Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   Trump bought up to $265,000 of Nvidia stock in September, disclosure shows

एनवीडिया में ट्रंप का लाखों डॉलर का निवेश: अगस्त में भी की थी बड़ी खरीद-बिक्री; अब क्यों उठ रहे सवाल?

Thu, 19 Nov 2026 10:53 PM IST
निर्मल कांत पीटीआई, नई दिल्ली।
पीटीआई, नई दिल्ली। Published by: निर्मल कांत Updated Thu, 19 Nov 2026 10:53 PM IST
सार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एनवीडिया के करोड़ों रुपये के शेयर खरीदे और बेचे। इसी बीच कंपनी के पूर्व प्रमुख जेन्सन हुआंग पर चीनी जासूस महिला से संबंधों के आरोप सामने आए। दावा है कि ट्रंप को इसकी जानकारी पहले से थी, फिर भी उन्होंने कार्रवाई नहीं की? पढ़िए रिपोर्ट।

विज्ञापन
Trump bought up to $265,000 of Nvidia stock in September, disclosure shows
एनवीडिया में ट्रंप का कितना पैसा लगा? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक

विस्तार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सितंबर में एनवीडिया कंपनी के शेयर खरीदे और बेचे। उन्होंने 2 लाख 65 हजार डॉलर (करीब 2.37 करोड़ रुपये) तक के शेयर खरीदे। वहीं, 15 हजार डॉलर (करीब 13.4 लाख रुपये) तक के शेयर बेचे। ट्रंप के ताजा वित्तीय खुलासे से यह जानकारी सामने आई है।
विज्ञापन


यह खुलासा ऐसे समय हुआ है, जब ट्रंप को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सवाल यह है कि क्या उन्हें एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेन्सन हुआंग के एक कथित चीनी जासूस महिला से संबंधों की जानकारी थी?
विज्ञापन


एनवीडिया में ट्रंप का कितना निवेश?
ट्रंप ने दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों में शामिल एनवीडिया के शेयरों में निवेश किया है। इसका खुलासा ऐसे समय हुआ है, जब उनका प्रशासन कंपनी के भविष्य को प्रभावित करने वाले फैसलों पर विचार कर रहा है। इनमें कंपनी के आधुनिक चिप के निर्यात से जुड़े नियम भी शामिल हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


एनवीडिया पर निगरानी बढ़ गई है। इसकी वजह हाल में आई कुछ रिपोर्ट्स हैं। इन रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि कंपनी के पूर्व प्रमुख जेन्सन हुआंग का एक ऐसी महिला से प्रेम संबंध था, जिस पर चीन की राजधानी बीजिंग के लिए जासूसी करने का आरोप है।

सितंबर में ट्रंप ने कितने शेयर खरीदे और बेचे?
ट्रंप ने सितंबर में सैकड़ों शेयर सौदे किए थे। इनमें एनवीडिया के शेयरों की खरीद-बिक्री भी शामिल थी। यह जानकारी ट्रंप के वित्तीय खुलासे में दी गई है। इस पर ट्रंप ने 1 नवंबर को हस्ताक्षर किए थे। अमेरिकी सरकारी नैतिकता कार्यालय ने गुरुवार को इसे सार्वजनिक किया।

ये भी पढ़ें: फेयरफैक्स की आईआईएफएल कैपिटल में 44% हिस्सेदारी: 1540 करोड़ का सौदा; कंपनी पर अब किसका होगा दबदबा?

इससे पहले रॉयटर्स ने जानकारी दी थी कि ट्रंप ने अगस्त में एनवीडिया के 16 लाख डॉलर (करीब 14.3 करोड़ रुपये) तक के शेयर खरीदे थे। वहीं, उन्होंने 10 लाख डॉलर (करीब 8.9 करोड़ रुपये) तक के शेयर बेचे थे।

व्हाइट हाउस ने ट्रंप के निवेश पर क्या कहा?
व्हाइट हाउस ने इस मामले पर तत्काल टिप्पणी नहीं की है। हालांकि, अक्तूबर में व्हाइट हाउस के प्रवक्ता डेविस इंगले ने एक बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि राष्ट्रपति के निवेश का प्रबंधन स्वतंत्र रूप से तीसरे पक्ष की वित्तीय संस्थाएं करती हैं। ये संस्थाएं 'श्वाब 1000' जैसे मान्यता प्राप्त शेयर बाजार सूचकांकों के आधार पर निवेश करती हैं। उस समय उन्होंने कहा था, हितों का कोई टकराव नहीं है।  

एनवीडिया के चिप पर अमेरिका की इतनी नजर क्यों?
एनवीडिया दुनिया में आधुनिक एआई वाले चिप बनाने वाली सबसे बड़ी कंपनी है। इन चिप का इस्तेमाल अत्याधुनिक एआई प्रणाली बनाने में बड़े पैमाने पर होता है। ये चिप तकनीक के मामले में चीन से आगे बने रहने की अमेरिकी कोशिशों का अहम हिस्सा हैं। अमेरिका कई साल से चीन को एनवीडिया के सबसे आधुनिक चिप मिलने से रोकने की कोशिश कर रहा है।

इसके पीछे सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं हैं। अमेरिका को डर है कि चीन इन चिप का इस्तेमाल हथियार बनाने या बेहतर एआई वाले उपकरण तैयार करने में कर सकता है।

चीन को चिप देने के पक्ष में क्यों हैं एनवीडिया के अधिकारी?
एनवीडिया के अधिकारियों ने चीन को चिप देने की ज्यादा छूट देने की वकालत की है। कंपनी के प्रमुख रहे जेन्सन हुआंग भी इनमें शामिल हैं। वहीं, चीन की कंपनियों और शोधकर्ताओं ने भी अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों से बचने के कई तरीके खोजे हैं।

ट्रंप प्रशासन ने सोमवार को चीन की आधुनिक एआई वाले चिप तक पहुंच और सीमित करने का फैसला बताया। इसके तहत एनवीडिया जैसी कंपनियों के आधुनिक चिप दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में भेजने पर पाबंदी लगाई जाएगी। अमेरिका का कहना है कि चीनी कंपनियां इन देशों के जरिये कंप्यूटिंग क्षमता हासिल करती रही हैं। इसका इस्तेमाल वे एआई के मॉडल तैयार करने के लिए करती हैं।


न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ट्रंप को 2025 में जेन्सन हुआंग के उस महिला से कथित संबंधों की जानकारी दी गई थी। उन्हें खुफिया जानकारी भी दी गई थी। इसमें बताया गया था कि महिला चीनी सरकार को सूचनाएं दे रही थी।

रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने यह जानकारी मिलने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं करने का फैसला किया था। हालांकि, ट्रंप ने कहा कि हुआंग पर लगे आरोपों से वह 'हैरान रह गए थे'। हुआंग को सिलिकॉन वैली में ट्रंप के सबसे करीबी सहयोगियों में से एक माना जाता है।

 
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed