Haryana Chunav Result: त्रिस्तरीय सुरक्षा से लैस काउंटिग सेंटर, सुबह आठ बजे से होगी मतगणना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा में सत्ता का ताज किसके सिर सजेगा, इसका फैसला बृहस्पतिवार को हो जाएगा। नई सरकार की तस्वीर साफ होने के लिए चंद घंटों का इंतजार ही बचा है। गुरुवार सुबह हरियाणा में आठ बजे मतगणना शुरू हो जाएगी।
अपराह्न तक चुनाव परिणाम के रूझानों से काफी हद तक स्थिति स्पष्ट हो चुकी होगी। 90 विधानसभा सीटों के लिए प्रदेश में कुल 59 स्थानों पर 91 काउंटिग सेंटर बनाए गए हैं।
बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों की संख्या सबसे अधिक होने के कारण 2 काउंटिग सेंटर बनाए हैं। हरियाणा के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्र जीत ने बताया कि काउंटिग सेंटर थ्री-टायर सिक्योरिटी सिस्टम से लैस होगा।
मतगणना केंद्र के भवन के बाहरी तरफ सड़क पर हरियाणा पुलिस, मतगणना केंद्र के परिसर के मुख्य द्वार पर स्टेट आर्म फोर्स और मतगणना केंद्र के प्रवेश द्वार के बाहर केंद्रीय अर्धसैनिक बल के जवान तैनात रहेंगे।
कुल 1169 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें से 1064 पुरुष और 105 महिला उम्मीदवार हैं। इन सभी के राजनीतिक भाग्य का फैसला जनता के जनादेश से हो जाएगा। प्रदेश में 21 अक्टूबर को मतदान हुआ था, कुल 68.31 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
2014 के विधानसभा चुनाव में 76.13 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। सबसे ज्यादा 25 उम्मीदवार हांसी विधानसभा क्षेत्र और सबसे कम 6-6 उम्मीदवार अंबाला कैंट और शाहबाद विधानसभा क्षेत्र में चुनाव लड़े हैं।
कुल 19578 मतदान केंद्रों पर हुई वोटिंग
प्रदेश में कुल 19578 मतदान केंद्रों पर वोटिंग हुई है। जिनमें से 2987 अति संवेदनशील और 151 क्रिटिकल मतदान केंद्र चिह्नित किए गए थे। पांच मतदान केंद्रों पर शिकायतों के चलते बुधवार को दोबारा मतदान कराना पड़ा। चुनाव के दौरान 75 हजार पुलिस जवान व अर्धसैनिक बलों की 130 कंपनियां तैनात रहीं।
पार्टी वार इतने लड़े चुनाव
भारतीय जनता पार्टी से 90, बीएसपी से 87, सीपीआई से 4, सीपीआई (एम) से 7, इंडियन नेशनल कांग्रेस से 90, एनसीपी से 1, इंडियन नेशनल लोकदल से 81, 375 आजाद और 434 अन्य उम्मीदवार चुनाव लड़े हैं।