एक्सप्लेनर: गोल्ड लोन डिफॉल्ट में दोगुना उछाल, ₹3.74 लाख करोड़ पहुंचा कर्ज; सबसे सुरक्षित कर्ज बाजार दबाव में?
गोल्ड लोन बाजार में तेजी के बीच डिफॉल्ट का अनुपात भी लगभग दोगुना हो गया है। सोने की कीमतों में गिरावट, ईएमआई का दबाव और जोखिम वाले ग्राहकों को कर्ज देने से वित्तीय संस्थानों की चिंता बढ़ी है। ऐसे में गोल्ड लोन लेने वालों को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए? जानिए...
विस्तार
देश के तेजी से बढ़ते गोल्ड लोन सेक्टर में फंसे हुए कर्जों यानी एनपीए की बढ़ती दर ने नियामक और बाजार की चिंता बढ़ा दी है। ट्रांसयूनियन सिबिल के आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2026 के अंत तक गोल्ड लोन का एनपीए अनुपात 0.16% था, जो अगस्त 2026 के अंत तक लगभग दोगुना होकर 0.30% पर पहुंच गया है। आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक, सोने के आभूषणों के बदले बकाया ऋण सितंबर 2026 में सालाना आधार पर 66% बढ़कर 3.74 लाख करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक वर्ष पहले यह 2.25 लाख करोड़ रुपये और सितंबर 2024 में 1.50 लाख करोड़ रुपये था।
इस संकट की मुख्य वजह क्या है?
- सोने की कीमतों में भारी गिरावटः इस तनाव के पीछे सबसे बड़ा कारण सोने की कीमतों में आई भारी गिरावट है। घरेलू बाजार में सोने के भाव जनवरी 2026 के 1.80 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर से 30% से अधिक टूटकर करीब 1.25 लाख रुपये पर आ गए हैं। कीमतों में इस गिरावट से कर्ज के मुकाबले गिरवी रखे सोने की कीमत का अनुपात या लोन-टू-वैल्यू (एलटीवी) बढ़ गया है, जिससे लेंडर्स का सुरक्षा कवच कमजोर हुआ है।
- गंभीर डिफॉल्टर्स को कर्ज: पीरामल फाइनेंस के एमडी और सीईओ जयराम श्रीधरन के अनुसार, वित्त वर्ष 2026 में उद्योग स्तर पर करीब 4.7 लाख करोड़ रुपये के गोल्ड लोन ऐसे ग्राहकों को बांटे गए, जो पहले से ही 90 दिनों से अधिक के डिफॉल्ट में थे। कुल वितरण का लगभग 15% से 23% हिस्सा ऐसे ही ग्राहकों के पास गया।
- नए नियम और ईएमआई का दबाव: पारंपरिक बुलेट रीपेमेंट (अंत में एकमुश्त भुगतान) के बजाय अब मासिक ईएमआई और नियमित ब्याज भुगतान के नए नियमों के साथ तालमेल बिठाने में कर्जदारों को कठिनाई हो रही है।
- एनबीएफसी पर असर: बजाज फाइनेंस के सितंबर तिमाही के आंकड़ों में स्टेज-2 और स्टेज-3 एसेट्स में 1,601 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसमें गोल्ड लोन पोर्टफोलियो का हिस्सा 1,047 करोड़ रुपये रहा।
आगे की राह : आरबीआई ने किया सतर्क
बढ़ते जोखिम को देखते हुए आरबीआई ने एनबीएफसी प्रमुखों के साथ बैठक में गिरती कीमतों और बढ़ते एलटीवी अनुपात पर सतर्कता बरतने की सलाह दी है। दूसरी ओर, रेटिंग एजेंसी क्रिसिल का मानना है कि गोल्ड लोन पोर्टफोलियो की वृद्धि दर वित्त वर्ष 26 के 78% से घटकर चालू वित्त वर्ष में में 40% पर आ सकती है।
गोल्ड लोन लिया है तो क्या करें ग्राहक
अतिरिक्त पैसे की तैयारी रखेंः सोने के दाम घटने से एलटीवी अनुपात बिगड़ सकता है। ऐसे में बैंक या एनबीएफसी आपसे अतिरिक्त सोना गिरवी रखने या कुछ नकद राशि जमा करने को कह सकते हैं।
नीलामी के नोटिस को हल्के में न लें: यदि आपका एलटीवी तय सीमा (75%) से ऊपर जाता है और आप समय पर अंतर की राशि नहीं चुकाते हैं, तो लेंडर गिरवी रखे सोने की नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर सकता है।
ईएमआई और ब्याज पर रखें नजर: डिफॉल्ट से बचने के लिए हर महीने की किस्त समय पर चुकाएं, वरना सिबिल स्कोर खराब हो सकता है।
