नहीं रहे पिज्जा हट के सह-संस्थापक डैन कार्नी: मां से 56000 रुपये उधार लेकर की शुरूआत, आज 90 देशों तक पुहंचाया
मां से करीब 56 हजार रुपये उधार लेकर डैन कार्नी ने भाई फ्रैंक के साथ वर्ष 1958 में पहला पिज्जा हट खोला था। उनका कारोबार 90 देशों तक फैल गया और आज इसकी कीमत करीब 1.07 लाख करोड़ रुपये बताई जाती है। 95 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। आखिर एक छोटे रेस्तरां को दुनिया का बड़ा ब्रांड बनाने के पीछे उनकी कौन-सी सोच और मेहनत थी? आइए, पिज्जा हट के सफर को विस्तार से जानते हैं...
विस्तार
आज दुनिया के कई देशों में पिज्जा हट के रेस्तरां नजर आते हैं, लेकिन इस बड़े कारोबार की शुरुआत एक छोटे से रेस्तरां और मां से लिए गए 56 हजार रुपये के कर्ज से हुई थी। पिज्जा हट के सह-संस्थापक डैन कार्नी का 95 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने अपने भाई फ्रैंक कार्नी के साथ मिलकर वर्ष 1958 में अमेरिका के विचिटा शहर में पहला पिज्जा हट खोला था। उस समय अमेरिका में पिज्जा बहुत ज्यादा लोकप्रिय नहीं था। दोनों भाइयों ने एक नए व्यंजन पर भरोसा किया और कारोबार शुरू करने का जोखिम उठाया। उनकी यह छोटी-सी शुरुआत आगे चलकर दुनिया के 90 देशों में फैले बड़े ब्रांड में बदल गई। आज पिज्जा हट के कारोबार का मूल्य करीब 1.07 लाख करोड़ रुपये बताया गया है।
आखिर कैसे आया पिज्जा हट खोलने का विचार?
डैन कार्नी की जिंदगी में एक पत्रिका में छपा छोटा-सा लेख बड़ा बदलाव लेकर आया। वर्ष 1958 में जब वह 26 साल के थे, तब उन्होंने पिज्जा की बढ़ती लोकप्रियता के बारे में पढ़ा। उस दौर में अमेरिका के ज्यादातर लोगों के लिए पिज्जा एक अनजान-सा इतालवी व्यंजन था। लेकिन डैन को इसमें कारोबार की संभावना दिखाई दी। उन्होंने अपने भाई फ्रैंक के साथ मिलकर इसे आजमाने का फैसला किया। दोनों भाइयों के पास रेस्तरां खोलने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं थे। ऐसे में उन्होंने अपनी मां से करीब 56 हजार रुपये उधार लिए। इसी रकम से कंसास राज्य के विचिटा शहर में एक छोटा-सा रेस्तरां शुरू किया। दोनों भाइयों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि उनका यह फैसला आगे चलकर दुनिया के बड़े फूड ब्रांड की नींव बनेगा।
छोटी दुकान से दुनिया के बड़े ब्रांड तक कैसे पहुंचा कारोबार?
15 जून 1958 को पहला पिज्जा हट खोला गया। शुरुआत में यह एक छोटा रेस्तरां था, लेकिन लोगों को इसका पिज्जा पसंद आने लगा। कारोबार शुरू होने के महज एक साल के भीतर दोनों भाइयों ने इसकी पहली फ्रेंचाइजी खोल दी। इसके बाद पिज्जा हट का विस्तार तेजी से होने लगा। इस सफर के अहम पड़ाव इस प्रकार रहे।
- 1958: डैन और फ्रैंक कार्नी ने विचिटा में पहला पिज्जा हट खोला।
- 1959: कारोबार शुरू होने के एक साल के भीतर पहली फ्रेंचाइजी शुरू हुई।
- 1970: पिज्जा हट ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कदम रखा।
- 1977: पेप्सीको ने 2,520 करोड़ रुपये में पिज्जा हट को खरीद लिया।
पेप्सीको ने कितने में खरीदा था पिज्जा हट?
पिज्जा हट का कारोबार लगातार बढ़ता गया और वर्ष 1970 तक यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंच चुका था। इसके बाद वर्ष 1977 में दुनिया की बड़ी कंपनी पेप्सीको ने इसे 2,520 करोड़ रुपये में खरीद लिया। इस सौदे के साथ पिज्जा हट को वैश्विक स्तर पर विस्तार का नया रास्ता मिला। मां से उधार ली गई छोटी रकम से शुरू हुआ कारोबार दुनिया के 90 देशों तक फैल गया। आज पिज्जा हट एक जाना-पहचाना अंतरराष्ट्रीय ब्रांड है। इस सफलता के पीछे डैन और फ्रैंक कार्नी का शुरुआती जोखिम, कारोबार को समझने की क्षमता और नए विचार पर भरोसा शामिल था। डैन के छोटे भाई फ्रैंक कार्नी का दिसंबर 2020 में ही निधन हो गया था। दोनों भाइयों ने मिलकर जिस कारोबार की नींव रखी थी, उसने आगे चलकर फास्ट फूड की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई।
डैन कार्नी का शुरुआती जीवन कैसा था?
डैन कार्नी का जन्म वर्ष 1931 में हुआ था। उनका शुरुआती जीवन अनुशासन और संघर्ष से भरा रहा। वर्ष 1948 में जब वह केवल 17 साल के थे, तभी उनके पिता का निधन हो गया। परिवार की जिम्मेदारी संभालने के लिए उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ पिता की किराने की दुकान का काम भी देखना पड़ा। दुकान पर ग्राहकों के ऑर्डर लेना, उनकी जरूरत समझना और रोजमर्रा के काम संभालना उनके लिए कारोबार की शुरुआती पाठशाला साबित हुआ। उन्होंने इसी अनुभव से सीखा कि ग्राहकों से कैसे बात करनी है और किसी दुकान को कैसे चलाना है। यही व्यावहारिक समझ आगे चलकर पिज्जा हट के कारोबार में उनके काम आई। कम उम्र में जिम्मेदारियां उठाने के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को पीछे नहीं छोड़ा और एक छोटे कारोबार को बड़े ब्रांड में बदलने का लक्ष्य पूरा किया।
73 साल की उम्र में कौन-सी डिग्री हासिल की?
डैन कार्नी की जिंदगी यह भी बताती है कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती। उन्होंने स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के 51 साल बाद फिर से पढ़ाई की ओर कदम बढ़ाया। वर्ष 2004 में 73 साल की उम्र में उन्होंने विचिटा स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए की डिग्री हासिल की। यानी जिस विश्वविद्यालय से उन्होंने पहले पढ़ाई की थी, वहीं से जीवन के काफी आगे के पड़ाव पर प्रबंधन की पढ़ाई भी पूरी की। कारोबार में लंबा अनुभव होने के बावजूद उन्होंने नई चीजें सीखना जारी रखा। उनकी यह उपलब्धि दिखाती है कि उम्र को सीखने और आगे बढ़ने में बाधा नहीं बनने देना चाहिए। उन्होंने कारोबार के साथ शिक्षा को भी महत्व दिया।
कर्मचारियों और समाज के लिए क्या थी उनकी सोच?
डैन कार्नी के परिवार ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका हाथ मिलाना किसी कानूनी समझौते जितना पक्का होता था। उनकी हां का मतलब हां और ना का मतलब ना होता था। पिज्जा हट से जुड़े कर्मचारियों के प्रति उनका लगाव भी खास था। वह गर्व से कहते थे, "हमारी रगों में एक ही पिज्जा सॉस दौड़ता है।" उनका मानना था कि जब कोई व्यक्ति जीवन में सफल होता है तो समाज को कुछ लौटाना भी उसकी जिम्मेदारी है। इसी सोच के तहत उन्होंने करीब 50 वर्षों तक सेरेब्रल पाल्सी रिसर्च फाउंडेशन ऑफ कंसास के बोर्ड अध्यक्ष के रूप में काम किया। इस संस्था के जरिए उन्होंने दिव्यांगजनों के जीवन में बदलाव लाने की कोशिश की। व्यस्त कारोबारी जीवन के बावजूद उनके लिए परिवार हमेशा प्राथमिकता रहा। वह अपने बच्चों और नाती-पोतों के साथ समय बिताना पसंद करते थे। विचिटा स्टेट यूनिवर्सिटी और उनके परिवार ने उनके निधन की पुष्टि की है। उन्होंने शुक्रवार को परिवार के बीच अंतिम सांस ली।
