Digital Currency: सीबीडीसी पर आरबीआई गवर्नर का बड़ा एलान, महंगाई पर बोले- 'अर्जुन की नजर' रख रहे
Digital Currency: आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा है कि सीबीडीसी परीक्षण का खुदरा हिस्सा इस महीने के अंत में लॉन्च किया जाएगा। उसके बाद सीबीडीसी को पूर्ण पैमाने पर लॉन्च किया जाएगा। आरबीआई गवर्नर ने कहा डिजिटल करेंसी एक ऐसी चीज है जहां हमें बहुत सावधानी से आगे बढ़ना है।
विस्तार
भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा है कि कल ही हमने केंद्रीय बैंक की डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) का ट्रायल शुरू किया है। रिजर्व बैंक के गवर्नर ने कहा कि यह एक एतिहासिक उपलब्धि साबित होगी क्योंकि इससे समूची अर्थव्यवस्था का कामकाज जुड़ा हुआ है। रिजर्व बैंक दुनिया के बहुत थोड़े केंद्रीय बैंकों में शामिल है जिसने अपनी ओर से यह पहल की है। हम निकट भविष्य में सीबीडीसी को पूर्ण रूप से लॉन्च करने की कोशिश करेंगे। सीबीडीसी परीक्षण का खुदरा हिस्सा इस महीने के अंत में लॉन्च किया जाएगा। उसके बाद सीबीडीसी को पूर्ण पैमाने पर लॉन्च किया जाएगा। आरबीआई गवर्नर ने कहा डिजिटल करेंसी एक ऐसी चीज है जहां हमें बहुत सावधानी से आगे बढ़ना है।
मुद्रास्फीति पर 'अर्जुन की नजर' रख रहा आरबीआई, बोले गवर्नर शक्तिकांत दास
आरबीआई गवर्नर ने बैंकरों के वार्षिक FIBAC सम्मेलन में बोलते हुए केंद्रीय बैंक के अब तक के कार्यों का बचाव किया और कहा, ‘हमने दरों को कम रखकर अर्थव्यवस्था के पूर्ण पतन को रोका है और समय से पहले कड़ाई बरतने से बचे रहे।’ उन्होने कहा, ‘भारतीय अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है और अपने व्यापक आर्थिक बुनियादी सिद्धांतों और बफर से ताकत हासिल कर रही है। आईएमएफ के अनुसार, भारत सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। हम मुद्रास्फीति के रुझान की निगरानी कर रहे हैं। मुद्रास्फीति पर 'अर्जुन की नजर' रखने का हमारा प्रयास निरंतर जारी है।’