कोरोना से पंजाब में नौ और मरीजों की मौत, 410 पॉजिटिव मिले, मंत्री बाजवा की हालत स्थिर
कोरोना से पंजाब में गुरुवार को नौ और लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या 230 तक पहुंच गई। इस समय राज्य के अस्पतालों में दाखिल 2587 मरीजों में से 65 मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। इनमें 58 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर और 7 वेंटिलेटर पर हैं। 24 घंटे में कोरोना के 298 नए पॉजिटिव केस मिले हैं। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की 9094 हो गई है। हालांकि गुरुवार को 410 मरीजों को स्वस्थ होने पर अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई।
अब तक 4,29,832 के सैंपल लिए
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक 429832 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। गुरुवार को जो 410 मरीज ठीक हुए हैं उनमें लुधियाना के 84, जालंधर के 122, अमृतसर, बठिंडा व कपूरथला के 13-13, पटियाला के 103, मोहाली के 7, गुरदासपुर व नवांशहर के 8-8, पठानकोट व फतेहगढ़ साहिब के 3-3, होशियारपुर के 6, फरीदकोट के 14, मोगा के 12, बरनाला का 1 मरीज शामिल है। राज्य में इस तरह कोरोना को मात देने वालों की कुल संख्या 6277 हो गई है।
बाजवा की हालत स्थिर, प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट किए गए
पंजाब के ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उनकी पत्नी और बेटा रविनंदन सिंह बाजवा भी पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके बाद बाजवा की पत्नी और बेटे ने खुद को घर में क्वारंटीन कर लिया है। मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में दाखिल बाजवा की हालत स्थिर है और उन्हें प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।
शुक्रवार को उनका एक और टेस्ट किया जाएगा। वहीं सूबे के सहकारिता मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा और उनके परिवार की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है। कांग्रेसी विधायक कुलबीर सिंह जीरा, बरिदरमीत सिंह पाहड़ा, परमिंदर सिंह पिंकी, राजकुमार वेरका की टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है।
तृप्त बाजवा ने अपने विभाग के निदेशक और विशेष सचिव विपुल उज्जवल व अन्य अधिकारियों के साथ एक घंटे से भी अधिक समय तक बैठक की थी। अगले ही दिन विपुल उज्जवल की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई थी। इसके बाद बाजवा ने एहतियात के तौर पर अपना टेस्ट कराया था, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। उसके बाद उनकी तबीयत ठीक नहीं रहने के चलते डॉक्टरों ने उन्हें फिर से कोरोना टेस्ट कराने की सलाह दी थी। दूसरे टेस्ट की रिपोर्ट में बाजवा पॉजिटिव पाए गए।
गुरदासपुर में नौ संक्रमित मिले, एक संक्रमित महिला की मौत
गुरदासपुर में कुल नौ नए मरीज कोविड-19 संक्रमित पाए गए है। अब कुल मरीजों की संख्या 313 हो गई है। कोविड-19 पॉजिटिव मृतक महिला गांव शिकारा (बटाला) से थी, जिसकी उम्र 67 साल थी। महिला अन्य कई रोगों से ग्रस्त थी। वह बुधवार को श्री गुरु रामदास जी अस्पताल में दाखिल हुई थी, जहां रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। इसके बाद जीएमसी अमृतसर दाखिल किया गया। देर रात महिला की मौत हो गई।
वहीं काहनूवान की एक युवती (27) पारस अस्पताल पंचकूला में संक्रमित मिली है। फतेहगढ़ चूड़िया का एक 33 साल का युवक, जो एक अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड था, संक्रमित पाया गया है। वहीं सेखवां गांव का सऊदी अरब से लौटा 26 साल का युवक संक्रमित पाया गया है। अन्य मरीजों में दोरांगला के गुरदास नंगल गांव का एक 47 साल का व्यक्ति, मिआं मोहल्ला बटाला का एक 36 साल का युवक, गांव साहोवाल रंजीत बाग का 51 साल का पुरुष, गांव मठोला (बटाला) का 25 साल का युवक और गांव मान कौर सिंह में 50 साल का व्यक्ति संक्रमित पाया गया है।
अमृतसर: कोरोना से एक की मौत, डीसी के पीए-ड्राइवर समेत 23 पॉजिटिव
कोरोना वायरस अब प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालयों तक पहुंच गया है। गुरुवार को डीसी शिवदुलार सिंह ढिल्लों का पीए व ड्राइवर कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट हुए हैं। दो कर्मचारियों के पॉजिटिव आने के बाद डीसी कार्यालय के आधे स्टाफ को क्वारंटीन कर दिया गया है। संदिग्ध लक्षणों के चलते डीसी कार्यालय के दो स्टाफ सदस्यों का सैंपल टेस्ट को भेजा गया है।
बीते सोमवार को डीसी ने अपना टेस्ट करवाया था। उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। अब उनका स्टाफ पॉजिटिव रिपोर्ट हुआ है तो डीसी का सैंपल दोबारा लिया गया है। डीसी ने खुद को होम क्वारंटीन कर लिया है। कार्यालय को सैनिटाइज किया गया है। इसी सप्ताह लोकल बॉडी विभाग के डिप्टी डायरेक्टर भी पॉजिटिव रिपोर्ट हुए थे। दूसरी तरफ गुरुवार को 23 नए पॉजिटिव मरीज रिपोर्ट हुए, जबकि 75 वर्षीय गोबिंद नगर निवासी पॉजिटिव शख्स ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। अमृतसर में कोरोना से 59 लोगों की मौत हो चुकी है।
डीसी कार्यालय में लगते रहे धरने
डीसी कार्यालय तक कोरोना वायरस पहुंचने के बाद इस पर मंथन शुरू हो गया है। असल में अपनी मांगें मनवाने के लिए कुछ कर्मचारी डीसी कांप्लेक्स में धरना लगाते रहे। वहीं कई संस्थाओं के प्रतिनिधि यहां तक कि राजनेताओं ने भी डीसी कार्यालय में पहुंचकर मांगपत्र सौंपे थे। हालांकि डीसी ने कोरोना की वजह से धरना-प्रदर्शन व मांगपत्र लेने पर रोक लगा दी थी। उन्होंने ऑनलाइन मांगपत्र व ज्ञापन लेने शुरू किए थे।
रामानंद क्षेत्र को पुलिस ने नहीं किया सील, रोष
भाजपा पार्षद के चार स्वजनों को कोरोना होने के बावजूद पुलिस ने उनके क्षेत्र को सील नहीं किया है। बाग रामानंद एरिया में रहने वाले भाजपा पार्षद के माता-पिता व भाई-बहन कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट हुए थे। नियमानुसार इस इलाके को सील किया जाना चाहिए था लेकिन पुलिस ने ऐसा नहीं किया। स्थानीय लोगों में इस बात का रोष है।
होशियारपुर में पांच और कोरोना पॉजिटिव
होशियारपुर में पांच और कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद जिले में अब कुल संक्रमितों की संख्या 219 हो गई है। गुरुवार को संदिग्ध फ्लू जैसे लक्षण वाले 743 लोगों के सैंपल लिए गए। 591 सैंपलों की रिपोर्ट लैब से प्राप्त हुईं, जिनमें पांच लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सिविल सर्जन डॉ. जसबीर सिंह ने बताया कि गुरुवार को पॉजिटिव मिले मरीजों में शहर के सिविल लाइन चर्च के पास रहने वाली एक महिला और मोहल्ला प्रेमगढ़ के रहने वाले और लुधियाना में तैनात पुलिसकर्मी शामिल हैं। दो मरीज पीएचसी मंड पंधेर इलाके से हैं। खड़कां कैंप का एक अन्य व्यक्ति भी पॉजिटिव मिला है।
कपूरथला के मरीज की जालंधर में मौत, तीन संक्रमित मिले
कपूरथला के प्रीत नगर निवासी 65 वर्षीय मरीज की कोरोना से मौत हो गई। वहीं जालंधर के आरटीओ कार्यालय में कार्यरत कपूरथला के संतपुरा की 29 वर्षीय महिला कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाई गई है। फिलहाल महिला कर्मचारी घर पर ही है। सिविल अस्पताल के आईडीएसपी इंचार्ज डॉ. राजीव भगत ने बताया कि कपूरथला के प्रीत नगर निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग की कोरोना की वजह से मौत हुई है।
वह सिविल अस्पताल जालंधर में उपचाराधीन था। उन्होंने बताया कि मरीज 14 जुलाई को जालंधर में भर्ती हुआ था और जालंधर सिविल अस्पताल प्रशासन ने ही उसका टेस्ट किया था। बुजुर्ग डायलिसिस पर था और उसे हार्ट की भी दिक्कत थी। वहीं जालंधर के आरटीओ कार्यालय में कार्यरत कपूरथला के संतुपरा निवासी 29 वर्षीय महिला कर्मचारी कोरोना संक्रमित मिली है।
वह कोरोना संक्रमित मरीज के संपर्क में आई थी। डॉ. राजीव भगत के अनुसार रेल कोच फैक्ट्री के 53 वर्षीय और फैक्ट्री के सामने बाबा दीप सिंह नगर निवासी 27 वर्षीय युवक भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। इन दोनों का जालंधर में टेस्ट किया गया था।
जालंधर में कोरोना के 42 मरीज मिले, संख्या पहुंची 1475
जालंधर में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को जालंधर में कोरोना वायरस के 42 नए केस आए। इसके बाद जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 1475 हो गई और 31 मौतें हो चुकी हैं। बीएमसी चौक के पास स्थित इलेक्ट्रॉनिक के बड़े शोरूम के मालिक की बहू और दो साल के पोते को कोरोना वायरस हो गया है। यह कारोबारी लाजपत नगर का है और वर्षों से शोरूम चला रहा है। उनकी बहू और पोते की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद लोगों में दहशत फैल गई है, क्योंकि इनके शोरूम पर लोगों का काफी आना-जाना है।
शोरूम मालिक की 27 साल की बहू की तबीयत खराब थी। इसके चलते उन्होंने कोरोना टेस्ट करवाया, जिसमें उसकी और पोते की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब उनके पूरे परिवार को क्वारंटीन कर दिया गया है और बाकी का भी कोरोना टेस्ट लिया जाएगा। साथ ही शोरूम पर काम करने वाले कर्मचारियों के भी टेस्ट होंगे।
वहीं पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने गुरुवार को शिकायत नंबर 9592918502 जारी किया है। इस नंबर पर वह लोग फोन कर सकते हैं, जिन्होंने नियमों का उल्लंघन करते हुए लोग देखे हैं। कहीं पर भी भीड़ लगी हो, कोई सार्वजनिक स्थल पर थूक रहा हो, बिना मास्क हो तो ऐसे लोगों का वीडियो बनाकर या फोटो खींचकर इस नंबर व्हाट्सएप या मैसेज कर सकते हैं। कमिश्नर का कहना है कि पुलिस मामला दर्ज करेगी।
संगरूर: 34 व्यक्तियों ने कोरोना को दी मात
डिप्टी कमिश्नर रामवीर ने बताया कि संगरूर में गुरुवार शाम तक 34 व्यक्तियों ने कोरोना को मात देकर घर वापसी की। जिले में पॉजिटिव मामलों की संख्या 683 है। जिले में कुल एक्टिव मामले 82 हैं और अब तक 580 व्यक्ति ठीक होकर घर लौट चुके हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार को ठीक होकर घरों को लौटे 34 व्यक्तियों में से 19 कोविड केयर सेंटर घाबदां, 2 कोविड केयर सेंटर भोगीवाल, 1 सिविल अस्पताल मालेरकोटला, जबकि 6 पटियाला से, 4 लुधियाना से और 3 व्यक्ति होम आइसोलेशन में ठीक हुए हैं।
जलालाबाद में 19 वर्षीय गर्भवती युवती की कोरोना से मौत
जलालाबाद के गांव बूर वाला में 19 वर्षीय गर्भवती युवती की कोरोना से मौत हो गई। क्षेत्र में तीन दिन में कोरोना से दूसरी मौत है। इससे पहले जलालाबाद के गांव रत्ताखेड़ा में 50 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना से मौत हुई थी। युवती की कोरोना से मौत की पुष्टि सिविल सर्जन डॉ. चंद्र मोहन कटारिया ने की है।
सिविल सर्जन डॉ. चंद्र मोहन कटारिया ने बताया कि युवती गांव कटियांवाली में विवाहित थी और कुछ दिन से अपने मायके गांव बूर वाला में रह रही थी। युवती चक्कर आकर गिर गई थी। तबीयत खराब होने पर उसे फरीदकोट मेडिकल कॉलेज में दाखिल करवाया गया। वहां उसका टेस्ट किया तो कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी।
बठिंडा: सेना छावनी और एयरफोर्स स्टेशन कोरोना की चपेट में
बठिंडा में गुरुवार को 22 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई। चिंता की बात यह है कि कैंट के साथ अब एयरफोर्स में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है। बठिंडा में बड़ी सैनिक छावनी होने के साथ एयरफोर्स स्टेशन भी है। गुरुवार को छावनी में जहां छह कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई। वहीं एक मरीज एयरफोर्स में भी मिला है। इसके अलावा नई बस्ती, बल्ला राम नगर, गणपति एक्लेव, रेलवे स्टेशन के नजदीक श्री हनुमान मंदिर, खालसा कालोनी नजदीक तेल रिफाइनरी, मॉडल टाउन फेस वन, सीआईए स्टाफ टू, धोबियाना रोड गली नंबर 15, गोनियाना मंडी, निलगिरी एक्लेव व जस्सी बागवाली में एक-एक संक्रमित केस सामने आए हैं। अजीत रोड के साथ वर्धमान स्पिनिंग मिल में दो मरीज मिले हैं।
फरीदकोट: मेडिकल अस्पताल के स्टाफ सदस्य समेत आठ पॉजिटिव
फरीदकोट में गुरुवार को श्री गुरु गोबिंद सिंह जी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एक स्टाफ सदस्य समेत आठ व्यक्तियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें चार मरीज जैतो शहर की उसी गली से हैं जहां से पहले कुछ लोग संक्रमित मिल चुके हैं। सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार व मीडिया इंचार्ज डॉ. प्रभदीप सिंह चावला ने बताया कि एक मरीज को छोड़ बाकी सभी पहले संक्रमित के संपर्क वाले हैं।
फिरोजपुर में दस कोरोना पॉजिटिव
फिरोजपुर में गुरुवार को दस लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब कोरोना पॉजिटिव के कुल केस 198 हो गए हैं, इनमें से एक्टिव मामले 97 हैं। सभी का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसके अलावा तलवंडी भाई में कोरोना के केस ज्यादा होने के कारण उसे सील कर दिया गया है।
लुधियाना में कोरोना संक्रमण के 57 नए मामले
लुधियाना में गुरुवार को कोरोना संक्रमण के कुल 57 मामले सामने आए हैं, जबकि चार अतिरिक्त मामले अन्य जिलों से संबंधित हैं। इस तरह जिला लुधियाना में अब तक कोरोना संक्रमण के कुल 1626 मामले आ चुके हैं। गुरुवार को पटियाला के राजिंदरा कॉलेज में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जो कि लुधियाना का था। इस तरह मौत का कुल आंकड़ा 40 पहुंच गया है।
सिविल सर्जन डॉक्टर राजेश बग्गा ने बताया कि लुधियाना से 57 कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं। वहीं लुधियाना के राहो रोड निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति पटियाला के राजिंदरा कॉलेज में भर्ती था। वह कोरोना के अलावा अन्य बीमारियों से भी ग्रसित था। उसकी गुरुवार को मौत हो गई है। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग ने 1100 सैंपल जांच को भेजे हैं। इसके अलावा रैपिड रिस्पांस टीमों ने 357 लोगों की स्क्रीनिंग की है। इसमें 194 लोगों को क्वारंटीन किया गया है।