अमृतसर में एसजीपीसी टास्क फोर्स और सिख संगठनों में टकराव, तलवारें और लाठियां चलीं, 12 जख्मी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्री गुरु ग्रंथ साहिब के लापता पावन स्वरूपों के मामले में एसजीपीसी के आरोपी कर्मचारियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग कर रहे सिख संगठनों का शनिवार को एक बार फिर एसजीपीसी टास्क फोर्स से टकराव हो गया। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) मुख्यालय के बाहर दोनों ओर से तेजधार हथियारों, तलवारों व लाठियों से हमला किया गया। इसमें 12 लोग जख्मी हो गए। इनमें एसजीपीसी के एक कर्मचारी की हालत गंभीर है। उसके सीने के नजदीक तलवार का गहरा जख्म हुआ है। देर रात तक स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी।
जानकारी के अनुसार लापता 328 पावन स्वरूपों के मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग के लिए सतिकार कमेटी और सिख संगठनों के सदस्य 40 दिन से एसजीपीसी कार्यालय के सामने धरने पर बैठे हैं। सतिकार कमेटी के नेता सुखजीत सिंह खोसा ने शनिवार को दोपहर बाद एसजीपीसी मुख्यालय तेजा सिंह समुंदरी हॉल के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला जड़ दिया और बाहर आकर बैठ गए। इसके बाद एसजीपीसी के सदस्य लंगर खाने के लिए दफ्तर से बाहर निकले तो उन्हें जाने नहीं दिया गया। इस पर टास्क फोर्स ने ताला तोड़कर सिख संगठनों की ओर से दीवारों पर लगाए पोस्टर फाड़ दिए और धरने पर बैठे सिख संगठनों को खदेड़ दिया।
टास्क फोर्स के कर्मचारी सिख संगठनों के कुछ सदस्यों को धक्के मारते हुए तेजा सिंह समुंदरी हॉल में ले गए और उन्हें वहां बंधक बना लिया। इसके बाद सिख संगठन भड़क गए और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इसमें कई लोग जख्मी हो गए। इसके बाद कई घंटे तक दोनों पक्ष तलवारें लेकर एक-दूसरे के सामने डटे रहे। एजसीपीसी ने बताया कि उनके सभी घायल कर्मचारियों को श्री गुरु रामदास अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
डरकर भागे श्रद्धालु
इस दौरान एसजीपीसी परिसर में स्थित सरायों में दर्शन को पहुंची संगत यह देखकर सहम गई। वहीं, सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने के लिए जा रहे श्रद्धालु वहां से डरकर भाग गए।
मीडिया कर्मचारियों को थप्पड़ मारे, मोबाइल-कैमरे छीने
एसजीपीसी के कर्मचारियों ने कवरेज कर रहे कई मीडिया कर्मचारियों को थप्पड़ मारे और उनके मोबाइल व कैमरे छीन लिए। उन्हें रिपोर्टिंग करने से रोक दिया गया। हमले से गुस्साए मीडियाकर्मी भी एसजीपीसी दफ्तर के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने एसजीपीसी मुर्दाबाद के नारे लगाए।
20 दिन पहले भी जड़ा था ताला
सुखजीत सिंह खोसा ने 20 दिन पहले भी एसजीपीसी दफ्तर के मुख्य गेट पर ताला जड़ा था। खोसा की इस कार्रवाई का कई पंथक संगठनों ने समर्थन नहीं किया था। इससे नाराज होकर वे घर चले गए थे। बाद में उन्हें संगठनों ने मनाया। शनिवार को भी पंथक संगठन खोसा की इस कार्रवाई का समर्थन करते नहीं दिखे।
एसजीपीसी कर्मचारियों पर हमला पंजाब सरकार की साजिश : लौंगोवाल
एसजीपीसी के अध्यक्ष गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने कहा कि एसजीपीसी कर्मचारियों पर हमला पंजाब सरकार की साजिश है। जिन लोगों ने एसजीपीसी कर्मचारियों पर हमला किया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। एसजीपीसी परिसर में धरने पर बैठे संगठनों के विरुद्ध कई बार शिकायत की गई कि इनके पास हथियार हैं, परंतु पंजाब सरकार ने कोई भी कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कई बार इन संगठनों से बात की, इसके बावजूद वे धरने पर बैठ रहे।
शांतिपूर्ण तरीके से दे रहे थे धरना : प्रोफेसर बलजिंदर
जत्थेदार हवारा कमेटी के प्रवक्ता प्रोफेसर बलजिंदर सिंह ने कहा कि एसजीपीसी टास्क फोर्स ने संगठनों के सदस्यों पर उस समय हमला किया जब वे शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहे थे। इसके बावजूद संगठन के सदस्यों ने धैर्य दिखाया। उन्होंने कहा कि हमला करने वालों में वे भी शामिल थे जिन्हें लापता स्वरूपों के मामले में एसजीपीसी ने बर्खास्त किया हुआ है।