सात नवंबर को इंडिगो और कतर एयरवेज करेंगे रणनीतिक कारोबारी घोषणा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सात नवंबर को भारत में किफायती विमानन सेवाएं देने वाली कंपनी इंडिगो और कतर एयरवेज रणनीतिक कारोबारी घोषणा करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घोषणा कोडशेयर करार से जुड़ी हो सकती है।
कतर एयरवेज के सीईओ ने दिया था बयान
इससे पहले कतर एयरवेज इंडिगो में निवेश में दिलचस्पी दिखा चुकी है। हालांकि इंडिगो ने इसका विरोध ही किया है। बता दें कि अगस्त 2019 में कतर एयरवेज के मुख्य कार्याधिकारी अकबर अल बाकर ने अपने एक बयान में कहा था कि कतर एयरवेज की इंडिगो में काफी दिलचस्पी है।
कतर एयरवेज की इंडिगो में रुचि
तब बाकर ने कहा था कि कतर एयरवेज इंडिगो के साथ कोडशेयर व संयुक्त उड़ान पर बातचीत कर रही है। हालांकि तब इस संदर्भ में इक्विटी हिस्सेदारी को लेकर बात नहीं हुई थी। अल बाकर ने कहा था कि 'हमने इंडिगो से बातचीत की थी, लेकिन विमानन कंपनी अभी विदेशी निवेशक को शामिल करने के लिए तैयार नहीं है। जब वह तैयार होगी, कतर की उसमें रुचि होगी।'
इंडिगो के प्रवर्तकों के बीच चल रहा विवाद
बता दें कि यह सौदा तब होगा जब इंडिगो के दोनों प्रवर्तकों - राकेश गंगवाल और राहुल भाटिया के बीच विवाद खत्म हो जाएगा। इन दोनों के बीच कंपनी प्रशासन को लेकर विवाद चल रहा है, जिसकी वजह से निवेशक चिंतित हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि इससे कंपनी की मूल्यांकन और रणनीति प्रभावित हो सकती है।
मालूम हो कि भारतीय बाजार में इंडिगो की करीब 40 फीसदी हिस्सेदारी है। इंडिगो की अंतरराष्ट्रीय मार्ग पर विस्तार करने की योजना है।
एयरबस को 300 विमानों का ऑर्डर देगी इंडिगो
बीते दिनों खबर आई थी कि इंडिगो जल्द ही रिकॉर्ड 300 से ज्यादा ए320 नियो-फैमिली के विमानों का बड़ा ऑर्डर दे सकती है। इस पर कम से कम 33 अरब डॉलर की लागत आने का अनुमान है।
घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने बताया कि इंटरग्लोब एविएशन की इंडिगो ऑर्डर को अंतिम रूप दे रही है, जिसमें एयरबस के नए नवेले जेट, सिंगल एस्ले ए320 का लॉन्ग रेंज वर्जन शामिल है जिसे ए321 एक्सएलआर कहा जाता है। इंडिगो ने इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। सोमवार को ही एक प्रवक्ता ने कहा था कि फिलहाल ऑर्डर देने की कोई योजना नहीं है। एयरबस ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं दी है।