जनवरी में यात्री वाहनों की बिक्री में हुआ 34 फीसदी की इजाफा
- - फाडा ने जुटाए 1,081 आरटीओ से आंकड़े, कंपनियों द्वारा पेश किए गए आकर्षक ऑफर्स से बढ़ी बिक्री
- - 2,02,585 यात्री वाहन बिके थे दिसंबर, 2018 में
- - 4.25 फीसदी बढ़ी दो पहिया वाहनों की बिक्री चालू वर्ष की जनवरी में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ऑटोमोबाइल डीलर के संगठन फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) ने बृहस्पतिवार को कहा कि चालू वर्ष के जनवरी महीने में यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री 33.97 फीसदी बढ़कर 2,71,395 वाहनों की रही।
कंपनियों द्वारा पिछले साल का स्टॉक खत्म करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे आकर्षक ऑफर्स के कारण बिक्री में यह तेजी देखी गई। फाडा द्वारा 1,437 क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों (आरटीओ) में से 1,081 आरटीओ से जुटाए गए वाहन पंजीकरण के आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर, 2018 में यात्री वाहनों की बिक्री 2,02,585 इकाइयों की रही।
फाडा के प्रेसिडेंट आशीष हर्षराज काले ने कहा कि अनुमान के अनुसार कंपनियों द्वारा ऑफर चलाए जाने के कारण दिसंबर के मुकाबले जनवरी में यात्री वाहनों की बिक्री में तेजी देखी गई। इस दौरान ग्राहकों का रुझान प्रसन्नचित्त रहा, जिससे बिक्री के परिणाम धीरे-धीरे बेहतर हुए हैं।
काले ने आगे कहा कि कंपनियों की विशेष पेशकश के साथ जनवरी में लांच हुए नए वाहनों के कारण ग्राहक क्षेत्र की ओर आकर्षित हुए हैं, जिससे पिछले महीनों के मुकाबले इस महीने यात्री वाहनों की बिक्री में बढ़त दर्ज की गई।
दिसंबर के खराब प्रदर्शन से बेहतर दिख रहे हैं आंकड़े
फाडा के अनुसार, दोपहिया वाहनों के क्षेत्र में जनवरी के दौरान खुदरा बिक्री 11,89,679 इकाइयों की रही, जो दिसंबर में रही 11,41,209 इकाइयों ले 4.25 फीसदी अधिक है। हालांकि दोपहिया क्षेत्र में आई यह तेजी बहुत खास नहीं है, लेकिन दिसंबर में क्षेत्र के आंकड़े खराब होने के कारण जनवरी में बिक्री का आंकड़ा बेहतर नजर आ रहा है।
वाणिज्यिक वाहन क्षेत्र रहा सपाट
आंकड़ों के अनुसार, वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री चालू वर्ष के पहले महीने में दिसंबर, 2018 में रही 53,712 इकाइयों से बढ़कर 53,732 इकाइयों की रही। काले ने आगे कहा कि वाणिज्यिक वाहनों में यह वृद्धि एकदम सपाट रही है।
हालांकि पिछले वर्ष की समान अवधि में रहे ऊंचे वृद्धि के आंकड़ों से जनवरी में रही बिक्री के यह आंकड़े काफी कम है। वहीं, जनवरी, 2019 में तीन पहिया वाहनों की बिक्री 11.86 फीसदी बढ़कर 50,344 इकाइयों की रही, जो दिसंबर, 2018 में 45,008 इकाइयों की थी।
जनवरी के दौरान, पूरे वर्ग की बिक्री 8.5 फीसदी बढ़कर 15,65,150 इकाइयों पर रही। दिसंबर, 2018 के दौरान पूरे वर्ग की बिक्री 14,42,514 इकाइयों की रही थी।
आगामी महीनों का परिदृश्य सकारात्मक
फाडा ने आगे कहा क्षेत्र के अगले कुछ महीनों के परिदृश्य को लेकर वह सकारात्मक है। फाडा का कहना है कि सकारात्मक अंतरिम बजट से किसानों की आय में बढ़ोतरी होगी, जिससे क्षेत्र में भारी संख्या में ग्राहक आएंगे।
काले के अनुसार, किसानों की आय में बढ़ोतरी होने से दोपहिया वाहन, हल्के वाणिज्यिक वाहन व ट्रैक्टर्स की बिक्री में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री तंग स्तर पर रहने के कारण डीलर्स की इंवेंट्री में अभी भी भारी माल जमा है।