आयकर विभाग ने दी सफाई, कहा ई-रिटर्न भरने वालों की संख्या में हुई बढ़ोतरी
आयकर विभाग ने कहा है कि साल 2018-19 के दौरान ऑनलाइन आयकर रिटर्न (ITR) फाइल करने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले खबर आई थी कि ऑनलाइन आयकर भरने वाले लोगों की संख्या में वित्त वर्ष 2018-19 के दौरान भारी गिरावट हुई। लेकिन ऐसा नहीं है। आयकर विभाग ने कहा है कि एस आंकड़े में इजाफा हुआ है। विभाग ने कहा है कि वित्त वर्ष के लिए उसकी ई-फाइलिंग वेबसाइट पर जो आंकड़े दिखाए गए हैं उनमें पिछले वित्त वर्षों के लिये दायर रिटर्न के आंकड़े भी शामिल हैं।
आयकर विभाग का कहना है कि 2018-19 में आयकर रिटर्न दाखिल करने वालों की संख्या 19 फीसदी बढ़ी है। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने एक बयान जारी कर स्पष्टीकरण दिया है कि जो दाखिल रिटर्न दिखाए गए हैं, उनमें पिछले आकलन वर्षों के रिटर्न भी शामिल हैं।
सीबीडीटी ने दिया बयान
सीबीडीटी के अनुसार वित्त वर्ष 2017-18 में जो कुल मिलाकर 6.74 करोड़ आयकर रिटर्न दाखिल किए गए थे, उनमें से 5.47 करोड़ आयकर रिटर्न ही आकलन वर्ष 2017-18 के हैं। इसके मुकाबले वित्त वर्ष 2018-19 में कुल 6.68 करोड़ आयकर रिटर्न ई-फाइल किये गये जिसमें 6.49 करोड़ रिटर्न आकलन वर्ष 2018-19 के हैं। इस तरह दायर रिटर्न की तुलना की जाये तो इसमें 19 फीसदी वृद्धि हुई है।