एचयूआईडी: 28 सितंबर को हड़ताल करेंगे हॉलमार्किंग केंद्र, पढ़ें कारोबार जगत की अन्य महत्वपूर्ण खबरें
हॉलमार्किग एक्शन कमेटी के सदस्य विनोद देशमुख ने बताया कि एचयूआईडी के बाद केंद्रों पर अतिरिक्त मशीनरी और मानव संसाधन का दबाव भी बढ़ गया है। सरकार से कई बार गुहार के बाद अब हड़ताल का निर्णय लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्वर्ण आभूषणों पर अनिवार्य हॉलमार्किंग के लिए लागू एचयूआईडी (हॉलमार्किंग यूनिक आईडी) प्रक्रिया के खिलाफ देशभर के हॉलमार्किंग केंद्र 28 सितंबर को सांकेतिक हड़ताल करेंगे। हॉलमार्किग एक्शन कमेटी के सदस्य विनोद देशमुख ने बताया कि एचयूआईडी प्रक्रिया के बाद हॉलमार्किंग शुल्क बढ़ गया है।
साथ ही मेट्रो शहरों में स्थित केंद्रों पर दबाव बढ़ता जा रहा, जबकि देश के अन्य केंद्रों के पास काम ही नहीं है। एचयूआईडी के बाद केंद्रों पर अतिरिक्त मशीनरी और मानव संसाधन का दबाव भी बढ़ गया है। सरकार से कई बार गुहार के बाद अब हड़ताल का निर्णय लिया है।
अमेजन की त्योहारी सेल में 75 हजार दुकानें शामिल
ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने 4 अक्तूबर से त्योहारी सीजन सेल की घोषणा कर दी है। कंपनी ने बताया है कि इस बार 75 हजार स्थानीय दुकानदारों को भी शामिल किया जाएगा। साथ ही 8.5 लाख से ज्यादा विक्रेता सेल से जुड़ेंगे। मिंत्रा ने भी 3 से 10 अक्तूबर तक त्योहारी सेल की घोषणा की है, जिसमें 11 लाख नए उपभोक्ता जुड़ सकते हैं।
चीन से आयात एपीआई पर लगेगा एंटीडंपिंग शुल्क
वाणिज्य मंत्रालय ने व्यापार सुधार निदेशालय से कहा है कि चीन से दवा निर्माण में इस्तेमाल होने वाले एपीआई सेफिट्रऑक्सिन सोडियम स्टीराइल पर 12.91 डॉलर प्रति किलोग्राम का एंटीडंपिंग शुल्क लगाया जाए। वहां से सस्ती कीमत पर आने वाले इस सक्रिय फार्मा अवयव (एपीआई) से घरेलू उत्पादकों को नुकसान पहुंच रहा है।
एएटी वाहन और उपकरण कंपनियां भी पीएलआई में शामिल
प्री-अप्रूव्ड एडवांस्ड ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी (एएटी) वाहनों और सभी उपकरण कंपनियों को भी उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना का लाभ मिलेगा। भारी उद्योग मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि 25,938 करोड़ की पीएलआई योजना का दायरा बढ़ाकर एएटी वाहन कंपनियों को भी शामिल कर लिया है।
इसके तहत ड्राइवर असिस्ट सिस्टम, ऑटोमेटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग सिस्टम सहित अन्य उन्नत तकनीक बनाने वाली कंपनियों को भी लाभ दिया जाएगा। किसी एक समूह को योजना की 25 फीसदी राशि दी जा सकती है।