Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   Startup challenges to ease Scindia opens channel direct dialogue with government relief small business owners

स्टार्टअप की मुश्किलें होंगी आसान: सिंधिया ने खोला सरकार से सीधे संवाद का रास्ता, किन कारोबारियों को राहत?

Tue, 24 Nov 2026 03:02 PM IST
प्रशांत तिवारी एएनआई, नई दिल्ली।
एएनआई, नई दिल्ली। Published by: प्रशांत तिवारी Updated Tue, 24 Nov 2026 03:02 PM IST
सार

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्टार्टअप और एमएसएमई की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके समाधान के लिए एक अलग सलाहकार समूह बनाने की घोषणा की है। इसका उद्देश्य भारतीय कंपनियों को कारोबार बढ़ाने, नए उत्पाद विकसित करने और वैश्विक बाजार तक पहुंचने में मदद करना है। 

विज्ञापन
Startup challenges to ease Scindia opens channel direct dialogue with government relief small business owners
ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

केंद्र सरकार देश के स्टार्टअप और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को आगे बढ़ाने के लिए नई पहल करने जा रही है। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने मंगलवार को घोषणा की कि स्टार्टअप और एमएसएमई के लिए एक अलग सलाहकार समूह बनाया जाएगा। इस समूह के सदस्य नियमित रूप से मंत्री के साथ बैठक करेंगे और अपने कारोबार से जुड़ी परेशानियों, जरूरतों और चुनौतियों पर सीधे चर्चा कर सकेंगे। सरकार का मकसद है कि भारतीय कंपनियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर माहौल मिले और देश दूरसंचार तकनीक के मामले में दुनिया के सामने अपनी मजबूत पहचान बना सके।

विज्ञापन


उद्योग की समस्याओं पर सीधे होगी बात
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित टेलीकॉम स्टार्टअप्स और एमएसएमई कॉन्क्लेव में सिंधिया ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि जिस तरह दूरसंचार सेवा देने वाली कंपनियों (TSP), उपकरण बनाने वाली कंपनियों (OEM), इंटरनेट सेवा प्रदाताओं (ISP) और शोध एवं शिक्षण संस्थानों के लिए सलाहकार समूह बनाए गए हैं, उसी तरह अब स्टार्टअप और एमएसएमई के लिए भी ऐसा समूह तैयार किया जाएगा। इस समूह की नियमित बैठकें होंगी। इनमें कारोबारी अपनी समस्याएं रख सकेंगे और सरकार को बता सकेंगे कि उन्हें किस तरह की मदद की जरूरत है। इन सुझावों के आधार पर आगे की योजना बनाई जाएगी।
विज्ञापन


सरकार बनेगी कारोबारियों की मददगार
सिंधिया ने साफ किया कि सरकार की भूमिका केवल नियम बनाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि वह उद्यमियों के लिए मददगार के रूप में काम करेगी। इससे भारतीय कंपनियों को अपने उत्पाद तैयार करने, उन्हें बाजार तक पहुंचाने और बड़े स्तर पर कारोबार बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि भारत को अब केवल दूसरे देशों की तकनीक इस्तेमाल करने वाला देश बनकर नहीं रहना है। हमारी कोशिश होनी चाहिए कि भारतीय कंपनियां नई तकनीक विकसित करें और दुनिया के दूसरे देशों को भी अपने उत्पाद और सेवाएं उपलब्ध कराएं।
विज्ञापन
विज्ञापन


80 कंपनियों के 96 उत्पाद बाजार तक पहुंचे
मंत्री ने बताया कि दूरसंचार विभाग की डिजिटल कम्युनिकेशन इनोवेशन स्क्वायर (DCIS) योजना के तहत करीब 200 निवेश किए गए हैं। इनमें से 80 कंपनियों के 96 उत्पाद व्यावसायिक इस्तेमाल के स्तर तक पहुंच चुके हैं। यानी इन कंपनियों ने केवल नए विचार पेश नहीं किए, बल्कि उन्हें ऐसे उत्पादों में बदला है जिन्हें बाजार में उतारा जा सकता है। सिंधिया के मुताबिक, सरकार आगे भी शुरुआती निवेश के इस मॉडल को जारी रखना चाहती है। इसके लिए सीड फंडिंग के साथ नए सलाहकार समूह की मदद ली जाएगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा छोटी कंपनियां अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचा सकें। उन्होंने DCIS के अलावा TTDF और TDIP जैसी योजनाओं के जरिए मिली मदद का भी जिक्र किया।

ब्रॉडबैंड कनेक्शन एक दशक में 60 मिलियन से बढ़कर एक अरब पार
भारत के दूरसंचार क्षेत्र में हुई तरक्की का जिक्र करते हुए सिंधिया ने बताया कि करीब दस साल पहले देश में ब्रॉडबैंड कनेक्शन की संख्या लगभग छह करोड़ थी। आज यह बढ़कर एक अरब से ज्यादा हो चुकी है। देश में करीब 133 करोड़ मोबाइल कनेक्शन और 50 करोड़ 5G उपयोगकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि भारत अब अगली पीढ़ी की दूरसंचार तकनीक यानी 6G की तैयारी भी कर रहा है। भारत 6G एलायंस के माध्यम से देश वैश्विक स्तर पर 6G तकनीक के मानक तय करने में अपनी भूमिका मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है।


ये भी पढ़ें: कनाडा के बाजार में बढ़ेगी भारत की धमक: 50 अरब डॉलर के कारोबार पर नजर; दोनों देशों के बीच जल्द होगी बड़ी डील

टेलीकॉम के हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहे भारतीय स्टार्टअप
कॉन्क्लेव में भारतीय कंपनियों की उपलब्धियों को भी सामने रखा गया। सिंधिया ने कहा कि दूरसंचार तकनीक के अलग-अलग क्षेत्रों में भारतीय स्टार्टअप तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इनमें रेडियो एक्सेस नेटवर्क (RAN), कोर नेटवर्क, एप्लिकेशन, चिपसेट, साइबर सुरक्षा और तकनीकी मानक जैसे क्षेत्र शामिल हैं। दूरसंचार विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में स्टार्टअप, एमएसएमई, निवेशक, शिक्षाविद और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। भारत मंडपम के लीडर्स लाउंज में आयोजित इस कॉन्क्लेव में टेलीकॉम तकनीक के पांच प्रमुख क्षेत्रों से जुड़े उत्पादों और समाधानों का प्रदर्शन भी किया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed