पंजाब में कोरोना से 20 की और मौत, एक दिन में 988 नए पॉजिटिव मिले, 416 मरीज ठीक हुए
पंजाब में कोरोना महामारी के चलते सोमवार को 20 और मरीजों की मौत हो गई, जबकि बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमित मरीजों के 988 नए केस भी सामने आए हैं। इस तरह प्रदेश में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या जहां छह सौ का आंकड़ा (604) पार कर गई। वहीं कोरोना पीड़ितों की कुल संख्या भी 24889 हो गई है।
इस समय राज्य के विभिन्न अस्पतालों में 8550 मरीजों को आइसोलेशन वार्डों में निगरानी में रखा गया है, जिनमें से 151 मरीजों की हालत गंभीर है। इनमें से 129 मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर और 22 मरीजों को वेंटिलेटर पर रखा गया है। दूसरी और बीते 24 घंटे के दौरान ही 416 मरीजों के स्वस्थ होने की एक अच्छी खबर भी है, जिसके साथ ही राज्य में कोरोना को मात देने वालों की संख्या 15735 तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सोमवार को पटियाला में 7, लुधियाना में 6, जालंधर में 3, फिरोजपुर में 2 और मोगा व मोहाली में 1-1 कोरोना मरीज ने दम तोड़ दिया। 416 मरीजों को स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी गई है। इनमें पटियाला के 216, अमृतसर के 38, बठिंडा व पठानकोट के 28-28, मोगा के 25, गुरदासपुर व फिरोजपुर के 24-24, होशियारपुर के 22, बरनाला व मानसा के 5-5 और मुक्तसर का एक मरीज शामिल है।
होशियारपुर में कोरोना के 29 नए मामले
होशियारपुर में सोमवार को कोरोना संक्रमण के 29 नए मामले सामने आए। अब जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 673 हो गई है, जिनमें से 94 सक्रिय मामले हैं। सिविल सर्जन डॉ. जसवीर सिंह ने बताया 578 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं डिप्टी कमिश्नर अपनीत रियात ने बताया कि सहायक प्रशिक्षण केंद्र बीएसएफ खड़का कैंप को कंटेनमेंट जोन से बाहर कर दिया है।
21 जुलाई को इसे कंटनेमेंट घोषित किया गया था। एक सप्ताह से यहां कोई भी पॉजिटिव मामला सामने नहीं आया है। स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन के मुताबिक 14 दिन का कंटेनमेंट पीरियड भी 10 अगस्त को पूरा हो गया है। सरकार के निर्देशों व स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए अब सहायक ट्रेनिंग सेंटर खड़का कैंप को कंटेनमेंट जोन से बाहर कर दिया गया है।
गुरदासपुर में 40 और लोग कोरोना संक्रमित
गुरदासपुर में सोमवार को 40 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए है। अब जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 918 हो गई है। इसमें से 755 मरीज जिले के और 132 मरीज बाहरी जिलों के हैं। 626 मरीज ठीक हो चुके है। 10 दस मरीज विभिन्न संस्थानों पर उपचाराधीन है। 157 मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है। डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद इश्फाक ने बताया कि जिले में आगामी समय में 2 हजार सैंपल रोजाना लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सैंपलिंग से ही कोरोना वायरस संक्रमण रोकने में सफलता हासिल की जा सकती है।
फरीदकोट: 29 व्यक्ति मिले कोरोना संक्रमित
फरीदकोट में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के पास आई रिपोर्ट में 29 व्यक्ति पॉजिटिव मिले है। इनमें कोटकपूरा शहर के 17, फरीदकोट के 4 व जैतो के 7 मरीज शामिल हैं। एक मरीज जैतो के गांव चैना का रहने वाला है। सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार व मीडिया इंचार्ज डॉ. प्रभदीप सिंह चावला ने बताया कि अब जिले में कोरोना मरीजों की कुल संख्या 411 हो चुकी है, जिनमें से 308 ठीक हो चुके है। एक की मौत हो चुकी है। अभी जिले में 102 एक्टिव केस हैं।
फतेहगढ़ साहिब में कोरोना के दस नए मामले
फतेहगढ़ साहिब में कोरोना के 10 नए मामले सामने आए हैं। इनमें मंडी गोबिंदगढ़ के 6 मामले हैं। गुरु की नगरी सेक्टर- 10बी की 53 वर्षीय स्टाफ नर्स और उसका पति भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसी तरह इकबाल नगर नजदीक अंबिका मिल में भी एक 56 वर्षीय व्यक्ति, फोकल प्वाइंट अजनाली में 36 वर्षीय, दिलीप नगर गली नंबर- 3 में 30 वर्षीय, गांव अजनाली में एक किराएदार 40 वर्षीय कोरोना पाजिटिव पाया गया।
इसके अलावा जिले के गांव बीबीपुर और गांव खरोड़ी में 36 वर्षीय, वेरका डेहरी बस्सी पठाना में 32 वर्षीय और सरहिंद में एक पुलिस कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। सिविल सर्जन डॉ. सुरिंदर सिंह ने बताया कि अब जिले में मरीजों की संख्या 142 हो गई है। संक्रमित लोगों के संपर्क में आए पारिवारिक सदस्यों के भी सैंपल लिए जा रहे हैं।
संगरूर में कोरोना से तीन की मौत, 48 संक्रमित
संगरूर में सोमवार को कोरोना से तीन लोगों की मौत हो गई। 48 नए मामले सामने आएं हैं। इसके बाद संगरूर में मरने वालों का आंकड़ा 39 हो गया है। इन सभी को विभिन्न कोविड केयर सेंटरों में एकांतवास में रखा गया है।
मानसा में कोरोना के 27 नए मामले
मानसा में सोमवार को कोरोना के 27 नए मामले सामने आए हैं। वहीं ठीक हुए 5 मरीजों को घर भेज दिया गया है। सिविल सर्जन डॉ. लाल चंद ठकराल ने बताया कि जिले में अब तक 226 व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जिनमें से 139 व्यक्ति ठीक होकर घरों को लौट चुके हैं। 62 व्यक्ति कोविड केयर सेंटर समेत विभिन्न अस्पतालों में दाखिल हैं। जिले में अब तक 20 हजार से भी अधिक व्यक्तियों के सैंपल लिए जा चुके हैं।