RBI: तीन माह बाद फिर आरबीआई के 6 फीसदी दायरे से बाहर निकल जाएगी खुदरा महंगाई, पढ़ें पूरी खबर
इससे पहले अगस्त, 2023 में खुदरा महंगाई की दर 6.83 फीसदी रही थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि मासिक आधार पर दिसंबर के दौरान कुल कीमतों में सिर्फ 0.11 फीसदी की तेजी देखी गई है।
विस्तार
तीन महीने तक काबू में रहने के बाद खुदरा महंगाई दिसंबर, 2023 में एक बार फिर आरबीआई के छह फीसदी के उच्च दायरे से बाहर निकल सकती है। सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडिया इकनॉमी (सीएमआईई) ने एक रिपोर्ट में दावा किया है कि उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आधारित महंगाई दर दिसंबर में चार महीने के उच्च स्तर 6.25 फीसदी पर पहुंच सकती है। नवंबर, 2023 में यह 5.55 फीसदी रही थी।
इससे पहले अगस्त, 2023 में खुदरा महंगाई की दर 6.83 फीसदी रही थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि मासिक आधार पर दिसंबर के दौरान कुल कीमतों में सिर्फ 0.11 फीसदी की तेजी देखी गई है। इसके बावजूद पिछले साल दिसंबर में कम आधार रहने के कारण दिसंबर, 2023 में सीपीआई आधारित महंगाई बढ़ने की आशंका है।
इन श्रेणियों में भी बढ़ेंगे दाम
अंडा-मछली-मांस की महंगाई दर 2.50 से बढ़कर 3.40 फीसदी पहुंचेगी। चीनी की महंगाई भी बढ़कर 6.81 फीसदी हो जाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक, सीपीआई महंगाई में करीब 40 फीसदी का योगदान देने वाली खाद्य वस्तुओं की महंगाई दिसंबर, 2023 में बढ़कर 10.60 फीसदी तक पहुंच सकती है। नवंबर, 2023 में यह 8.70 फीसदी रही थी। सब्जियों की महंगाई भी बढ़कर 34 फीसदी पहुंच जाएगी, जो नवंबर, 2023 में 17.70 फीसदी रही थी। सब्जियों की कीमतों में तेजी की वजह दिसंबर, 2022 का बेहद कम आधार है।