ईरान-अमेरिका संकटः घूमने-फिरने से लेकर खाना पकाना होगा महंगा, सोना खरीदना मुश्किल
ईरान द्वारा अमेरिका के इराक में स्थित सैन्य ठिकानों पर एक दर्जन से अधिक मिसाइलों से हमला करने के बाद भारत सहित दुनिया के तमाम देशों पर इसका असर देखने को मिलेगा।
विस्तार
ईरान द्वारा अमेरिका के इराक में स्थित सैन्य ठिकानों पर एक दर्जन से अधिक मिसाइलों से हमला करने के बाद भारत सहित दुनिया के तमाम देशों पर इसका असर देखने को मिलेगा। ताजा संकट से भारत में पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस सहित सोना और हवाई किराये में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
कच्चे तेल में आई तेजी
भारत में अपनी जरूरतों का 85 फीसदी कच्चा तेल आयात करता है। इनमें से भी ज्यादातर कच्चा तेल खाड़ी देशों से आता है। कुवैत, इराक, संयुक्त अरब अमीरात जैसे देश भारत को कच्चे तेल की आपूर्ति करते हैं। यह कच्चा तेल हर्मज की खाड़ी से आता है। ईरान जल्द ही पलटवार करते हुए होरमुज जलमार्ग को बंद कर सकता है। अगर यह जलमार्ग बंद होता है तो दुनिया में तेल के लिए हाहाकार मच सकता है। रणनीतिक रूप से होरमुज जलडमरूमध्य तेल व्यापार का सबसे अहम रास्ता माना जाता है।
इस हमले के बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ गया। फिलहाल कच्चा तेल 2.12 डॉलर प्रति बैरल बढ़कर के 72 डॉलर प्रति बैरल के पार चला गया है। अंतरराष्ट्रीय वायदा बाजार इंटरकांटिनेंटल एक्सचेंज यानी आईसीई पर बेंट्र क्रूड के मार्च डिलीवरी अनुबंध में पिछले सत्र के मुकाबले 2.20 फीसदी की तेजी के साथ 69.80 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था जबकि कारोबार के दौरान ब्रेंट क्रूड 71.28 डॉलर प्रति बैरल तक उछला, इससे पहले ब्रेंट का दाम 16 सितंबर 2019 को 71.95 डॉलर प्रति बैरल तक चला गया था।
भारत में महंगा हो सकता है पेट्रोल-डीजल
इसका असर भारत में भी देखने को मिलेगा। केडिया कमोडिटी के निदेशक अजय केडिया के मुताबिक, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में साल की शुरुआत से इजाफा हो रहा है। हालांकि बुधवार को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में स्थिरता देखने को मिली है।
दिल्ली, कोलकता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल का दाम बिना किसी बदलाव के क्रमश: 75.74 रुपये, 78.33 रुपये, 81.33 रुपये और 78.69 रुपये प्रति लीटर बना हुआ था। वहीं, चारों महानगरों में डीजल की कीमत भी क्रमश: 68.79 रुपये, 71.15 रुपये, 72.14 रुपये और 72.69 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर बनी रही। हालांकि संकट के बढ़ने से पेट्रोल भविष्य में 90 रुपये प्रति लीटर तक जा सकता है। डीजल की कीमतें भी 85 रुपये प्रति लीटर के आंकड़े को छू सकती हैं।
रुपये में बढ़ेगी कमजोरी
केडिया के मुताबिक, डॉलर के मुकाबले रुपये में कमजोरी आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है। बुधवार को रुपये की कमजोरी के साथ शुरुआत हुई है। डॉलर के मुकाबले रुपया 19 पैसे की कमजोरी के साथ 72.02 के स्तर पर खुला है। वहीं, पिछले कारोबारी दिन डॉलर के मुकाबले रुपया 10 पैसे मजबूत होकर 71.83 के स्तर पर बंद हुआ था। अगर दोनों देशों के बीच संकट बढ़ता है तो फिर रुपया 74 तक जा सकता है।
सोने-चांदी की कीमतों में होगा इजाफा
इस संकट का असर सोने-चांदी की कीमतों में भी देखने को मिलेगा। आने वाले दिनों में सोना 44 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है। केडिया के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1750 डॉलर प्रति औंस तक जा सकता है। वहीं चांदी 20 डॉलर के पार जाती है।
2017 में 1.72 करोड़ बैरल कच्चे तेल का परिवहन
समुद्री रास्तों के जरिए होने वाला करीब एक तिहाई तेल कारोबार इस समुद्री मार्ग से होता है। यूनाइटेड स्टेट्स एनर्जी इंफॉर्मेशन एडमिनिस्ट्रेशन का आकलन है कि 2016 में इस जलमार्ग से हर दिन 1.85 करोड़ बैरल कच्चा तेल गुजरा था। यह सागर के जरिए एक जगह से दूसरी जगह जाने वाले कुल तेल का करीब 30 फीसदी है। फिलहाल वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की प्रतिदिन खपत लगभग 10 करोड़ बैरल है। इस लिहाज से दुनिया के तेल का तकरीबन 20 फीसदी यहां से गुजरता है।
हवाई किराये में होगी बढ़ोतरी
विमान नियामक डीजीसीए ने सभी एयरलाइन कंपनियों से ताजा संकट को देखते हुए खाड़ी देशों की हवाई सीमा को इस्तेमाल करने से मना कर दिया है। ऐसे में अब अमेरिका, यूरोप और रूस की तरफ जाने वाले विमान दुबई से रास्ता नहीं ले पाएंगे।
विमानों को दूसरा रूट लेना पड़ेगा, जिससे समय ज्यादा लगेगा और किराया भी बढ़ेगा। विदेश मंत्रालय ने कहा, 'इराक की मौजूदा स्थिति को देखते हुए, भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे अगली अधिसूचना जारी होने तक इराक की सभी गैर-आवश्यक यात्रा से बचें। इराक में रहने वाले भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वह सतर्क रहें और इराक के अंदर यात्रा करने से बचें।'
मंत्रालय ने आगे कहा कि बगदाद में मौजूद हमारा दूतावास और एरबिल का वाणिज्य दूतावास इराक में रहने वाले भारतीयों को सभी सेवाएं प्रदान करने के लिए सामान्य रूप से काम करना जारी रखेंगे।इसके पहले भी जून 2019 में डीजीसीए ने ईरान के ऊपर से उड़ान न भरने का फरमान जारी किया था।