धड़ाम हुआ बाजार, 400 अंक फिसला सेंसेक्स, 12,000 के नीचे पहुंचा निफ्टी
- मंगलवार को शेयर बाजार में जोरदार गिरावट देखने को मिल रही है।
- दोपहर 12:45 बजे सेंसेक्स 408.98 अंकों की गिरावट के बाद 40,646.71 के स्तर पर था।
- डॉलर के मुकाबले आज रुपया 71.40 के स्तर पर खुला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को शेयर बाजार में जोरदार गिरावट देखने को मिल रही है। दोपहर 12:45 बजे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 408.98 अंक यानी 1 फीसदी की गिरावट के बाद 40,646.71 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 123.35 अंक यानी 1.02 फीसदी की गिरावट के बाद 11,922.45 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
कोरोनावायरस का आतंक
कोरोनावायरस का आतंक इस कदर छा गया है कि इसकी वजह से शेयर बाजार में जोरदार गिरावट देखी जा रही है। इसके चलते निवेशकों का रुख भी सावधानी भरा बना हुआ है। चीन में घातक कोरोनावायरस से 98 और लोगों की मौत हो जाने से संक्रमण से मरने वालों की संख्या मंगलवार को 1,868 हो गई और अभी तक इसके कुल 72,436 मामलों की पुष्टि हो चुकी है।
40,929.06 के स्तर पर खुला था सेंसेक्स
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 126.63 अंक यानी 0.31 फीसदी की गिरावट के बाद 40,929.06 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 40.55 अंक यानी 0.34 फीसदी की गिरावट के बाद 12,005.25 के स्तर पर खुला था।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज एसबीआई, जी लिमिटेड, इंफोसिस, यस बैंक, कोल इंडिया, हिंदुस्तान युनिलीवर, एचसीएल टेक, इंफ्राटेल, जेएसडब्ल्यू स्टील और ग्रासिम के शेयर हरे निशान पर खुले। वहीं इंडसइंड बैंक, टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, सन फार्मा, यूपीएल, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, अडाणी पोर्ट्स और आईटीसी के शेयर लाल निशान पर खुले।
टेलीकॉम कंपनियों के शेयर में गिरावट
मंगलवार को वोडाफोन आइडिया व भारती एयरटेल के शेयर गिरावट पर खुले। सुबह 9:24 बजे वोडाफोन आइडिया का शेयर 0.35 अंक यानी 10.29 फीसदी की गिरावट के बाद 3.05 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। पिछले कारोबारी दिन यह 3.40 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं एयरटेल का शेयर 1.25 अंक यानी 0.22 फीसदी की गिरावट के बाद 563.60 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। पिछले कारोबारी दिन यह 564.85 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं उच्चतम न्यायालय ने वोडाफोन आइडिया के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। वोडाफोन आइडिया ने एक बयान में एजीआर का सांविधिक बकाया चुकाने का प्रस्ताव रखा था। वोडाफोन आइडिया ने कहा था कि कारोबार का भविष्य सुप्रीम कोर्ट के निर्णय में संशोधन के लिए दायर याचिका के परिणाम पर निर्भर करेगा।
इसलिए आई गिरावट
सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद सोमवार को भारती एयरटेल ने समायोजित सकल आय (एजीआर) में से सरकार को 10,000 करोड़ रुपये जमा कर दिए हैं। वोडाफोन आइडिया ने भी एजीआर के 2,500 करोड़ रुपये जमा किए, जिसके बार इनके शेयरों में गिरावट आई। एयरटेल ने पहले कहा था कि वह 20 फरवरी तक 10,000 करोड़ रुपये जमा करेगी और बकाया राशि का पूरा भुगतान 17 मार्च 2020 तक कर दिया जाएगा। अब कंपनी पर 25,586 करोड़ रुपये का बकाया है।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज मीडिया के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स लाल निशान पर खुले। इनमें प्राइवेट बैंक, एफएमसीजी, ऑटो, रियल्टी, फार्मा, मेटल और पीएसयू बैंक शामिल हैं।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान सुबह 9:10 बजे शेयर मार्केट लाल निशान पर था। सेंसेक्स 13.23 अंक यानी 0.03 फीसदी की गिरावट के बाद 41,042.46 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 17.55 अंक यानी 0.15 फीसदी की गिरावट के बाद 12,028.25 के स्तर पर था।
डॉलर के मुकाबले 71.40 के स्तर पर खुला रुपया
डॉलर के मुकाबले आज रुपया 11 पैसे की गिरावट के बाद 71.40 के स्तर पर खुला। इससे पहले सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 71.29 के स्तर पर बंद हुआ था।
सोमवार को लाल निशान पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 202.05 अंक यानी 0.49 फीसदी की गिरावट के बाद 41,055.69 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 67.65 अंक यानी 0.56 फीसदी की गिरावट के बाद 12,045.80 के स्तर पर बंद हुआ था।
पिछले कारोबारी दिन मामूली बढ़त पर खुला था बाजार
सप्ताह के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार मामूली बढ़त पर खुला था। सेंसेक्स 12.51 अंक यानी 0.03 फीसदी की बढ़त के बाद 41,270.25 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 14.25 अंक यानी 0.12 फीसदी की बढ़त के बाद 12,127.70 के स्तर पर खुला था।