Biz Updates: चीनी मिलों, डिस्टिलरियों को बिना प्रतिबंध इथेनॉल बनाने की अनुमति; रेलवे ने SBI के साथ किया एमओयू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एसबीआई वेतन खाते वाले रेलवे कर्मियों को मिलेगा एक करोड़ रुपये का बीमा
भारतीय रेलवे ने अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों को महत्वपूर्ण बीमा कवर प्रदान करने के लिए सोमवार को भारतीय स्टेट बैंक के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। रेल मंत्रालय ने कहा कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की उपस्थिति में हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन के तहत एसबीआई में वेतन खाता रखने वाले कर्मचारियों को 1 करोड़ रुपये का दुर्घटना मृत्यु बीमा मिलेगा। इसके अतिरिक्त एसबीआई में केवल वेतन खाता रखने वाले सभी रेलवे कर्मचारी अब बिना किसी प्रीमियम का भुगतान किए या किसी मेडिकल जांच के 10 लाख रुपये के प्राकृतिक मृत्यु बीमा कवरेज के लिए पात्र होंगे। लगभग सात लाख रेलवे कर्मचारियों के वेतन खाते एसबीआई के पास हैं। यह समझौता कर्मचारी कल्याण की दिशा में एक बड़ा कदम है। मंत्रालय ने कहा कि समझौता ज्ञापन के तहत कुछ प्रमुख बीमा कवरों में 1.60 करोड़ रुपये का हवाई दुर्घटना बीमा (मृत्यु) कवर और रुपे डेबिट कार्ड पर एक करोड़ रुपये तक का अतिरिक्त कवर; एक करोड़ रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना (स्थायी पूर्ण विकलांगता) कवर; और 80 लाख रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना (स्थायी आंशिक विकलांगता) कवर शामिल हैं।
नेस्ले ने सीईओ को बर्खास्त किया
नेस्ले ने अपने सीईओ लॉरेंट फ्रेइक्स को एक अधीनस्थ के साथ अघोषित संबंध की जांच के बाद बर्खास्त कर दिया है। कंपनी ने कहा कि बर्खास्तगी तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है। जांच में पाया गया कि अधीनस्थ के साथ अघोषित रोमांटिक संबंध नेस्ले की आचार संहिता का उल्लंघन है। एक साल तक सीईओ रहे फ्रीक्से का स्थान फिलिप नवरातिल लेंगे। अध्यक्ष पॉल बुल्के ने कहा कि यह एक जरूरी फ़ैसला था। नेस्ले के मूल्य और प्रशासन हमारी कंपनी की मजबूत नींव हैं। फ़्रीक्स 1986 से नेस्ले के साथ जुड़े हुए थे और दुनिया भर में कई पदों पर कार्यरत थे।
मॉर्गन स्टेनली ने अप्रैल-जून तिमाही में देश की मजबूत जीडीपी वृद्धि 7.8 फीसदी के मद्देनजर 2025-26 में जीडीपी वृद्धि का अनुमान बढ़ाकर 6.7 फीसदी कर दिया है। पहले यह 6.2 फीसदी था। रिपोर्ट के अनुसार, जीएसटी में आगामी कटौती से घरेलू मांग बढ़ेगी। यह अमेरिकी टैरिफ वृद्धि के कारण निर्यात में आई गिरावट की भरपाई कर देगी। जीएसटी) में आगामी कटौती, आगामी त्योहारी सीजन और ग्रामीण मांग में मजबूत रुझान घरेलू मांग को बढ़ावा देंगे।
निवा बूपा : मैक्स में कैशलेस सुविधा बंद
स्वास्थ्य बीमा कंपनी निवा बूपा 16 अगस्त से सभी मैक्स अस्पतालों में कैशलेस उपचार सुविधा को बंद कर दिया है। इससे हजारों पॉलिसीधारकों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस के निदेशक डॉ. भवतोष मिश्रा ने सोमवार को कहा, मैक्स के साथ हमारा समझौता मई, 2025 में समाप्त हो गया है।
मारुति ने ई-विटारा का शुरू किया निर्यात
मारुति सुजुकी इंडिया ने अपने इलेक्ट्रिक वाहन ई-विटारा का निर्यात शुरू कर दिया है। अगस्त में 2,900 से ज्यादा इकाइयां विदेश भेजी गईं। इन्हें गुजरात के पीपावाव पोर्ट से 12 यूरोपीय देशों ब्रिटेन, जर्मनी, नॉर्वे, फ्रांस, डेनमार्क, नीदरलैंड, हंगरी, स्वीडन, स्विट्जरलैंड, आइसलैंड, ऑस्ट्रिया और बेल्जियम को भेजा गया है।
एमटीएनएल और भेल पर लगा जुर्माना
बोर्ड की संरचना में गैर-अनुपालन के लिए स्टॉक एक्सचेंजों ने महानगर टेलीफोन निगम यानी एमटीएनएल और भेल पर जुर्माना लगाया है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने एमटीएनएल पर 6.73-6.73 लाख रुपये का दंड लगाया है।
एसबीआई की डॉलर बॉन्ड इश्यू पर फिच और एसएंडपी ने रेटिंग दी
फिच रेटिंग्स ने मंगलवार को भारतीय स्टेट बैंक के प्रस्तावित अमेरिकी डॉलर-मूल्यवर्ग के बॉन्ड इश्यू को 'बीबीबी-(ईएक्सपी)' रेटिंग दी। वहीं, एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स ने भी इन सीनियर अनसिक्योर्ड नोट्स को ‘बीबीबी’ दीर्घकालिक इश्यू रेटिंग प्रदान की है।
ये बॉन्ड लंदन शाखा के जरिए जारी किए जाएंगे। हालांकि, दोनों रेटिंग एजेंसियों ने यह स्पष्ट नहीं किया कि एसबीआई कितनी राशि जुटाएगा। एसएंडपी ने कहा कि यह इश्यू एसबीआई के 10 अरब डॉलर के मध्य अवधि के नोट्स कार्यक्रम से कटौती को दर्शाता है। एसएंडपी ने बयान में कहा कि नोट्स की रेटिंग एसबीआई की दीर्घकालिक इश्यूअर क्रेडिट रेटिंग (बीबीबी/स्थिर/ए-2) के बराबर है। हमारी रेटिंग एसबीआई की मजबूत बाजार स्थिति और ठोस जमा आधार को दर्शाती है। साथ ही भारत की बेहतर आर्थिक वृद्धि की गति बैंक की लोन ग्रोथ, परिसंपत्ति गुणवत्ता और लाभप्रदता को सहारा देती है।
ताइवान की एक अदालत ने टीएसएमसी के तीन कर्मचारियों को हिरासत में लेने का आदेश दिया
ताइवान के बौद्धिक संपदा और वाणिज्यिक न्यायालय (आईपीसीसी) ने ताइवान सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी (टीएसएमसी) के एक पूर्व और दो वर्तमान कर्मचारियों को हिरासत में लेने का आदेश दिया है। इन कर्मचारियों पर आरोप है कि इन्होंने कंपनी की उन्नत 2 नैनोमीटर (एनएम) प्रक्रिया से जुड़े संवेदनशील व्यापार रहस्यों को चुराया है। आईपीसीसी के तीन न्यायाधीशों के पैनल ने कहा कि संदिग्धों ने अपने आचरण का पता चलने के बाद अपने संचार रिकॉर्ड मिटा दिए।
फोकस ताइवान की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह फैसला तीन संदिग्धों, चेन ली-मिंग, एक पूर्व टीएसएमसी इंजीनियर और दो वर्तमान इंजीनियरों, वू पिंग-चुन और को यी-पिंग, को सोमवार सुबह आईपीसीसी को सौंपे जाने के बाद सुनाया गया।
टीसीएस ने कर्मचारियों का वेतन 4.5 से सात प्रतिशत तक बढ़ाने का फैसाल किया
टाटा समूह की आईटी सेवा कंपनी टीसीएस ने अपने अधिकांश कर्मचारियों के वेतन में 4.5 से सात प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। सूत्रों ने मंगलावर को यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि कंपनी ने सोमवार देर शाम से कर्मचारियों को वेतन वृद्धि पत्र भेजना शुरू कर दिया। यह वेतन वृद्धि सितंबर से लागू होगी। बात दें कि पिछले दो महीनों में कंपनी ने कई बड़े फैसले किए। इसमें दो प्रतिशत कार्यबल या लगभग 12,000 कर्मचारियों की छंटनी की बड़ी घोषणा की गई। उसके बाद 80 प्रतिशत कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि की घोषणा भी शामिल है।
आरबीआई ने आर गांधी को यस बैंक के चेयरमैन पद पर फिर से नियुक्त करने को मंजूरी दी
निजी क्षेत्र के ऋणदाता यस बैंक ने मंगलवार को कहा कि रिजर्व बैंक ने आरबीआई के पूर्व डिप्टी गवर्नर आर गांधी को बैंक के गैर-कार्यकारी चेयरमैन के रूप में फिर से नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है।
यस बैंक ने एक नियामक फाइलिंग में कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने 1 सितंबर, 2025 के अपने पत्र के माध्यम से, आरबीआई द्वारा अनुमोदित पारिश्रमिक पर, 20 सितंबर, 2025 से 13 मई, 2027 तक की अवधि के लिए बैंक के अंशकालिक अध्यक्ष के रूप में राम सुब्रमण्यम गांधी की पुनर्नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।
उन्होंने 2014 से 2017 तक तीन वर्षों तक भारतीय रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर के रूप में कार्य किया। वे 37 वर्षों तक एक अनुभवी और कुशल केंद्रीय बैंकर रहे।
गांधी को पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) में तीन साल का कार्यकाल मिला था। उन्होंने बैंकिंग प्रौद्योगिकी विकास एवं अनुसंधान संस्थान, आईडीआरबीटी, हैदराबाद के निदेशक का कार्यभार भी संभाला।
आरबीआई ने आर गांधी को यस बैंक के चेयरमैन पद पर फिर से नियुक्त करने की मंजूरी दी
रिजर्व बैंक ने अपने पूर्व डिप्टी गवर्नर आर गांधी को यस बैंक के गैर-कार्यकारी चेयरमैन के रूप में फिर से नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है। निजी क्षेत्र के ऋणदाता यस बैंक ने मंगलवार को यह जानकारी दी। यस बैंक ने एक नियामक फाइलिंग में कहा कि आरबीआई ने 1 सितंबर, 2025 के अपने पत्र के माध्यम से, आरबीआई द्वारा अनुमोदित पारिश्रमिक पर, 20 सितंबर, 2025 से 13 मई, 2027 तक की अवधि के लिए बैंक के अंशकालिक अध्यक्ष के रूप में राम सुब्रमण्यम गांधी की पुनर्नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।
गांधी ने 2014 से 2017 तक तीन वर्षों तक आरबीआई के डिप्टी गवर्नर के रूप में कार्य किया। वे 37 वर्षों तक एक अनुभवी और कुशल केंद्रीय बैंकर रहे। उन्होंने पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) में तीन साल का कार्यकाल मिला था। उन्होंने बैंकिंग प्रौद्योगिकी विकास एवं अनुसंधान संस्थान, आईडीआरबीटी, हैदराबाद के निदेशक का कार्यभार भी संभाला।
अप्रैल-अगस्त में कैप्टिव, वाणिज्यिक खदानों से कोयला उत्पादन में करीब 12% की वृद्धि
वित्त वर्ष 2026 की अप्रैल-अगस्त अवधि के दौरान कैप्टिव और वाणिज्यिक खदानों से कोयला उत्पादन में सालाना आधार पर 11.88% की वृद्धि दर्ज हुई। यह बढ़कर 73.92 मिलियन टन (एमटी) हो गया। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में इसका उत्पादन 66.07 मिलियन टन दर्ज किया गया था।
कोयला मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि वित्त वर्ष 2026 के अगस्त तक के संचयी आंकड़े साल-दर-साल मजबूत वृद्धि को दर्शाते हैं। इस अवधि में उत्पादन 11.88 प्रतिशत बढ़ा है, जबकि डिस्पैच में 9.12 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वहीं अगस्त में कैप्टिव और वाणिज्यिक खदानों से कोयला उत्पादन 14.43 मिलियन टन दर्ज किया गया। जबकि डिस्पैच 15.07 मिलियन टन तक पहुंच गया।
जापान के एसएमबीसी को यस बैंक में हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी
निष्पक्ष व्यापार नियामक (CCI) ने यस बैंक में हिस्सेदारी खरीदने के जापान के सुमितोमो मित्सुई बैंकिंग कॉरपोरेशन (SMBC) के प्रस्ताव को मंजूरी दी। एसएसबीसी ने यस बैंक में 24.99 प्रतिशत तक हिस्सेदारी अधिग्रहण का प्रस्ताव रखा है।
एसएमबीसी सुमितोमो मित्सुई फाइनेंशियल ग्रुप इंक (SMFG) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। यह भारत में सक्रिय प्रमुख विदेशी बैंकों में से एक है। वहीं, SMFG की अन्य सहायक कंपनी SMFG इंडिया क्रेडिट कंपनी देश की सबसे बड़ी विविधीकृत गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों में शामिल है। सीसीआई ने अपनी विज्ञप्ति में कहा कि प्रस्तावित संयोजन यस बैंक की शेयर पूंजी और मतदान अधिकारों के अधिग्रहण से संबंधित है, जिसे एसएमबीसी द्वारा किया जाएगा।
तांबे पर 50% अमेरिकी टैरिफ को लेकर भारत ने डब्ल्यूटीओ से परामर्श मांगा
भारत ने तांबे पर अमेरिका की ओर से 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने के मुद्दे को लेकर विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) की ओर रुख किया है। भारत ने डब्ल्यूटीओ से सुरक्षा समझौते के तहत अमेरिका से परामर्श की मांग की है।
यह कदम भारत द्वारा स्टील और एल्युमीनियम व ऑटो कलपुर्जों पर अमेरिकी टैरिफ के जवाब में चुनिंदा अमेरिकी उत्पादों पर जवाबी शुल्क लगाने का अधिकार सुरक्षित रखने के बाद उठाया गया है। इसमें कहा गया है कि अमेरिका ने सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्णय के बारे में विश्व व्यापार संगठन की सुरक्षा समिति को सूचित नहीं किया।
बीड़ी और प्लास्टिक कचरे पर जीएसटी घटाने की मांग
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध स्वदेशी जागरण मंच (एसजेएम) ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से आग्रह किया है कि बीड़ी उत्पादन और प्लास्टिक कचरे पर वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की दर 5 प्रतिशत से कम रखी जाए।जीएसटी परिषद की बुधवार से शुरू होने वाली बैठक से पहले भेजे गए पत्र में एसजेएम के राष्ट्रीय सह-संयोजक अश्विनी महाजन ने कहा कि बीड़ी पर 28% जीएसटी लगाने से इस कुटीर उद्योग में रोजगार बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिससे बीड़ी बनाने वाले मजदूर, तेंदू पत्ता संग्रहकर्ता और खुदरा क्षेत्र के कामगार संकट में हैं। उन्होंने याद दिलाया कि पहले बीड़ी पर बहुत कम केंद्रीय उत्पाद शुल्क लगता था और कई राज्यों में बिक्री कर भी नहीं लिया जाता था।
ग्रामीण इलाकों में निजी ऑपरेटरों की कमजोर सेवा, PAC बैठक में उठा मुद्दा
संसदीय लेखा समिति (PAC) की बैठक में मंगलवार को कई सांसदों ने ग्रामीण और दूरदराज़ क्षेत्रों में निजी दूरसंचार कंपनियों की खराब कनेक्टिविटी का मुद्दा जोरदार ढंग से उठाया। सांसदों का कहना था कि एयरटेल, जियो और वोडाफोन जैसी निजी कंपनियां इन इलाकों में पर्याप्त सेवाएं नहीं दे पा रहीं, जबकि सार्वजनिक क्षेत्र की बीएसएनएल सीमित आधुनिक ढांचे के बावजूद बेहतर प्रदर्शन कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, समिति ने दूरसंचार विभाग (DoT) और सेवा प्रदाताओं से कवरेज और टावर जैसी अवसंरचना वृद्धि पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस सांसद के. सी. वेणुगोपाल ने की।
भारत-अमेरिका कंपनियों के बीच परमाणु संयंत्र के लिए अहम तकनीक समझौता
भारत की कोर एनर्जी सिस्टम्स लिमिटेड और अमेरिका की फ्लोसर्व कॉर्पोरेशन ने भारत में प्राइमरी कूलेंट पंप तकनीक लाने के लिए समझौता किया है। यह करार वॉशिंगटन डीसी में अमेरिकी ऊर्जा विभाग और भारतीय दूतावास के अधिकारियों की मौजूदगी में औपचारिक रूप से संपन्न हुआ। इसे भारत के परमाणु ऊर्जा विभाग और अमेरिकी ऊर्जा विभाग, दोनों की मंजूरी मिली है।
अमेरिकी टैरिफ पर तनाव के बीच 3 सितम्बर को निर्यातकों संग बैठक करेंगे गोयल
अमेरिका द्वारा भारतीय वस्तुओं पर 50 प्रतिशत का भारी टैरिफ लगाने के बाद सरकार ने निर्यातकों को राहत देने की कवायद तेज कर दी है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल बुधवार को निर्यातक समुदाय से मुलाकात करेंगे और देश के बाहरी व्यापार को आगे बढ़ाने के उपायों पर चर्चा करेंगे।
एक उद्योग अधिकारी ने बताया कि बैठक में निर्यात बढ़ाने के रास्तों पर विचार किया जाएगा।” इसमें सभी निर्यात संवर्द्धन परिषदों और भारतीय निर्यात संगठन महासंघ के प्रतिनिधि शामिल होंगे।