Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   How Huang Foundation Gained $2.3 Billion In A Day With Jensen's Nvidia Return

एनवीडिया: जेनसन की वापसी से शेयरों में उछाल, पत्नी के फाउंडेशन की चांदी; एक दिन में कैसे बढ़े 2.3 अरब डॉलर?

Sun, 29 Nov 2026 09:06 AM IST
निर्मल कांत बिजनेस डेस्क, वाशिंगटन।
बिजनेस डेस्क, वाशिंगटन। Published by: निर्मल कांत Updated Sun, 29 Nov 2026 09:06 AM IST
सार

एनवीडिया के सह-संस्थापक जेनसन हुआंग की सीईओ के रूप में वापसी से कंपनी के शेयरों में तेजी आई। इसका फायदा उनकी पत्नी लॉरी हुआंग के फाउंडेशन को भी मिला। एक ही दिन में फाउंडेशन की संपत्ति करीब 2.3 अरब डॉलर बढ़ गई। अब इसकी एनवीडिया में हिस्सेदारी का मूल्य करीब 9.7 अरब डॉलर हो गया है। जानिए कौन चलाता है यह फाउंडेशन और इसका पैसा किन संस्थाओं को दान किया जाता है। 

विज्ञापन
How Huang Foundation Gained $2.3 Billion In A Day With Jensen's Nvidia Return
एनवीडिया सीईओ जेनसन हुआंग - फोटो : एक्स

विस्तार

जेनसन हुआंग की एनवीडिया में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में वापसी से सिर्फ कंपनी के शेयरधारकों को ही फायदा नहीं हुआ। उनकी पत्नी लॉरी हुआंग की ओर से संचालित निजी धर्मार्थ संस्था को भी बड़ा लाभ मिला। एनवीडिया ने सोमवार को अपने सह-संस्थापक जेनसन हुआंग को फिर से सीईओ बनाया। इसके बाद एक ही दिन में हुआंग फाउंडेशन की संपत्ति करीब 2.3 अरब डॉलर बढ़ गई।
विज्ञापन


एनवीडिया की ओर से शेयरधारकों के लिए जारी 2026 के आधिकारिक दस्तावेज के मुताबिक, हुआंग फाउंडेशन के पास कंपनी के करीब 5.9 करोड़ शेयर हैं। जेनसन हुआंग की वापसी की खबर के बाद शेयर बाजार में कंपनी के शेयरों में तेजी आई। फॉर्च्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, एनवीडिया के शेयर 30 प्रतिशत से ज्यादा चढ़कर 165.05 डॉलर पर बंद हुए।
विज्ञापन


इस कीमत के हिसाब से हुआंग फाउंडेशन की हिस्सेदारी का मूल्य बढ़कर करीब 9.7 अरब डॉलर हो गया। शुक्रवार को बाजार बंद होने के मुकाबले यह करीब 2.3 अरब डॉलर की बढ़ोतरी थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


कौन चलाता है हुआंग फाउंडेशन?
जेनसन हुआंग और उनकी पत्नी लॉरी हुआंग ने 2007 में इस फाउंडेशन की शुरुआत की थी। उस समय उन्होंने एनवीडिया के 3.70 लाख शेयर इसमें दिए थे। इन शेयरों की कीमत तब 1.26 करोड़ डॉलर थी।

फॉर्च्यून ने कर (टैक्स) संबंधी दस्तावेजों के हवाले से बताया कि फाउंडेशन की संपत्ति लगातार बढ़ी है। साल 2020 के अंत में इसकी संपत्ति 82.8 करोड़ डॉलर थी। साल 2024 के अंत तक यह बढ़कर 9.2 अरब डॉलर हो गई।

ये भी पढ़ें: वित्त मंत्रालय: महंगाई का दबाव, फिर भी मजबूत रहेगी अर्थव्यवस्था की रफ्तार; रिपोर्ट ने साफ की तस्वीर

हुआंग दंपती इस संपत्ति में लगातार इजाफा भी कर रहे हैं। अमेरिकी प्रतिभूति और विनिमय आयोग में दाखिल दस्तावेज के मुताबिक, जून 2025 में दंपती के लिविंग ट्रस्ट ने फाउंडेशन को एनवीडिया के 4.40 लाख शेयर दिए थे। इनकी कीमत करीब छह करोड़ डॉलर थी।

इसी ट्रस्ट ने अपने आधे शेयर एक ऐसे कोष को भी दिए थे, जिसके जरिये दानकर्ता तय करता है कि पैसा किन सामाजिक संस्थाओं को दान किया जाएगा। सीएनबीसी ने अमेरिकी प्रतिभूति और विनिमय आयोग में दाखिल दस्तावेज के हवाले से यह जानकारी दी।

अमेरिका के बड़े निजी फाउंडेशन में शामिल है संस्था
डाटा कंपनी फाउंडेशनमार्क के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल यह अमेरिका के 15 सबसे बड़े निजी फाउंडेशन में शामिल था। इस सूची में रॉकफेलर फाउंडेशन और कॉनराड एन. हिल्टन फाउंडेशन जैसी बड़ी संस्थाएं भी हैं। 

हालांकि, इतनी बड़ी संपत्ति होने के बावजूद हुआंग फाउंडेशन बहुत कम चर्चा में रहता है। इसकी अपनी कोई वेबसाइट भी नहीं है। साल 2023 तक इसमें कोई वेतन पाने वाला कर्मचारी भी नहीं था। लॉरी हुआंग 2014 से इस फाउंडेशन की अध्यक्ष हैं। वहीं, जेनसन हुआंग इसके सचिव और मुख्य वित्तीय अधिकारी हैं।

लॉरी उन ट्रस्टों की सह-ट्रस्टी भी हैं, जिनमें दंपती की एनवीडिया की ज्यादातर हिस्सेदारी रखी गई है। फोर्ब्स के आकलन के मुताबिक, सोमवार को बाजार बंद होने के समय इन ट्रस्टों में रखी हिस्सेदारी का मूल्य करीब 144 अरब डॉलर था।

कॉलेज में हुई थी मुलाकात, 1985 में की शादी
जेनसन और लॉरी की मुलाकात ओरेगन राज्य विश्वविद्यालय में हुई थी। उस समय लॉरी 19 साल की थीं और जेनसन 17 साल के थे। दोनों ने 1985 में शादी की थी। जेनसन हुआंग ने 1993 में क्रिस मालाचोव्स्की और कर्टिस प्रीम के साथ मिलकर एनवीडिया की स्थापना की थी। फिलहाल कंपनी का बाजार पूंजीकरण 333.241 ट्रिलियन रुपये है।

हुआंग फाउंडेशन का पैसा किन संस्थाओं को मिलता है?
हुआंग फाउंडेशन कई शिक्षण और सांस्कृतिक संस्थाओं को दान देता है। रिपोर्ट के मुताबिक, फाउंडेशन ने 2022 में ओरेगन राज्य विश्वविद्यालय को पांच करोड़ डॉलर दिए थे। साल 2025 में कैलिफोर्निया आर्ट कॉलेज को 2.25 करोड़ डॉलर का दान दिया गया। पिछले साल नवंबर में फाउंडेशन ने सैन फ्रांसिस्को ओपेरा को हर साल 50 लाख डॉलर देने का वादा किया था।

इसके बाद जुलाई में वेंडरबिल्ट विश्वविद्यालय को 7.5 करोड़ डॉलर दिए गए। यह रकम सैन फ्रांसिस्को में कला, वास्तुकला और डिजाइन का नया कॉलेज खोलने के लिए दी गई।


सबसे ज्यादा पैसा कहां जाता है?
फॉर्च्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, फाउंडेशन की ओर से दिए जाने वाले ज्यादातर पैसे 'डोनर-एडवाइज्ड फंड' में जाते हैं। साल 2024 में फाउंडेशन ने कुल 12.6 करोड़ डॉलर बांटे थे। इसमें से 8.2 करोड़ डॉलर डाफगिविंग360 को दिए गए। यह कुल रकम का करीब दो-तिहाई हिस्सा था। यह फंड पहले श्वाब चैरिटेबल के नाम से जाना जाता था।

इससे एक साल पहले भी फाउंडेशन ने अपने कुल दान का 77 प्रतिशत हिस्सा इसी तरह के फंड को दिया था। सीएनबीसी के मुताबिक, यह रकम 4.6 करोड़ डॉलर थी। इसे श्वाब डोनर-एडवाइज्ड फंड में दिया गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed