पंजाब में कोरोना से 13वीं मौत, मंगलवार को नौ नए मामले आए सामने, पीड़ितों की संख्या पहुंची 185
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना वायरस ने मंगलवार को पंजाब में एक और बलि ले ली। राज्य में इस महामारी से यह तेरहवीं मौत है। गुरदासपुर में मंगलवार को कोरोना का पहला केस सामने आया है। बीते 24 घंटे के दौरान इस महामारी के नौ पॉजिटिव केस सामने आए, जिनमें से जालंधर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हालांकि, नवांशहर में दो और मरीजों के ठीक होने की भी खबर है। वहीं पटियाला में एक और संक्रमित सामने आया है।
इसके साथ ही इस वायरस से पीड़ित लोगों की राज्य में कुल संख्या बढ़कर 184 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को पठानकोट में 4, मोहाली में 2 और गुरदासपुर, जालंधर और पटियाला में 1-1 पॉजिटिव केस सामने आए। पठानकोट और मोहाली के छह मरीज पहले से कोरोना पीड़ितों के करीबी हैं।
सूबे के अस्पतालों मे 144 कोरोना मरीजों का इलाज
पंजाब में कोरोना के 4844 संदिग्ध लोगों के सैंपलों की जांच की गई है। जिनमें से 4047 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि 613 लोगों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य के विभिन्न अस्पतालों में 144 पॉजिटिव मरीजों का इलाज जारी है। इन्हीं में से एक मरीज वेंटिलेटर पर है जबकि 4 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। मंगलवार तक 27 मरीज महामारी से ठीक भी हो चुके हैं।
पीड़ितों के जिलावार आंकड़े
- जिला कुल मरीज मरे ठीक हुए
- नवांशहर 19 - 15
- मोहाली 56 2 5
- जालंधर 25 2 4
- पठानकोट 22 1 -
- अमृतसर 11 2 -
- लुधियाना 11 2 1
- मानसा 11 - -
- होशियारपुर 7 1 2
- मोगा 4 - -
- फरीदकोट 3 - -
- रोपड़ 3 1 -
- बरनाला 2 1 -
- फतेहगढ़ साहिब 2 - -
- कपूरथला 2 - -
- पटियाला 3 - -
- संगरूर 2 - -
- मुक्तसर 1 - -
- गुरदासपुर 1 - -
मोहाली जिले में कहर बढ़ता ही जा रहा है।
वहीं, कुल मिलाकर अब जिले में कोरोना पीड़ितों की संख्या 56 हो गई है। इनमें से 2 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि छह लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। इसमें 80 साल की एक बुजुर्ग महिला भी शामिल है। मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को जवाहरपुर की पॉजिटिव आई महिला की उम्र 56 साल बताई जा रही है।
इसी तरह मुंडी खरड़ की 38 साल की महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। महिला मुंडी खरड़ के जिस इलाके की रहने वाली है। पुलिस ने उस इलाके को सील कर दिया है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग आसपास के लोगों के सैंपल जुटा रहा है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि स्थिति काबू में है।
हालांकि इलाके में सैनिटाइजेशन से लेकर अन्य इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि बीमारी की चपेट में कोई अन्य व्यक्ति न आए। जिक्रयोग है कि लोगों की सुविधा के लिए पंजाब स्वास्थ्य विभाग की तरफ से हेल्पलाइन नंबर-104 टोल फ्री शुरू किया गया है। यहां पर लोग बीमारी संबंधी जानकारी हासिल कर सकते हैं।
इसके अलावा घर में रहकर अपने आपको स्वस्थ रखने के लिए पंजाब के आयुष मंत्रालय ने एक एडवाइजरी जारी की है। जिसमें लोग घरों में मौजूद सामान का इस्तेमाल करके ही अपने आपको फिट रख पाएंगे। इसके अलावा लोगों को सलाह दी गई है कि कोरोना जागरूकता एप कोवा को अपने फोन में डाउनलोड करें। इससे भी उन्हें सही जानकारी मिल सकती है।
गुरदासपुर का 60 वर्षीय बुजुर्ग कोरोना पॉजिटिव
कोविड-19 संक्रमित पाए जाने के बाद पूरे गांव को सील कर दिया गया है। डीसी गुरदासपुर मोहम्मद इश्फाक, एसएसपी स्वर्णदीप सिंह, सिविल सर्जन गांव पहुंचे और उसे सील कर मरीज के परिजनों के सैंपल लिए। डीसी की ओर से भैणी पसवाल के तीन किलोमीटर के दायरे को कंटेंमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। वहां कर्फ्यू की सारी ढील खत्म करने के आदेश दिए गए हैं।
दो अस्पताल सील
वहीं जानकारी के अनुसार मरीज शनिवार को पुराना शाला स्थित विरदी अस्पताल चेकअप करवाने गया। वहां भर्ती करने से मना करने पर वह शनि मंदिर रोड स्थित अरोड़ा अस्पताल में शनिवार को दाखिल भी हुआ। अस्पताल प्रशासन ने जिला प्रशासन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मरीज को सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करवाया गया।
मंगलवार को हालत बिगड़ने पर उसे अमृतसर रेफर कर दिया गया। प्रशासन की ओर से विरदी और अरोड़ा अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ नर्सों का सैंपल लेकर अस्पताल सील कर दिए गए हैं। मरीजों को क्वारंटीन किया गया है और उन मरीजों की लिस्ट बनाई जा रही है जो अस्पतालों में उस दौरान उपचार के लिए आए थे या दाखिल हुए थे।
जालंधर में एक और कोरोना पॉजिटिव मिला
मंगलवार को आई रिपोर्ट में उन्हें कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। सेहत विभाग और पुलिस की टीमों ने संबंधित इलाके को पूरी तरह से सील कर दिया है। आशंका है कि जीत लाल को इलाके में स्थित एक आश्रम से ही कोरोना का संक्रमण मिला है क्योंकि इस आश्रम से रवि छाबड़ा और उसकी मां स्वर्णा छाबड़ा को संक्रमण हुआ था। वहां सात मार्च को एक आयोजन किया गया था, जिसमें जीत लाल व उनका परिवार शरीक हुआ था। रवि छाबड़ा और उनकी मां दोनों इलाजरत हैं।
पठानकोट के पहले संक्रमित की माता के निधन पर आए रिश्तेदारों से बढ़े मामले
मोहल्ला आनंदपुर रड़ा में एक ही परिवार में पांच संक्रमित मिलने के मामले की वजह प्रशासनिक जांच में सामने आ गई है। दरअसल, जिले के पहले संक्रमित आनंदपुर रड़ा निवासी राजकुमार की माता का कुछ दिनों पहले निधन हो गया था। अंतिम संस्कार में कई रिश्तेदार शामिल हुए। इसमें राजकुमार की भोआ के गांव बघियाल निवासी बहन, आनंदपुर कुलियां निवासी भाई और सुजानपुर के कुछ रिश्तेदार शामिल थे।
जानकारी के मुताबिक माता के निधन के दौरान ही राजकुमार संक्रमित हुआ, उसी के संपर्क में आई उसकी बेटी, बहन, भाई और भाभी भी संक्रमित हो गए। इनमें से कई रिश्तेदार अंतिम संस्कार के बाद भी उनके घर में रुके रहे। हालांकि राजकुमार किसके संपर्क में आकर संक्रमित हुआ, इसकी गुत्थी सेहत विभाग नहीं सुलझा पाया है।
मंगलवार को भोआ के गांव बघियार निवासी संक्रमित महिला के पति, बेटे, बहू, नाती, नातिन और जेठ को सिविल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया और उनके सैंपल अमृतसर भेजे गए। गांव को सील कर 106 घरों का सर्वे किया गया और लोगों को 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया गया है। प्रशासन ने बघियाल, सुजानपुर, सतींन, आनंदपुर रड़ा और सुजानपुर में कर्फ्यू में मिली छूट पर प्रतिबंध लगा दिया है।
देर रात पॉजिटिव आया मरीज लंगर सेवा में था लगा
पत्नी, बच्चों व पड़ोसियों को कवारंटीन करके सैंपल लिए
50 साल का कृष्ण कुमार नाम का इस व्यक्ति की आर्य समाज में जूतों की दुकान है। सिविल सर्जन डा. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि मंगलवार देर रात जैसे ही इस व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव रही। तुरंत सेहत विभाग की रेपिड रिस्पांस टीमों ने इस व्यक्ति की पत्नी व दोनों बच्चों को कवारंटीन करके इनकी सैंपलिंग की। साथ ही पड़ोस के नजदीकी पांच घरों में रहने वाले लोगों को भी कवारंटीन करके सैंपलिंग की जा रही है। साथ ही इस व्यक्ति के राइमाजरा इलाके में भी कई लोगों के साथ नजदीकी संपर्क रहने की सूचना मिली है। वहां के लोगों को भी कवारंटीन किया जा रहा है।
जहां लंगर बांटा, उन लोगों को किया जा रहा है कवारंटीन
सेहत विभाग के मुताबिक उक्त कोरोना पाजीटिव मरीज द्वारा जिस बस्ती में जाकर लोगों को लंगर बांटा जा रहा था, वहां के लोगों को कवारंटीन किया जा रहा है। इस दौरान अगर किसी में खांसी, जुकाम या बुखार के लक्षण पाए गए, तो उनकी तुरंत सैंपलिंग कर जांच को भेजा जाएगा।
सवा चार लाख की आबादी की होगी स्क्रीनिंग, नहीं बंटेगा लंगर
जिला मजिस्ट्रेट की तरफ से जारी आदेशों के अनुसार पटियाला जिले में अब कोई भी लंगर नहीं बांट सकेगा। सिर्फ रेडक्रास को ही यह काम करने की आज्ञा होगी। जिला मजिस्ट्रेट ने बुधवार को मिनी सचिवालय में बैठक दौरान सिविल सर्जन को आदेश दिए कि कोरोना के लक्षण पता करने के लिए पटियाला शहर की आबादी की सेहत विभाग की विशेष टीमों द्वारा स्क्रीनिंग की जाए और किसी को भी सूखी खासी, बुखार जा सांस की तकलीफ के लक्षण सामने आने पर तुरंत रिपोर्ट भेजी जाए। उन्होंने कहा कि एडीसी (विकास) डा. प्रीति यादव और नगर निगम की कमिश्नर पूनमदीप कौर इस सारे आपरेशन पर निगरानी रखेंगे।