'मोदी बनेंगे दुनिया के सबसे शक्तिशाली नेता, देश जल्द बन सकता है बड़ी सुपरपावर'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नरेंद्र मोदी एक बार फिर से पांच साल के लिए प्रधानमंत्री बनने वाले हैं। एनडीए गठबंधन 350 सीटें पर आगे चल रहा है। पूर्ण बहुमत की सरकार बनने के बाद अब उद्योग जगत के दिग्गज भी मोदी सरकार की तारीफों के पुल बांधने लगे हैं।
दिग्गजों ने दी बधाई
उद्योग जगत के कई दिग्गज लोगों ने पीएम मोदी को एक बार फिर सत्ता संभालने पर बधाई देते हुए कहा है कि वो जल्द ही एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया से दुनिया के सबसे शक्तिशाली नेता बनने के काफी करीब हैं। देश जल्द ही एक नई सुपरपावर बन सकता है।
महिंद्रा एंड महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने कहा कि लोकसभा चुनावों की मतगणना को देखते हुए महसूस हुआ कि मेरी आंखों के सामने इतिहास नया मोड़ ले रहा है। दो नए पावर ब्लॉक संस्थानों को बदल रहे हैं। मैं राजनीतिक दलों की नहीं बल्कि महिलाओं-युवाओं और नए वोटरों की बात कर रहा हूं। वो भारत का भविष्य तय करेंगे। उनकी संख्या बढ़ रही है।
इसके बाद देर शाम को भी महिंद्रा ने हिंदी में ट्वीट करते हुए कहा कि, "लोक सभा चुनाव की प्रभावशाली जीत पर प्रधानमंत्री मोदीजी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को बहुत बहुत बधाई। एक नए भारत निर्माण के लिए अब आपके पास शक्तिशाली जनादेश है। हम सभी, बड़े उत्साह से असरदार शुरुआती 100 दिनों की उम्मीद करते है। हम सब की शुभकामनाएं आपके साथ हैं।"
भारत में बदलाव का वक्त
कोटक महिंद्रा बैंक के सीईओ उदय कोटक ने कहा कि भारत में जल्द ही एक बहुत बड़ा बदलाव होने जा रहा है। मैं देश को एक ग्लोबल सुपरपावर बनने का सपना देख रहा हूं। नरेंद्र मोदी, भाजपा और एनडीए को हार्दिक बधाई।
निवेश के नजरिए में सुधार की उम्मीद
अंतरराष्ट्रीय रेटिंग एजेंसी फिच ने कहा है कि भाजपा की जीत से कारोबार करने में और निवेश के नजरिए में सुधार होने की उम्मीद है। एजेंसी को उम्मीद है कि नई सरकार देश की कमजोर वित्तीय स्थिति में सुधार करने की कोशिश करेगी।
फिक्की ने दी बधाई
फिक्की के अध्यक्ष संदीप सोमानी ने कहा कि अब स्थिर सरकार रहने से जीएसटी, आईबीसी, जमीन, और रेरा जैसे सुधारों में काफी गति बनी रहेगी।
इकोनॉमिक इंजन में जान फूंकने की जरूरत
बायोकॉन की चेयरपर्सन किरण मजूमदार शॉ ने कहा कि अब वक्त आ गया है कि इकोनॉमिक इंजन में जान फूंकी जाए। किसानों के लिए कुछ करने की जरूरत है। एनडीए-2 को अपने पहले कार्यकाल में तैयार योजना को लागू करने पर फोकस करना होगा। मजबूत सुधारों और रोजगार के अवसर पैदा करने का वक्त आ गया है।