एफएसएसएआई का बड़ा छापा: बिसलेरी के बाद सभी दिग्गज ब्रांड्स के सैंपल जब्त, जानिए क्या जानकारी दी गई
- बिसलेरी पर मुकदमे के बाद एफएसएसएआई ने सभी प्रमुख पैकेज्ड वॉटर ब्रांड्स के सैंपल जांच के लिए उठाए हैं।
- नियामक ने साथ ही उल्लंघन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। पूरे मामले पर पढ़ें यह विस्तृत रिपोर्ट।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
देश में बिकने वाले बोतलबंद और पैकेज्ड पेयजल की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा नियामक ने आक्रामक रुख अपना लिया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने अपने जारी प्रवर्तन अभियान के तहत बिसलेरी सहित सभी प्रमुख पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड्स के सैंपल एकत्र कर लिए हैं। सूत्रों के मुताबिक, नियामक ने साफ कर दिया है कि प्रयोगशाला परीक्षणों में जो भी कंपनियां सुरक्षा मानकों पर खरी नहीं उतरेंगी, उनके खिलाफ सीधे सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मार्केट लीडर बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ मुकदमा चलाने की हालिया मंजूरी इसी राष्ट्रव्यापी जांच अभियान का हिस्सा है, जिससे पूरे बेवरेज और पैकेज्ड फूड सेक्टर में हड़कंप मच गया है।
क्या है एफएसएसएआई का राष्ट्रव्यापी अभियान और इसकी वजह?
सार्वजनिक स्वास्थ्य और सुरक्षा के हित में नियामक ने पैकेज्ड पानी के कारोबार से जुड़े खाद्य कारोबारियों (FBOs) के परिसरों का व्यापक निरीक्षण शुरू किया है।
- परिसरों का औचक निरीक्षण: एफएसएसएआई के अधिकारियों ने प्रमुख ब्रांड्स की निर्माण इकाइयों और व्यावसायिक ठिकानों पर जाकर सीधे उत्पादन स्थलों से सैंपल लिए हैं।
- लैब जांच के लिए नमूने: इन सभी नमूनों को गुणवत्ता और रासायनिक जांच के लिए प्रयोगशालाओं में भेजा गया है।
- सीधी कानूनी कार्रवाई: सूत्रों के अनुसार, यदि जांच में किसी भी कंपनी का सैंपल फेल होता है और वह नियमों का उल्लंघन करते हुए पाई जाती है, तो नियामक बिना किसी रियायत के उनके खिलाफ कानूनी मुकदमादायर करेगा।
बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ क्यों दी गई मुकदमे की मंजूरी?
इस पूरे अभियान के दौरान सबसे बड़ी कार्रवाई उद्योग की शीर्ष कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड पर हुई है।
- असुरक्षित पानी का मामला: रविवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए एफएसएसएआई ने जानकारी दी कि उसने 'असुरक्षित पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर' बेचने के आरोप में बिसलेरी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है।
- ब्रोमेट की सीमा का उल्लंघन: बिसलेरी के परिसर से लिए गए 'पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर (अन्यथा मिनरल वॉटर)' के विनियामक नमूने में ब्रोमेट (Bromate) की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई थी, जिसके चलते इसे खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 (FSS Act) के तहत 'असुरक्षित' घोषित किया गया।
- रेफरल लैब में भी फेल: जब कंपनी ने इस निष्कर्ष के खिलाफ अपील की, तो नमूना रेफरल फूड लेबोरेटरी भेजा गया। वहां भी पॉली-न्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs) पाए जाने के बाद इसे दोबारा 'असुरक्षित' करार दिया गया। इसके बाद नियामक ने कानून के तहत कानूनी कार्रवाई को हरी झंडी दे दी।
नियामक की सख्त कार्रवाई पर बिसलेरी ने क्या दी सफाई?
मुकदमे की खबर के बाद सोमवार को बिसलेरी इंटरनेशनल ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए अपने उत्पाद को पूरी तरह सुरक्षित बताया है।
- आधिकारिक नोटिस नहीं मिलने का दावा: कंपनी ने कहा कि उसे अब तक ईमेल या हार्ड कॉपी के जरिए एफएसएसएआई का कोई नोटिस नहीं मिला है, न ही वह नियामक की वेबसाइट पर इस तरह के नोटिस को देख पाई है।
- 90 से अधिक जांच का हवाला: कंपनी ने जोर देकर कहा कि पेयजल सुरक्षा बिसलेरी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वह अपनी 10-चरणीय निर्माण प्रक्रिया के दौरान 90 से अधिक कड़े गुणवत्ता परीक्षण (Tests) करती है।
- सहयोग का आश्वासन: बिसलेरी ने दोहराया कि उसका पैकेज्ड पानी उपभोग के लिए पूरी तरह 'सुरक्षित' है और वह इस मामले को सुलझाने के लिए खाद्य नियामक के साथ पूरा सहयोग करेगी।
पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर सेक्टर के लिए इसके क्या मायने हैं?
भारत का पैकेज्ड पेयजल बाजार तेजी से बढ़ रहा है और इसमें स्थापित कॉरपोरेट कंपनियों के साथ-साथ कई क्षेत्रीय खिलाड़ी भी शामिल हैं। एफएसएसएआई द्वारा सभी बड़े ब्रांड्स के सैंपल लिए जाने से साफ है कि यह कार्रवाई किसी एक कंपनी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे उद्योग की सप्लाई चेन और मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस की विनियामक समीक्षा है। ब्रोमेट और पीएएच जैसे तत्वों पर लैब की सख्त निगरानी से आने वाले दिनों में पैकेज्ड वॉटर ब्रांड्स के लिए गुणवत्ता अनुपालन की लागत बढ़ेगी और बाजार में केवल कड़े सुरक्षा मानकों को पूरा करने वाले खिलाड़ी ही टिक पाएंगे।
