Air India: एयर इंडिया-विस्तारा का विलय पूरा; अब 300 विमानों का बेड़ा, 5600 साप्ताहिक उड़ानें, जानें सबकुछ
एयर इंडिया ने मंगलवार को कहा कि पूर्ण सेवा प्रदाता विस्तारा का उसके साथ विलय पूरा हो गया है और एकीकृत इकाई 90 से अधिक गंतव्यों को जोड़ते हुए 5,600 से अधिक साप्ताहिक उड़ानों का परिचालन करेगी। विलय के साथ, विस्तारित एयर इंडिया में सिंगापुर एयरलाइंस की हिस्सेदारी 25.1 प्रतिशत हो जाएगी। आइए जानते हैं एयर इंडिया और विस्तारा के विलय की अहम बातें।
विस्तार
एयर इंडिया में विस्तारा के विलय के बाद टाटा समूह का विमानन कारोबार एक नए स्तर पर पहुंच गया। एयर इंडिया और विस्तारा ने एक बयान जारी कर विलय की प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी है। विलय के बाद एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैंपबेल विल्सन ने कहा कि विस्तारा के एयरलाइन में विलय से एयर इंडिया समूह के निजीकरण के बाद पुनर्गठन चरण पूरा हो गया। विलय के बाद अब एयर इंडिया का बेड़ा भी पहले से कहीं अधिक व्यापक हो गया है।
एयर इंडिया ने विस्तारा की विलय प्रक्रिया पूरी होने की दी जानकारी
एयर इंडिया ने मंगलवार को कहा कि पूर्ण सेवा प्रदाता विस्तारा का उसके साथ विलय पूरा हो गया है और एकीकृत इकाई 90 से अधिक गंतव्यों को जोड़ते हुए 5,600 से अधिक साप्ताहिक उड़ानों का परिचालन करेगी। विलय के साथ, विस्तारित एयर इंडिया में सिंगापुर एयरलाइंस की हिस्सेदारी 25.1 प्रतिशत हो जाएगी।
एक बयान में कहा गया, "एयर इंडिया समूह ने एयर इंडिया और विस्तारा के बीच परिचालन एकीकरण और कानूनी विलय को पूरा कर लिया है, जिससे एयरलाइन एक बड़े पैमाने की पूर्ण-सेवा वाहक कंपनी बन गई है। निजीकरण के बाद के परिवर्तन की यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुई है। यह विलय 1 अक्टूबर 2024 को समूह की कम लागत वाली एयरलाइनों एयर इंडिया एक्सप्रेस और AIX कनेक्ट (पूर्व में एयर एशिया इंडिया) के विलय के बाद हुआ है।"
एयर इंडिया के सीईओ बोले- एयरलाइन के पुनर्गठन का चरण पूरा
विस्तारा टाटा और सिंगापुर एयरलाइंस का संयुक्त उद्यम था। एयर इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैम्पबेल विल्सन ने कहा कि यह विलय एयर इंडिया समूह की निजीकरण के बाद की परिवर्तन यात्रा के समेकन और पुनर्गठन चरण को पूरा करता है और इस प्रकार यह एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने कहा, "पिछले दो वर्षों में, चारों एयरलाइन्स की टीमों ने एक साथ मिलकर तथा अन्य हितधारकों के साथ मिलकर काम किया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि लोगों, परिसंपत्तियों, परिचालनों और सबसे महत्वपूर्ण रूप से ग्राहकों का परिवर्तन यथासंभव सहज हो।"
टाटा समूह ने जनवरी 2022 में सरकारी एयरलाइन एयर इंडिया का किया था अधिग्रहण
टाटा समूह ने जनवरी 2022 में सरकार से घाटे में चल रही एयर इंडिया का अधिग्रहण किया। टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया, जिसने पूर्ण सेवा वाहक विस्तारा को अपने साथ विलय कर लिया है, के पास कुल 67 वाइड बॉडी विमान हैं, जिनमें विस्तारा के सात विमान भी शामिल हैं। एयर इंडिया और विस्तारा की एकीकृत इकाई भारत की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय वाहक और दूसरी सबसे बड़ी घरेलू एयरलाइन है। सूत्रों ने बताया कि कंपनी के पास 210 विमान हैं जो 91 गंतव्यों और 174 मार्गों पर उड़ान भरते हैं तथा इनकी साप्ताहिक उड़ानें लगभग 5,600 हैं। टाटा समूह एयर इंडिया एक्सप्रेस का भी मालिक है, जिसने 1 अक्टूबर को AIX कनेक्ट का भी अपने साथ विलय पूरा कर लिया।
एयर इंडिया, विस्तारा और AIX कनेक्ट की संयुक्त बाजार हिस्सेदारी 29 फीसदी से अधिक
एयर इंडिया के पास 80 नैरो बॉडी और 60 वाइड बॉडी विमानों का बेड़ा है, जबकि विस्तारा के पास 63 नैरो बॉडी और सात वाइड बॉडी विमान हैं। एयर इंडिया एक्सप्रेस के पास 90 नैरो बॉडी विमान हैं। कुल मिलाकर, एयर इंडिया समूह के पास 300 विमान हैं और यह 103 गंतव्यों- 55 घरेलू और 48 अंतर्राष्ट्रीय- के लिए सेवाएं दे रहा है। सूत्रों ने बताया कि वर्तमान में समूह 312 मार्गों पर परिचालन कर रहा है, जिनमें 160 घरेलू और 152 विदेशी मार्ग शामिल हैं। प्रति सप्ताह उड़ानों की कुल संख्या लगभग 8,500 है। समूह के बेड़े में बोइंग 777-300 ईआर, 777-200 एलआर, 787-8, 787-9, ए320 परिवार के विमान और ए350 शामिल हैं। नवीनतम आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सितंबर में एयर इंडिया, विस्तारा और AIX कनेक्ट की घरेलू बाजार हिस्सेदारी 29 प्रतिशत से थोड़ी अधिक थी। समूह अपने परिचालन का विस्तार कर रहा है तथा आने वाले महीनों में और अधिक विमान इसमें शामिल किये जायेंगे।
विस्तारा की नई पहचान 'AI2'
इस बीच, एयर इंडिया के पायलटों ने मंगलवार को उड़ान के दौरान घोषणाएं करते हुए कहा कि आज विस्तारा के विलय के साथ एक बहुत ही विशेष मील का पत्थर है और इस बात पर जोर दिया कि "विस्तारा का विशिष्ट उड़ान के दौरान अनुभव विस्तारा बेड़े में जारी रहेगा"। विस्तारा के बेड़े को विलय के 'AI2' कोड से पहचाना जाएगा। एयर इंडिया की घोषणा के अनुसार, "5,500 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू साप्ताहिक उड़ानों, एक नए महाराजा क्लब लॉयल्टी कार्यक्रम और बढ़ते और बदलते बेड़े के साथ, हम आपको अधिक गंतव्यों और बेहतर यात्रा अनुभव की पेशकश करने के लिए उत्साहित हैं।"