तिमाही नतीजेः ITC और HDFC के मुनाफे में बढ़ोतरी, आय में दिखा सुधार
देश की दो प्रमुख कंपनियों ने शुक्रवार को अपने तिमाही नतीजों को जारी किया। एफएमसीजी कंपनी आईटीसी और हाउसिंग फाइनेंस क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एचडीएफसी के मुनाफे में क्रमशः 13 और 46 फीसदी की वृद्धि हुई।
एचडीएफसी का यह रहा नतीजा
एचडीएफसी लिमिटेड को चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में एकल आधार पर 3,203.10 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ है। यह पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 46 फीसदी अधिक है। कंपनी ने बीएसई को बताया कि उसे पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 2,190 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था।
कंपनी ने शेयर बाजार को भेजी नियामकीय जानकारी में कहा है कि आलोच्य अवधि के दौरान उसकी कुल एकल आय पिछले वित्त वर्ष के 9,951.98 करोड़ रुपये की तुलना में बढ़कर इस साल अप्रैल- जून तिमाही में 12,996.11 करोड़ रुपये पर पहुंच गयी।
एचडीएफसी लिमिटेड का शेयर शुक्रवार को कारोबार के दौरान बीएसई में 1.80 प्रतिशत की तेजी साथ 2,125.20 रुपये पर चल रहा था।
आईटीसी का यह रहा नतीजा
आईटीसी का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 12.69 फीसदी बढ़कर 3,436.51 करोड़ रुपये तथा शुद्ध बिक्री 6.69 फीसदी बढ़कर 12,532.31 करोड़ रुपये रही।