Biz Updates: इंफोसिस के क्रिस गोपालकृष्णन समेत 18 पर केस दर्ज; एनएसई ने फर्जी खबर पर दिया स्पष्टीकरण
इंफोसिस के सह-संस्थापक सेनापति क्रिस गोपालकृष्णन, आईआईएससी के पूर्व निदेशक बलराम और 16 अन्य के खिलाफ सोमवार को एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। 71वें शहर के सिविल और सत्र न्यायालय (सीसीएच) के निर्देश पर सदाशिव नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता दुर्गाप्पा आदिवासी बोवी समुदाय से हैं। वे भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी) में सतत प्रौद्योगिकी केंद्र में संकाय सदस्य थे।
उन्होंने दावा किया कि 2014 में उन्हें हनी ट्रैप मामले में झूठा फंसाया गया और बाद में सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि उन्हें गाली और धमकियां दी गईं। मामले में आरोपी अन्य व्यक्तियों में गोविंदन रंगराजन, श्रीधर वारियर, संध्या विश्वेश्वरैह, हरि केवीएस, दासप्पा, बलराम पी, हेमलता मिशी, चट्टोपाध्याय के, प्रदीप डी सावकर और मनोहरन शामिल हैं।
रिकॉर्ड ईंधन बिक्री के बावजूद इंडियन ऑयल का लाभ 64 फीसदी घटा
ईंधन की रिकॉर्ड बिक्री के बावजूद पेट्रोलियम कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन का शुद्ध मुनाफा चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 64 फीसदी घटकर 2,873.53 करोड़ रुपये रह गया। मामले में आईओसी के निदेशक (वित्त) अनुज जैन ने सोमवार को कहा, भंडार और विदेशी मुद्रा विनिमय में हुए नुकसान की वजह से लाभ में गिरावट आई है। कंपनी को तीसरी तिमाही में भंडारण पर 7,800 करोड़ का नुकसान हुआ। वहीं, विदेशी मुद्रा विनिमय के चलते 1,900 करोड़ रुपये का घाटा हुआ। कोल इंडिया का तीसरी तिमाही में मुनाफा 17 फीसदी बढ़कर 8,491 करोड़ रुपये पहुंच गया। कुल बिक्री घटकर 32,359 करोड़ रही। कुल खर्च बढ़कर 26,201 करोड़ पर पहुंच गया। कंपनी ने प्रति शेयर 5.60 रुपये के अंतरिम लाभांश को मंजूरी दी है।
आठ लोगों-संस्थानों पर रोक, 4.8 करोड़ रुपये लौटाने होंगे
बाजार नियामक सेबी ने फ्रंट-रनिंग मामले में आठ लोगों और संस्थानों को शेयर बाजार में कारोबार करने पर रोक लगा दी है। साथ ही, अवैध तरीके से कमाए गए 4.82 करोड़ रुपये लौटाने का आदेश दिया है। मामला गगनदीप कंसल्टेंसी के शेयरों से जुड़ा है। सेबी ने अपने अंतरिम आदेश में कहा, सितंबर, 2018 से सितंबर, 2023 के बीच इस अवैध कारोबार की जांच की गई थी।
केनरा बैंक का मुनाफा 12 फीसदी बढ़कर 4,104 करोड़
केनरा बैंक का मुनाफा तीसरी तिमाही में 12 फीसदी बढ़कर 4,104 करोड़ रुपये पहुंच गया। कुल आय 36,114 करोड़ रुपये रही। बैंक का सकल बुरा फंसा कर्ज (ग्रॉस एनपीए) कम होकर 3.34 फीसदी व शुद्ध एनपीए घटकर 0.89 फीसदी रह गया। शुद्ध ब्याज आय घटकर 9,149 करोड़ रुपये रही है। एसीसी का फायदा दोगुना बढ़कर 1,091 करोड़ ः अदाणी समूह की सीमेंट कंपनी एसीसी को 1,091 करोड़ का मुनाफा हुआ है। राजस्व बढ़कर 5,207 करोड़ पहुंच गया। कुल खर्च 5,099 करोड़ रहा। अदाणी विल्मर का लाभ तीसरी तिमाही में दोगुना से ज्यादा बढ़कर 411 करोड़ रहा। खाद्य तेल का राजस्व 13,387 करोड़ रुपये रहा।
एनएसई ने सिद्धार्थ कोटक की नियुक्ति की खबर को बताया गलत
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनएसई) ने मंगलवार को हाल ही में ऑनलाइन प्रसारित समाचारों के जवाब में एक स्पष्टीकरण जारी किया, जिसमें सिद्धार्थ कोटक को एक्सचेंज के एआई प्रमोशन चेयरमैन के रूप में नियुक्त करने की गलत सूचना दी गई थी। स्टॉक एक्सचेंज ने कहा कि ये रिपोर्टें पूरी तरह झूठी हैं और उसकी अनुमति के बिना प्रकाशित की गई हैं। एक्सचेंज ने एक बयान में कहा कि वह "यह स्पष्ट करना चाहेगा कि सिद्धार्थ कोटक नाम का कोई भी व्यक्ति एनएसई में शामिल नहीं हुआ है, जैसा कि समाचार लेखों में बताया गया है। यह खबर भ्रामक और फर्जी है।" एनएसई ने निवेशकों, हितधारकों, बाजार सहभागियों और आम जनता से इस फर्जी खबर पर ध्यान न देने और सावधानी बरतने का आग्रह किया।
राजेश निरवान बीसीएएस के महानिदेशक नियुक्त
आईपीएस अधिकारी राजेश निरवान को नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) का महानिदेशक नियुक्त किया गया है।
सेबी ने तकनीकी गड़बड़ियों की रिपोर्टिंग के लिए वेब पोर्टल बनाया
बाजार नियामक सेबी ने मंगलवार को कहा कि उसने शेयर बाजारों और अन्य बाजार अवसंरचना संस्थानों (एमआईआई) की ओर से तकनीकी गड़बड़ियों के प्रारंभिक और अंतिम मूल कारण विश्लेषण (आरसीए) रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए एक वेब-आधारित पोर्टल विकसित किया है।
तकनीकी गड़बड़ियों के लिए बने नए एकीकृत सेबी पोर्टल (आईएसपीओटी)- का उद्देश्य तकनीकी गड़बड़ियों की रिपोर्टिंग प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करना और तकनीकी गड़बड़ियों का एक केंद्रीकृत भंडार बनाना है।
वर्तमान में, एमआईआई- स्टॉक एक्सचेंज, क्लियरिंग कॉरपोरेशन और डिपॉजिटरी- को तकनीकी गड़बड़ियों के बारे में सूचना देने और मूल कारण विश्लेषण (आरसीए) रिपोर्ट सेबी को एक निर्धारित ईमेल आईडी पर देने की जरूरत होती है। नियामक ने अपने परिपत्र में कहा, "तकनीकी गड़बड़ी की प्रारंभिक और आरसीए रिपोर्ट एमआईआई के वेब-आधारित पोर्टल iSPOT के जरिए सेबी से साझा की जाएगी।"
इस्राइल के पर्यटन मंत्री को उम्मीद- मुंबई-तेल अवीव उड़ानें मार्च में होंगी शुरू
इस्राइल के पर्यटन मंत्री हैम काट्ज़ ने मंगलवार को कहा कि वह मुंबई और तेल अवीव को जोड़ने वाली सीधी उड़ानों के लिए एयर इंडिया के साथ बातचीत कर रहे हैं, जो अगले महीने की शुरुआत में शुरू होने की उम्मीद है।
कैट्ज ने संवाददाताओं से कहा, "मैंने एयर इंडिया के सीईओ से मुलाकात की और उन्होंने मुझे बताया कि वे जल्द ही मुंबई से तेल अवीव के लिए सीधी उड़ान शुरू करने की दिशा में काम करेंगे। दिल्ली से तेल अवीव के लिए सीधी उड़ान मार्च की शुरुआत में शुरू होने जा रही है। मैं एयर इंडिया और इस्राइली एयरलाइन ईआई एआई की मुंबई से तेल अवीव के लिए सीधी उड़ान शुरू कराने के लिए सभी आवश्यक प्रयास कर रहा हूं। पर्यटन अर्थव्यवस्था के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।"
62 फीसदी अमीरों की दो साल में रियल एस्टेट में निवेश की योजना
देश के 62 फीसदी अधिक अमीर और बेहद अमीर लोग अगले दो वर्षों में रियल एस्टेट में निवेश की योजना बना रहे हैं। रियल एस्टेट सलाहकार फर्म इंडिया सोथबी इंटरनेशनल रियल्टी की मंगलवार को जारी सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की आर्थिक वृद्धि में विश्वास थोड़ा कम होने के बावजूद अब भी मजबूत बना हुआ है। अधिकांश अमीर एवं बेहद अमीर लोगों का मानना है कि भारत सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा, जिसमें जीडीपी वृद्धि 6 से 6.5 फीसदी के बीच रहने का अनुमान है। रिपोर्ट में कहा गया है कि रियल एस्टेट क्षेत्र में निवेश को लेकर देश के धनवान लोगों के नजरिये में थोड़ी नरमी आई है। 2024 में 71 फीसदी धनवान लोगों ने रियल एस्टेट में निवेश की योजना बनाई थी।
तत्काल भुगतान से जुड़े घोटालों में एक तिहाई से अधिक ने गंवाया पैसा
वास्तविक समय के भुगतान में एक तिहाई लोगों के साथ धोखाधड़ी होती है। फिको की रिपोर्ट के अनुसार, भारत के वास्तविक समय भुगतान (आरटीपी) पारिस्थितिकी तंत्र में घोटाले बढ़े हैं। 34 प्रतिशत लोगों ने कहा, जो सेवा या वस्तु या निवेश उन्होंने कभी नहीं किया, उसके लिए भी उनको भुगतान करना पड़ गया। रिपोर्ट के अनुसार, 60 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने कहा, वे घोटालेबाजों के संदेशों के झांसे में आ गए। 54 प्रतिशत के दोस्तों या परिवार के सदस्यों के साथ धोखाधड़ी की गई है। हालांकि 2023 की तुलना में 2024 में धोखाधड़ी घटी है, लेकिन 8 लाख रुपये से अधिक का घोटाला दो फीसदी से बढ़कर चार फीसदी पर पहुंच गया है। हालांकि 56 फीसदी नुकसान छोटे थे जो 50,000 रुपये से कम के थे। यह सर्वेक्षण 2024 में 14 देशों के लगभग 11,000 उपभोक्ताओं के साथ-साथ लगभग 1,000 भारतीयों के साथ किया गया था।