मंदी की मारः 30 स्टील कंपनियों में लगा ताला, टाटा मोटर्स में उत्पादन ठप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश भर में मंदी की आहट के बाद अब इसकी मार दिखने लगी है। जहां एक तरफ 30 स्टील कंपनियों पर ताला लटक गया है, वहीं दूसरी तरफ टाटा मोटर्स के जमशेदपुर स्थित प्लांट में उत्पादन ठप कर दिया गया है।
गुरुवार को लगा 12 कंपनियों पर ताला
जमशेदपुर के आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित 12 स्टील कंपनियों पर गुरुवार को ताला लग गया। वहीं 30 अन्य कंपनियों पर भी आने वाले दिनों में ताला लग सकता है। यह सभी कंपनियां टाटा मोटर्स को गाड़ियों के कई पार्ट्स सप्लाई करती हैं।
चौथी बार उत्पादन किया ठप
मांग न होने के चलते टाटा मोटर्स ने पिछले महीने से लगातार चौथी बार अपने उत्पादन को ठप कर दिया है। इस बार कंपनी ने गुरुवार से लेकर के शनिवार तक उत्पादन को बंद किया है। वहीं कंपनी में रविवार को छुट्टी रहती है।
कर्मचारियों को 12 दिन की छुट्टी
कंपनी ने अपने संविदा पर रखे गए एक हजार कर्मचारियों को महीने में 12 दिन काम पर आने से मना कर दिया है। वो 12 अगस्त को काम पर आएंगे, जबकि नियमित कर्मचारी पांच अगस्त से नौकरी पर फिर से आएंगे। पिछले दो महीने से कंपनी में केवल 15 दिन काम हो रहा है।
बिजली के दाम में इजाफा
झारखंड सरकार ने बिजली की कीमतों में 38 फीसदी की बढ़ोतरी कर दी है। इस वजह से कंपनियों को अब बिजली पर ज्यादा पैसा चुकाना पड़ रहा है। इससे उनकी लागत भी नहीं निकल पा रही है।
30 हजार लोगों की नौकरी पर संकट
जमशेदपुर, आदित्यपुर में करीब एक हजार स्टील कंपनियां हैं। मंदी और बिजली की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते 30 हजार लोगों की नौकरी पर संकट आ गया है। अगर स्थिति में आने वाले दिनों में सुधार नहीं हुआ तो इन कर्मचारियों के परिवार पर भी असर पड़ने की संभावना है।