PNB घोटालाः जनवरी के पहले हफ्ते में परिवार सहित नीरव मोदी ने छोड़ा देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
114 अरब का पंजाब नेशनल बैंक में घोटाला सामने आने से पहले ही मुख्य आरोपी नीरव मोदी जनवरी के पहले हफ्ते में ही देश छोड़कर चला गया था। नीरव के साथ उसके भाई, पत्नी और बिजनेस पार्टनर भी देश से बाहर जा चुके हैं। हालांकि सीबीआई ने 29 जनवरी को मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
एजेंसी ने जारी किया लुकआउट नोटिस
जांच एजेंसी के मुताबिक नीरव का भाई निशाल जो कि बेल्जियम का नागरिक है वो 1 जनवरी को, पत्नी एमी और गीतांजलि ज्वेलरी चेन के मालिक व बिजनेस पार्टनर मेहुल चोकसी 6 जनवरी को देश छोड़कर चले गए थे। इन सबके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया गया है। पीएनबी की शिकायत मिलने के बाद इन सभी आरोपियों के खिलाफ 31 जनवरी को मामला दर्ज किया गया था।
280 करोड़ से 114 अरब रुपये का घोटाला
शुरुआत में जब पीएनबी ने इस मामले की शिकायत सीबीआई से की थी, तब यह 280 करोड़ रुपये का घोटाला था। इसके बाद इस घोटाले की परत दर परत खुलती गई और फिर यह 114 अरब का घोटाला हो गया। जांच के बाद ही पीएनबी ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को बुधवार को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद एजेंसी ने इन चारों आरोपियों पर शिकंजा कस दिया है।
स्विटजरलैंड में होने का संदेह
मुख्य आरोपी नीरव मोदी का स्विटजरलैंड में होने का संदेह जांच एजेंसियों को है। दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की बैठक के दौरान नीरव मोदी वहां पर मौजूद था। पीएम नरेंद्र मोदी के साथ भारतीय सीईओ की ग्रुप फोटो में भी नीरव मोदी मौजूद है। इस फोटो को केंद्र सरकार के प्रेस सूचना ब्यूरो द्वारा जारी किया गया था। यह फोटो 23 जनवरी को खींची गई थी।
राहुल ने कसा तंज
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा- नीरव मोदी का भारत को लूटने का तरीका- पहले पीएम मोदी को गले लगाया और उसके बाद पीएम के साथ दावोस में दिखाई दिया। उस प्रभाव का इस्तेमाल करके पहले 12,000 करोड़ रुपए लूटे और दूसरा माल्या की तरह देश से भागने में सफल रहे। जबकि सरकार दूसरे रास्ता देख रही थी। एक मोदी से दूसरा मोदी।
2011 से चल रहा था फर्जीवाड़ा
सूत्रों के मुताबिक यह फर्जीवाड़ा 2011 से चल रहा था और इसमें बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों की संलिप्तता थी। पीएनबी ने एक बयान में कहा है कि मुंबई स्थित उसकी एक ब्रांच में फर्जी तरीके से ट्रांजेक्शन कर कुछ खाताधारकों को लाभ पहुंचाया गया।
नीरव मोदी के भाई निशाल, पत्नी एमी और मेहुल चीनभाई चोकसी की ओर से किए इन ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपियों ने विदेश में अन्य भारतीय बैंकों से लोन हासिल कर लिया। चोकसी ज्वेलरी चेन गीतांजलि के मालिक हैं।
मोदी पर 10 दिन पहले ही पीएनबी ने 280 करोड़ रुपये की घोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है। इसमें बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत भी सामने आई है। सीबीआई इसकी जांच कर रही है। मोदी के अलावा इसमें उसके भाई निशाल, पत्नी और पार्टनर चोकसी को भी आरोपी बनाया गया है।