B20 Summit: 'भारत की विकास दर दुनिया के भविष्य को देगी नया आकार', टाटा संस के प्रमुख चंद्रयान-3 पर ये बोले
B20 Summit: बी20 समिट इंडिया 2023 को संबोधित करते हुए चंद्रशेखरन ने कहा कि भारत की वृद्धि का सफर एक प्रतीक बनकर उभरा है और वैश्विक अर्थव्यवस्था में सकारात्मक रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बी 20 समिट के दौरान टाटा समूह के मुखिया एन चंद्रशेखरन ने एक देश के रूप में भारत की मजबूती और संभावनाओं पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने चंद्रयान-3 की सफलता पर भी अपने विचार रखे। बी20 इंडिया के प्रमुख एन चंद्रशेखरन ने शुक्रवार को कहा कि भारत डिजिटल व कृत्रिम मेधा (AI), ऊर्जा और मूल्य आपूर्ति शृंखला के वैश्विक बदलाव का नेतृत्व करने के लिए अच्छी स्थिति में है और देश की वृद्धि का सफर दुनिया के भविष्य को आकार देगा। बिजनेस 20 (बी20) वैश्विक कारोबारी समुदाय के लिए जी20 का आधिकारिक चर्चा मंच है।
बी20 समिट इंडिया 2023 को संबोधित करते हुए चंद्रशेखरन ने कहा कि भारत की वृद्धि का सफर एक प्रतीक बनकर उभरा है और वैश्विक अर्थव्यवस्था में सकारात्मक रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। ऐसे समय में जब वैश्विक अर्थव्यवस्था विपरीत परिस्थितियों, दशकों के सबसे कठिन दर चक्र और सार्वजनिक ऋण के रिकॉर्ड स्तर पर होने जैसी चुनौतियों का सामना कर रही हैं। चंद्रशेखरन टाटा संस के चेयरमैन भी हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया वर्तमान में तीन महत्वपूर्ण मूलभूत परिवर्तनों से गुजर रही है। पहला डिजिटल व कृत्रिम बुद्धिमत्ता बदलाव, दूसरा ऊर्जा बदलाव और तीसरा वैश्विक मूल्य आपूर्ति श्रृंखला में बदलाव...भारत इन तीनों का नेतृत्व करने के लिए बेहद अच्छी स्थिति में है।’’
आने वाले 10 वर्षों में औसतन 7% की विकास दर हासिल करने की राह पर भारत
टाटा समूह के मुखिया ने कहा कि भारत आने वाले दस वर्षों में औसतन सात प्रतिशत सालाना की विकास दर हासिल करने की राह पर है। हमारा देश वैश्विक वैल्यू चेन में प्रमुख भूमिका निभाने की स्थिति में है। उन्होंने कहा कि भारत के पास फिलहाल कई ऐसी विशेषताएं हैं जो उसके पक्ष में काम कर रहीं हैं।
चंद्रशेखरन ने कहा कि विशेष रूप से उस सप्ताह के दौरान सभा को संबोधित करना एक "बड़ा सौभाग्य" है, जब भारत ने चंद्रमा पर एक अंतरिक्ष यान की सफलतापूर्वक सॉफ्ट-लैंडिंग की।
उन्होंने कहा कि चंद्रमा लंबे समय से आकांक्षा का प्रतीक रहा है, "जब हम असंभव के लिए प्रयास करना चाहते हैं हम कहते हैं कि चंद्रमा की ओर निशाना साधें।" सहस्राब्दियों से, भारत के महानतम कवियों ने चंद्रमा पर ध्यान केंद्रित किया और हमारे और चंद्रमा के बीच अथाह दूरी पर आश्चर्य व्यक्त किया है।
चंद्रशेखरन ने आगे कहा, 'लेकिन आज हम चांद को एक नई रोशनी में देखते हैं। पिछले हफ्ते, लाखों भारतीयों और दुनिया भर के लोगों ने टेलीविजन या ऑनलाइन लैंडिंग देखी। उनके लिए चंद्रमा आकांक्षा के प्रतीक से उपलब्धि के प्रतीक में बदल गया है। उन्होंने कहा, 'हर रात ऊपर की ओर एक साधारण सी नजर इस बात की याद दिलाती है कि एक राष्ट्र के रूप में हमने क्या हासिल किया है और हम भविष्य में क्या हासिल करने में सक्षम हैं।
चंद्रशेखरन बोले- एआई से भारत में और ज्यादा रोजगार सृजित होंगे
बी20 इंडिया के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने शुक्रवार को कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) से भारत में अधिक रोजगार सृजित होंगे क्योंकि इससे कम कौशल या बिना कौशल वाले अधिक लोग उच्च स्तर की नौकरियों में सक्षम होंगे। टाटा संस के चेयरमैन चंद्रशेखरन ने यहां बी20 शिखर सम्मेलन भारत 2023 में एक पैनल चर्चा में कहा कि भारत ने तकनीकी-कानूनी दृष्टिकोण अपनाकर डेटा गोपनीयता और संरक्षण की दिशा में 'शानदार सफलता' हासिल की है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के आगमन के साथ गोपनीयता और नौकरियों पर चिंताओं को दूर करने का प्रयास करते हुए, उन्होंने कहा, "वास्तव में हमारे जैसे देश में, यह (एआई) नौकरियां पैदा करेगा क्योंकि यह लोगों को थोड़े कौशल या बिना कौशल के सशक्त करेगा, उन्हें सूचना कौशल के साथ सशक्त करेगा ताकि वे उच्च स्तर की नौकरियों का प्रदर्शन कर सकें।"