:02 PM IST
विज्ञापन
Punjab News in Hindi: Covid-19 in Punjab, Corona in Punjab, new positive cases in Punjab
कोरोना (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : ANI

पंजाब में गुरुवार को कोरोना से पांच और लोगों की मौत के साथ राज्य में इस महामारी से मरने वालों की संख्या 183 हो गई है। अमृतसर, गुरदासपुर, संगरुर, कपूरथला और लुधियाना में 1-1 कोरोना मरीज ने दम तोड़ दिया। उधर, एक ही दिन में राज्य में 234 नए कोरोना पॉजिटिव केसों की भी पुष्टि हुई है, जिसके साथ अब तक 7140 लोग राज्य में कोरोना की जद में आ चुके हैं। इसी बीच, 117 मरीजों के स्वस्थ होकर घर लौटने की भी खबर है। राज्य में अब तक कोरोना को मात देने वालों की संख्या 4945 हो गई है।

विज्ञापन


स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक 369425 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। इस समय विभिन्न अस्पतालों में 2012 मरीज आइसोलेशन वार्डों में भर्ती हैं, जिनमें से 51 ऑक्सीजन सपोर्ट पर और 11 वेंटिलेटर पर हैं। गुरुवार को ठीक हुए 117 मरीजों में अमृतसर के 60, संगरुर के 11, पटियाला, मोगा व गुरदासपुर के 3-3, पठानकोट, फरीदकोट और मोहाली के 7-7, मुक्तसर के 6, फतेहगढ़ साहिब और बरनाला के 4-4, फाजिल्का के 2 मरीज शामिल हैं।
विज्ञापन


जालंधर में कोरोना से एक की मौत, 32 पॉजिटिव मिले
जालंधर में गुरुवार को एसएसपी देहात नवजोत माहल और एसडीएम शाहकोट संजीव समेत 32 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए। वहीं अस्पताल में इलाजरत दो लोगों की गुरुवार को मौत हो गई। इनमें एक कोरोना मरीज और दूसरा कोरोना संदिग्ध है। इसके अलावा, कोरोना के 32 मामले सामने आए हैं। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 1042 हो गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


दो दिन पहले विधायक बावा हेनरी की बहन और पूर्व मंत्री अवतार हेनरी की बेटी की शादी थी, जिसमें एसएसपी नवजोत माहल शरीक हुए थे। अब माहल के संक्रमित आने से हेनरी परिवार में भी खौफ पैदा हो गया है। हेनरी परिवार पहले भी खुद को क्वारंटीन कर चुका है, जब उनके निकटवर्ती कांग्रेसी नेता को कोरोना संक्रमित पाया गया था।

एसएसपी माहल मंत्री तृप्त राजिंदर बाजवा के भांजे हैं और कोरोना में फ्रंटलाइन पर उन्होंने काफी काम किया है। फिलहाल उनको होम आइसोलेट कर दिया गया है। एसएसपी माहल ने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि उनको संक्रमण कैसे हुआ, कुछ पता नहीं है। उनकी पब्लिक डीलिंग ज्यादा जरूर थी। फिलहाल उनके कार्यालय को सैनिटाइज कर स्टाफ को होम क्वारंटीन किया जा रहा है। उनके गनर व रीडर के अलावा रूटीन स्टाफ के सैंपल लिए जा रहे हैं। 

बठिंडा: सात संक्रमित आए सामने 

बठिंडा में गुरुवार को कोरोना संक्रमित सात नए मामले सामने आए। सेशन जज जो बुधवार को संक्रमित पाए गए थे वो एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित थे। डीसी बी श्रीनिवासन ने बताया कि कोरोना संक्रमित आए सात लोगों में से 2 गुरदासपुर और चार बिहार के अलावा एक संक्रमित जिले से संबंधित है। जिले से संबंधित व्यक्ति पटियाला में नौकरी करता था और उसका कोविड-19 टेस्ट फरीदकोट में हुआ था। बाकी छह संक्रमित लोग मजदूरी करते हैं। 

फिरोजपुर: बीएसएफ के आठ जवान कोरोना पॉजिटिव
ममदोट स्थित बीएसएफ की बीओपी जल्लोके में तैनात आठ बीएसएफ के जवानों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है, इनमें एक महिला सिपाही भी है। जवानों की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद से गांव जल्लोके में दहशत का माहौल है, क्योंकि बहुत से बीएसएफ जवान ग्रामीणों से मिलते-जुलते रहते हैं। 

स्वास्थ्य विभाग इन जवानों के संपर्क में आने वाले सभी लोगों के सैंपल लेने में जुटा है। जिले में मौजूदा समय में सबसे ज्यादा कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या तलवंडी भाई में 21 है, जिसे पूरी तरह सील कर दिया है। फिरोजपुर जिले में 61 कोरोना पॉजिटिव मरीज हैं, जिनका इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। बीएसएफ के आठ कोरोना पॉजिटिव जवानों की आयु 31 से 53 साल के बीच है। इन जवानों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद बीएसएफ ममदोट के हेडक्वार्टर में भी जवानों के सैंपल लिए जाएंगे। 

जलालाबाद में भी बहुत से बीएसएफ जवान कोरोना पॉजिटिव हैं, जिनका इलाज चल रहा है। इस तरह सीमावर्ती गांव के ग्रामीण भी कोरोना की चपेट में आ सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग सीमांत ग्रामीणों के भी कोरोना संबंधी सैंपल ले रही है। क्योंकि फेंसिंग पार खेती करने जाने वाले ग्रामीणों की जवान चेकिंग करते हैं। कोरोना पीड़ित जवान के संपर्क में कई ग्रामीण आए होंगे। ऐसे ग्रामीणों की रजिस्टर में एंट्री देख उनके सैंपल लिए जाएंगे। 

पटियाला: चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर पॉजिटिव, निगम बिल्डिंग सील 

पटियाला में गुरुवार को अब तक के सबसे ज्यादा 48 नए पॉजिटिव केस आए। इनमें निगम के चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर भी शामिल हैं। रिपोर्ट आते ही निगम बिल्डिंग को सील कर दिया गया। साथ ही उनके संपर्क में आने वाले निगम के ज्वाइंट कमिश्नर समेत सेनेटरी विंग के 17 मुलाजिमों को क्वारंटीन कर सैंपल लिए गए हैं। निगम बिल्डिंग को भी सैनिटाइज किया गया है।

सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि गुरुवार सुबह 48 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इनमें 35 पटियाला शहर से संबंधित हैं, जबकि तीन समाना, एक राजपुरा, छह विभिन्न गांवों से और तीन अन्य जिलों के हैं। पिछले चार दिनों में ही 112 नए केस सामने आए हैं। 

लोगों की सहूलियत के लिए सिंगल विंडो सिस्टम चालू
निगम में पब्लिक डीलिंग प्रभावित न हो, इसके लिए सिंगल विंडो सिस्टम को शुरू किया गया है। लोग अपना काम कराने सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक आ सकेंगे। 

अमृतसर में कोरोना से 50वीं मौत, 12 नए केस 
कोरोना ने गुरुवार को एक और जान ले ली। तरनतारन रोड स्थित दिलबाग नगर निवासी 55 वर्षीय बुजुर्ग ने निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। उन्हें सांस लेने में तकलीफ थी। अमृतसर में अब तक कोरोना संक्रमित 50 लोगों की मौत हो चुकी है। इधर, गुरुवार को 12 नए केस रिपोर्ट हुए हैं। इनमें दो संपर्क केस गुरु रामदास नगर हरिजन कॉलोनी से रिपोर्ट हुए हैं। 

वहीं 10 पॉजिटिव मरीज अन्य जगहों के हैं। इनमें दिलबाग नगर से एक, कोट आत्म सिंह नगर से एक, संधू एवेन्यू छेहरटा से एक, आजाद नगर सुल्तानविंड रोड से एक, अजनाला रोड से एक, साहिबजादा जुझार सिंह नगर से एक, शहीद ऊधम सिंह नगर से दो, बाबा बकाला चौक से एक, सुदर्शन नगर से एक मरीज रिपोर्ट हुआ है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी मरीजों को होम आइसोलेट कर दिया है। अमृतसर में अब तक 1060 कोरोना पॉजिटिव मरीज रिपोर्ट हुए हैं। राहत भरी खबर यह है कि इनमें से 863 ठीक हो चुके हैं, जबकि 147 एक्टिव केस हैं। 

हाईकोर्ट ने दिया स्टे, डॉ. शिवचरण जीएनडीएच में ही रहेंगे 

श्री गुरुनानक देव जी अस्पताल से पटियाला मेडिकल कॉलेज स्थानांतरित किए गए मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. शिवचरण की वापसी हो गई है। डॉ. शिवचरण ने अपने तबादले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की थी। हाईकोर्ट ने उन्हें स्टे आर्डर जारी किया है। डॉ. शिवचरण श्री गुरुनानक देव जी अस्पताल में कोरोना वार्ड का संचालन कर रहे थे। 

पिछले सप्ताह मेडिकल शिक्षा व खोज विभाग ने उनका स्थानांतरण पटियाला मेडिकल कॉलेज कर दिया था। वहीं मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. सुजाता शर्मा को कुर्सी से हटा दिया गया था। विभाग ने यह कार्रवाई अस्पताल में कोरोना मरीजों की मौत होने की वजह से की थी। डॉ. शिवचरण ने कहा कि उनका छह माह का कार्यकाल शेष है। ऐसे में नियमानुसार उनका स्थानांतरण होना ही नहीं चाहिए था। मैंने हाईकोर्ट से स्टे लेकर आज कोरोना वार्ड का कामकाज संभाल लिया है।

प्लाज्मा थेरेपी से ठीक हुए दो कोरोना संक्रमित 
श्री गुरुनानक देव जी अस्पताल में प्लाज्मा थेरेपी से दो मरीजों को जीवन मिला है। दोनों ही 60 वर्ष के हैं। कोरोना की वजह से इन्हें आइसोलेशन वॉर्ड में दाखिल करवाया गया था। एक शख्स को हाइपरटेंशन, डायबिटीज और दूसरे को ब्लड प्रेशर व डायबिटीज की शिकायत थी। कोरोना मुक्त हुए छेहरटा निवासी एक शख्स ने 24 जून को अपना प्लाज्मा डोनेट किया था। हालांकि उसका ब्लड ग्रुप इन दोनों के ब्लड ग्रुप से मैच न हुआ। ऐसे में अस्पताल प्रशासन ने उसका प्लाज्मा लुधियाना स्थित ब्लड बैंक भेजा, जबकि लुधियाना से उक्त दोनों मरीजों के ब्लड ग्रुप को मैच करता प्लाज्मा मंगवाया गया। एक सप्ताह में ही दोनों के शरीर में कोरोना के खिलाफ एंटी बॉडीज का निर्माण हुआ और उन्होंने कोरोना पर विजय पा ली। सरकारी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राजीव देवगण ने इस बात की पुष्टि की है।

गुरदासपुर में कोरोना से 9वीं मौत, पांच संक्रमित मिले

गुरदासपुर में कोरोना संक्रमित 9वें मरीज की मौत हो गई। वह ध्यानपुर ब्लाक के भगताना टुल्लियां का रहने वाला था। वहीं जिले में पांच अन्य मरीज मिले हैं। इनमें एक मीडियाकर्मी और दुबई से लौटा व्यक्ति भी शामिल है। जिले में कुल कोविड-19 मरीजों की संख्या 290 हो गई है। एक्टिव मरीजों की संख्या 49 है।    

कोविड संक्रमित मृतक ध्यानपुर ब्लाक के गांव भगताना टुल्लियां का निवासी था। उसकी उम्र 41 साल के करीब थी। वह पांच जुलाई को अमृतसर गया था। वह लीवर की बीमारी से ग्रस्त। मरीज का अंतिम संस्कार गांव में ही किया जाएगा। वहीं एक मरीज मिलिट्री अस्पताल तिब्बड़ी में संक्रमित पाया गया है। उसकी उम्र 26 साल है। मिआं मोहल्ला बटाला से एक 30 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित मिला है। साथ ही मिआं मोहल्ला की 52 साल की महिला संक्रमित मिली हैं। हरनाम नगर बटाला का और व्यक्ति संक्रमित मिला है जो दुबई से लौटा था।

रोपड़: एसडीएम की रिपोर्ट पॉजिटिव, मचा हड़कंप 
एसडीएम की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एसडीएम को सिविल अस्पताल में आइसोलेट किया गया है। डीसी सोनाली गिरी ने अपने आपको घर में ही क्वारंटीन कर लिया है। इसके अलावा जिले के एडीसी (देहात), तहसीलदार, नगर काउंसिल के कार्यसाधक अधिकारी समेत मिनी सचिवालय में काम कर रहे सिविल प्रशासन के सभी मुलाजिमों के सैंपल लिए गए हैं। 

स्वास्थ्य विभाग की ओर से सचिवालय में मोबाइल वैन भेजकर अलग-अलग ब्रांचों में काम करने वाले सभी मुलाजिमों के सैंपल लिए गए हैं। इससे पहले एसडीएम दफ्तर के सभी मुलाजिमों के सैंपल सरकारी अस्पताल में लिए गए है। उधर, डीसी ने एसडीएम दफ्तर और तहसील में तीन दिन के लिए पब्लिक डीलिंग को बंद कर दिया है। 

फतेहगढ़ साहिब में कोरोना से दूसरी मौत, आठ नए मामले

फतेहगढ़ साहिब में गुरुवार को कोरोना से पीड़ित 56 वर्षीय महिला की चंडीगढ़ के सेक्टर- 32 सरकारी अस्पताल में मौत हो गई। सिविल सर्जन डॉ. एनके अग्रवाल ने बताया कि मृतका के संपर्क में आए 20 लोगों के सैंपल भी लिए जा रहे हैं। इसके अलावा जिले में आठ नए केस रिपोर्ट हुए हैं। सिविल अस्पताल के दो कर्मी भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें एक डाटा फीडर और दूसरा लैब अटेंडेंट है। मंडी गोबिंदगढ़ में बीते दिनों कोरोना के कारण जान गंवाने वाले व्यक्ति की पत्नी भी पॉजिटिव पाई गई हैं। 

कपूरथला: सुल्तानपुर लोधी के मरीज की जालंधर में मौत
कपूरथला में गुरुवार को थाना सिटी के एएसआई, कोरियर मालिक समेत चार लोग संक्रमित मिले। वहीं सुल्तानपुर लोधी निवासी मरीज की जालंधर में मौत हो गई। पॉजिटिव मिले मरीजों में सात वर्षीय बच्ची भी शामिल है। सिविल अस्पताल के आईडीएसपी इंचार्ज डॉ. राजीव भगत ने बताया कि गुरुवार को एक पुलिस कर्मी, एक कोरियर मालिक और दो बैंक कर्मियों के पारिवारिक सदस्य पॉजिटिव मिले हैं। इनमें सात वर्षीय एक बच्ची भी शामिल है। वहीं सुल्तानपुर लोधी के एक मरीज की जालंधर में मौत हो गई। इसकी पुष्टि एसएमओ सुल्तानपुर लोधी डॉ. अनिल मनचंदा ने की है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed