बाबा रामदेव 2019 में लांच करेंगे पतंजलि गारमेंट, ऑनलाइन होम डिलीवरी के लिए फेसबुक-गूगल से किया करार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
योग गुरु व पतंजलि आयुर्वेद के सह-संस्थापक बाबा रामदेव ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि उनकी कंपनी अगले साल कपड़ा उत्पादन कारोबार में कदम रखेगी। एडवरटिजमेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एएएआई) द्वारा आयोजित ‘गोवा फेस्ट 2018’ में कहा कि लोग मुझसे पूछ रहे हैं कि आप अपनी कंपनी का जींस कब बाजार में ला रहे हैं। इसलिए, हमने पारंपरिक परिधानों सहित बच्चों, पुरुषों तथा महिलाओं के लिए वस्त्र उत्पादों को अगले साल से बाजार से उतारने का फैसला किया है।
रखा 5 हजार करोड़ का टारगेट
रामदेव के प्रवक्ता एस के तिजारावाला ने कहा कि वो अपने स्वदेशी कपड़े की दुकानें जल्द खोलने जा रही है। इन स्टोर में बच्चों, महिलाओं और पुरुषों के लिए पूरी रेंज उपलब्ध होगी। कंपनी ने फिलहाल पहले साल में बिक्री के लिए 5 हजार करोड़ रुपये का टारगेट रखा है। तिजारावाला ने कहा कि कंपनी सबसे पहले हाथ से बुने कपड़ों के अलावा, मशीन से बने कपड़ों को भी बेचेगी, जिसमें डेनिम से बने कपड़े भी शामिल होगें।
परिधान होगा नए स्टोर का नाम
तिजारावाला ने कहा कि उनके स्टोर का नाम परिधान होगा। शुरुआती चरण में 250 स्टोर खोले जाएंगे। इसके बाद इनका विस्तार किया जाएगा। पतंजलि के कपड़े बिग बाजार सहित देश के अन्य रिटेल आउटलेट्स जैसे कि खादी भवन से भी बेचे जाएंगे।
बेचेंगे खादी उत्पाद, फैब इंडिया को देंगे टक्कर
बाबा रामदेव की 'खादी' के उत्पादन में बड़े स्तर पर उतरने की योजना है। अपने आयुर्वेदिक उत्पादों के लिए जानी जाने वाली पतंजलि अब स्वदेशी कपड़ों का उत्पादन करने वाली है। रामदेव का कहना है, 'अगर हमारे देश में फैब इंडिया जैसी विदेशी कंपनियां खादी प्रॉडक्ट्स बेच रही हैं तो यह महात्मा गांधी और उनकी राजनीतिक विचारधारा की हत्या है। पतंजलि की कपड़ा सेक्टर के लिए बड़ी योजनाएं हैं। लंगोट से लेकर कोट तक हर चीज बनाई जाएगी।'
मरीजों को ध्यान में रखकर बनाए जाएंगे कपड़े
बाबा रामदेव का कहना है कि वो विदेशी कंपनियों को भारत से भगाना चाहते हैं। पतंजलि का प्रोजेक्ट वो हर प्रोडक्ट बनाने का है जिसे विदेशी कंपनियां भारत में धड़ल्ले से बेच रही हैं। मेड इन इंडिया के उद्देश्य से प्रोडक्ट्स बनाने में लगे बाब रामदेव पहले से ही भारतीय मार्केट में छाए हुए हैं।
खबरों की मानें तो पतंजलि न केवल जींस बल्कि कोट ले लेकर लंगोट तक बाजार में लाने की तैयारी कर रही है। मरीजों को ध्यान में रखकर भी कपड़ों को बनाया जाएगा।
फेसबुक, गूगल से भी किया करार
पतंजलि के उत्पादों को खरीदने में अगर कोई दिक्कत आ रही है तो घर बैठे आप फेसबुक या फिर गूगल से इसके लिए ऑनलाइन ऑर्डर कर सकेंगे। इसके लिए बाबा रामदेव ने दोनों बड़ी ऑनलाइन टेक कंपनियों से करार किया है।
टीवी और अखबार के बाद ऑनलाइन का किया रुख
बाबा रामदेव ने जब से पतंजलि को शुरू किया है, तब से उनका फोकस टीवी और अखबार में विज्ञापन देने का रहा है। लेकिन अब ऑनलाइन पर भी कंपनी ने अपना फोकस शुरू कर दिया है।