सवाल: चोकसी को लाने के लिए भारत ने भेजा निजी जेट, जानिए दिल्ली से जाने-आने का किराया
भगोड़े कारोबारी मेहुल चोकसी को अगर डोमिनिका से भारत प्रत्यर्पण मिल जाता है तो उस स्थिति में उसे लाने के लिए भारत ने एक जेट विमान भेजा है। यह बॉम्बार्डियर ग्लोबर 5000 जेट विमान 27 मई को आठ भारतीय अधिकारियों को लेकर डोमिनिका रवाना हुआ था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यह खबर सामने आने के बाद कि मेहुल चोकसी को डोमिनिका से भारत लाने के लिए सरकार ने निजी जेट भेजा है, सोशल मीडिया पर कई लोगों ने सवाल पूछा कि अगर कोई व्यक्ति निजी जेट विमान किराये पर लेकर भारत से डोमिनिका आता-जाता है तो इसमें कितना खर्च आएगा।
इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार एक ट्रैवेल एजेंसी ने बताया है कि एक सप्ताह के अंदर आठ लोगों को निजी जेट से डोमिनिका ले जाने और वापस आने में कितना खर्च लगेगा।
एक निजी ट्रैवेल एजेंसी के अनुसार इस काम में करीब 44 लाख 49 हजार डॉलर (3.28 करोड़ रुपये) का खर्च आ सकता है। भारत से डोमिनिका जाने पर उड़ान का समय 17 घंटे है। इसमें तीन लाख 74 हजार डॉलर का बेस प्राइस और 75 हजार डॉलर का हैंडलिंग शुल्क शामिल है।
चोकसी को लाने के लिए जो विमान भेजा गया है वह 13 सीटर है। इसमें दो पायलट और एक फ्लाइट अटेंडेंट रहता है। इसमें एक शौचालय है और छह फीट एक इंच का एक केबिन है। प्रति व्यक्ति सामान रखने की क्षमता 300 किलोग्राम है। हालांकि, इसमें वाई-फाई की सुविधा नहीं है लेकिन इन-फ्लाइट एंटरटेनमेंट, रेक्लाइनर सीट, केटरिंग और बेड मौजूद हैं।
हालांकि, ट्रैवेल एजेंसी ने कहा कि अगर इस विमान को किराये पर लिया जाता है तो यह मैड्रिड में रुकेगा, जिससे कुल किराया बढ़ सकता है। यह साफ नहीं है कि भारत सरकार ने चोकसी को लाने के लिए विमान कतर एग्जीक्यूटिव से किराये पर लिया है या किसी थर्ड पार्टी के माध्यम से लिया है।
भारत भगोड़ों को देश में वापस लाने के संकल्प पर कायम
विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि भारत अपने इस संकल्प पर कायम है कि भगोड़ों को देश वापस लाया जाए। इसके साथ ही मंत्रालय ने कहा कि धोखाधड़ी के मामले में वांछित मेहुल चोकसी को वापस लाने के लिए सारी कोशिशें जारी रखी जाएंगी। मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने प्रेसवार्ता में कहा, ‘वह (चोकसी) अभी डोमिनिका में हिरासत में है जहां कुछ कानूनी प्रक्रियाएं चल रही हैं । हम सारी कोशिशें जारी रखेंगे ताकि उसे (चोकसी को) भारत वापस लाया जाए।’
उल्लेखनीय है कि मेहुल चोकसी हाल ही में एंटीगुआ एवं बारबूडा से फरार हो गया था और उसे कैरिबियाई द्वीपीय देश में कथित तौर पर अवैध रूप से प्रवेश करने के लिए 23 मई को गिरफ्तार कर लिया गया था। उसके खिलाफ डोमिनिका में कानूनी प्रक्रिया चल रही है। चोकसी पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में 13,500 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले में वांछित है। डोमिनिका के एक मजिस्ट्रेट ने भगोड़े हीरा कारोबारी चोकसी को जमानत देने से इनकार कर दिया है।