1.21 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई मुकेश अंबानी की नेटवर्थ, जैक मा दूसरे स्थान परः ब्लूमबर्ग
- 2019 में और अमीर हुए भारतीय अरबपति, अंबानी को नए कारोबार से मिला फायदा
- 1.20 लाख करोड़ बढ़ी मुकेश अंबानी की दौलत, उदय कोटक दूसरे पायदान पर
- 40 फीसदी मजबूत हुआ आरआईएल का शेयर बीते एक साल में
विस्तार
भारत और एशिया के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी के लिए वर्ष 2019 खासा अच्छा रहा। ब्लूमबर्ग बिलेनायर सूचकांक के मुताबिक, इस साल भारतीय उद्योगपति की कुल दौलत (23 दिसंबर तक) में लगभग 17 अरब डॉलर (1.20 लाख करोड़ रुपये) बढ़कर 61 अरब डॉलर हो गई। इसकी तुलना में अलीबाबा समूह के संस्थापक जैक मा की दौलत 11.3 अरब डॉलर (80 हजार करोड़ रुपये) बढ़ी, जबकि जेफ बेजोस की नेटवर्थ 13.2 अरब डॉलर (94 हजार करोड़ रुपये) कम हो गई।
मुकेश अंबानी की दौलत बढ़ने की मुख्य वजह उनकी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) के शेयर में 40 फीसदी की मजबूती रही। कंपनी को वर्ष 2019 में अपने मुख्य कारोबार तेल और पेट्रोकेमिकल की तुलना उपभोक्ता कारोबार से तगड़ी कमाई हुई। बीएसई सेंसेक्स की तुलना में आरआईएल के शेयर में इस अवधि के दौरान दोगुनी बढ़त देखने को मिली।
निवेशक आरआईएल में जमकर पैसा लगा रहे हैं। उन्हें दूरसंचार और खुदरा जैसे नए कारोबारों से तगड़ी कमाई होने की उम्मीद है। भारत में अमेजन जैसी कंपनियों को टक्कर देेने के लिए स्थानीय ई-कॉमर्स कंपनी खड़ी करने के लक्ष्य के साथ अंबानी ने अपनी दूरसंचार कंपनी पर 50 अरब डॉलर खर्च किए हैं, जिसमें ज्यादातर पैसा कर्ज से आया है। यही नहीं महज तीन साल के भीतर उनकी दूरसंचार कंपनी भारत में शीर्ष पर पहुंच गई है।
टीसीजी इन्वेस्टमेंट के मुख्य निवेश अधिकारी चक्री लोकप्रिय ने कहा कि मुकेश अंबानी ने काफी हद तक रिलायंस इंडस्ट्रीज का कायापलट कर दिया है। कंपनी न सिर्फ तेल व गैस बल्कि दूरसंचार और खुदरा कारोबार में भी अग्रणी कंपनी बन गई है। संभवत: जल्द ही उनकी ई-कॉमर्स कंपनी भी बाजार में अपना दमखम दिखाती नजर आएगी। उन्होंने कहा, ‘हमें उम्मीद है कि अगले चार साल में शेयरधारकों के निवेश का मूल्य संभवत: दोगुना हो सकता है।’
दूसरे पायदान पर उदय कोटक
भारतीय अमीरों में मुकेश अंबानी के बाद कोटक महिंद्रा के सीएमडी उदय कोटक की दौलत में सबसे ज्यादा 3.48 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। उदय कोटक फिलहाल 15 अरब डॉलर के साथ दुनिया के 95वें और भारत के 5वें बड़े अमीर हैं। वहीं दौलत में बढ़ोतरी के मामले में शिव नाडर भारतीय अमीरों की सूची में तीसरे पायदान पर हैं। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, एचसीएल के संस्थापक नाडर लगभग 16 अरब डॉलर की दौलत के साथ दुनिया में 88वें पायदान पर हैं।
अजीम प्रेमजी ने दान किए 7.60 अरब डॉलर
ब्लूमबर्ग की सूची में अजीम प्रेमजी भारत के दूसरे बड़े अमीर हैं। इस साल उनकी दौलत 1.34 अरब डॉलर बढ़कर 18.7 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गई। दुनिया की प्रतिष्ठित मैगजीन फोर्ब्स ने इसी साल विप्रो के संस्थापक को एशिया का सबसे उदार (दानी) शख्स घोषित किया था। प्रेमजी ने प्रेमजी ने इस साल 7.60 अरब डॉलर (54 हजार करोड़ रुपये) मूल्य के विप्रो के शेयर दान किए। वह अभी तक 21 अरब डॉलर मूल्य के शेयर समाज सेवा के कामों के लिए दान दे चुके हैं।
टॉप 5 अमीरों की ऐसे बढ़ी दौलत (आंकड़े अरब डॉलर में)
कुल दौलत बढ़त/कमी
1. मुकेश अंबानी 61 17.00
2. उदय कोटक 15 3.48
3. शिव नाडर 15,8 2.25
4. अजीम प्रेमजी 18.7 1.34
5. आरके दमानी 10.1 1.27
स्रोत: ब्लूमबर्ग (24 दिसंबर, 2019 को)